RBI Payments Vision 2028: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भविष्य के डिजिटल लेनदेन को लेकर अपना नया रोडमैप ‘पेमेंट्स विजन 2028’ जारी कर दिया है. 27 मार्च 2026 को पेश किए गए इस डॉक्यूमेंट का सीधा असर आपकी जेब और बैंकिंग के तरीके पर पड़ेगा. इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल पेमेंट को तेज, भरोसेमंद और फ्रॉड से मुक्त बनाना है.
क्या अब कागज वाले चेक बंद हो जाएंगे?
RBI अब ट्रेडिशनल कागजी चेक की जगह ‘ई-चेक’ (Electronic Cheques) लाने की तैयारी कर रहा है. इसमें पुराने चेक वाली खूबियां तो होंगी, लेकिन यह डिजिटल रफ्तार से काम करेगा. इससे चेक क्लियर होने में लगने वाला समय कम होगा और फर्जीवाड़े की गुंजाइश भी खत्म हो जाएगी. साथ ही, ई-कॉमर्स कंपनियों और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी अब RBI की कड़ी नजर रहेगी ताकि ग्राहकों का पैसा कहीं न फंसे.
क्या पेमेंट ऐप्स को भी ‘ऑन-ऑफ’ कर सकेंगे?
धोखाधड़ी रोकने के लिए RBI एक शानदार फीचर लाने वाला है. जैसे अभी आप अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड को ऐप के जरिए कभी भी ‘ऑन या ऑफ’ कर सकते हैं, वैसी ही सुविधा अब UPI और नेट बैंकिंग के लिए भी मिलेगी. जब आप ट्रांजैक्शन नहीं कर रहे हों, तो उसे बंद कर दें सकते हैं. इससे कोई भी आपके अकाउंट से बिना मर्जी के पैसे नहीं निकाल पाएगा.
फ्रॉड होने पर अब जिम्मेदारी किसकी होगी?
डिजिटल फ्रॉड के मामलों में अब ग्राहकों को राहत मिलेगी. RBI एक ‘शेयर्ड लायबिलिटी फ्रेमवर्क’ लाने पर विचार कर रहा है. इसके तहत, अगर कोई अनधिकृत (unauthorised) ट्रांजैक्शन होता है, तो केवल ग्राहक का बैंक ही नहीं, बल्कि जिस बैंक के खाते में पैसा गया है, वह भी बराबर का जिम्मेदार होगा. इससे फ्रॉड की रिकवरी आसान हो सकेगी.
बैंक बदलना क्या अब और आसान होगा?
RBI एक ‘पेमेंट्स स्विचिंग सर्विस’ शुरू करने जा रहा है. इसका मतलब है कि अगर आप अपना बैंक बदलना चाहते हैं, तो ये प्रोसेस अब मोबाइल सिम पोर्ट करने जितनी आसान हो सकती है. इसके अलावा, विदेश में पैसा भेजना सस्ता और तेज होगा, और आधार से जुड़े पेमेंट (AePS) को भी ज्यादा सुरक्षित बनाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: अगले हफ्ते 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, यहां देखें पूरी लिस्ट
