रिटायरमेंट के बाद खर्च की नो टेंशन, FD, Annuity या SWP कौन भरेगा आपकी जेब?

Retirement Income Investment Options: रिटायरमेंट के बाद रेगुलर इनकम के लिए FD, Annuity और SWP में से क्या चुनें? जानें कौन सा निवेश आपको महंगाई और टैक्स से बचाकर देगा सबसे ज्यादा मुनाफा.

Retirement Income Investment Options: ज्यादातर लोग कंफ्यूज रहते हैं कि पैसा बैंक के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में रखें, इंश्योरेंस कंपनी की एन्युइटी (Annuity) में डालें या फिर म्यूचुअल फंड के सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) का रास्ता चुनें. हालांकि ये तीनों ही इनकम का जरिया हैं, लेकिन टैक्स, मुनाफे और जरूरत पड़ने पर पैसा निकालने (Liquidity) के मामले में ये एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं.

क्या FD आज भी सबसे सुरक्षित ऑप्शन है?

फिक्स्ड डिपॉजिट में आप एक तय समय के लिए एकमुश्त रकम जमा करते हैं और बैंक आपको उस पर गारंटीड ब्याज देता है. अगर आप रिस्क बिल्कुल नहीं लेना चाहते और चाहते हैं कि आपका मूल पैसा (Principal) पूरी तरह सुरक्षित रहे, तो FD एक अच्छा चुनाव है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सीनियर सिटीजन्स को बैंक या पोस्ट ऑफिस की FD पर 7 से 7.5 प्रतिशत तक ब्याज मिल सकता है. लेकिन इसकी एक बड़ी कमी यह है कि महंगाई के मुकाबले इसका रिटर्न कम पड़ता है और टैक्स कटने के बाद हाथ में आने वाली रकम काफी घट जाती है. 

एन्युइटी में पैसा ब्लॉक करना कितना सही?

एन्युइटी एक ऐसा प्लान है जहां आप एक बार पैसा जमा करते हैं और इंश्योरेंस कंपनी आपको उम्र भर या एक तय समय तक गारंटीड इनकम देती है. इसका सबसे बड़ा फायदा यही गारंटी है. लेकिन वित्तीय सलाहकारों का कहना है कि इसमें पैसा एक बार फंस गया तो उसे दोबारा निकालना बहुत मुश्किल होता है. साथ ही, जब बाजार में ब्याज दरें कम हों (जैसे कि फिलहाल स्थिति है), तब एन्युइटी में पैसा लॉक करना घाटे का सौदा हो सकता है. यह सिर्फ उन लोगों के लिए है जो बिना किसी झंझट के ताउम्र एक निश्चित रकम चाहते हैं. 

SWP कैसे देता है महंगाई को मात?

म्यूचुअल फंड का SWP यानी सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान आज के समय में काफी पॉपुलर हो रहा है. इसमें आपका पैसा मार्केट में निवेश रहता है और आप अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने एक तय रकम निकालते रहते हैं. इसका सबसे बड़ा प्लस पॉइंट यह है कि बचा हुआ पैसा निवेशित रहता है और समय के साथ बढ़ता भी है, जिससे महंगाई से लड़ने में मदद मिलती है. एक्सपर्ट रोनक मोरजारिया के अनुसार, अगर आप थोड़ा रिस्क ले सकते हैं और आपका नजरिया 5-6 साल का है, तो SWP टैक्स के लिहाज से भी और जरूरत पर पैसा निकालने की आजादी (Liquidity) के मामले में भी बेस्ट है. 

आखिर आपको कहां निवेश करना चाहिए?

सही फैसला आपकी जरूरत पर निर्भर करता है. अगर आप पर टैक्स की देनदारी नहीं है और सुरक्षा आपकी पहली प्राथमिकता है, तो FD चुनें. अगर आप चाहते हैं कि आपका पैसा भी बढ़े और टैक्स भी कम देना पड़े, तो SWP बेहतर है. वहीं, अगर आपको लिक्विडिटी की परवाह नहीं है और बस एक फिक्स इनकम की गारंटी चाहिए, तो एन्युइटी पर विचार करें. निवेश से पहले यह जरूर देखें कि आपको पैसा कब चाहिए और आप कितना रिस्क उठा सकते हैं. 

ये भी पढ़ें: रेलवे और पोस्ट ऑफिस की तरह क्या बैंकर्स की भी बढ़ेगी सैलरी? जानें क्या कहते हैं नियम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >