PAN Card Property Rules: अगर आप अपने लिए कोई नया घर, फ्लैट या प्लॉट खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है. केंद्र सरकार प्रॉपर्टी खरीदारों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है. आयकर विभाग ने नए नियमों का एक ड्राफ्ट पेश किया है, जिसके लागू होने के बाद प्रॉपर्टी के सौदों में कागजी कार्रवाई काफी कम हो जाएगी.
क्या बदल रहा है नियम?
अभी के नियमों के अनुसार, अगर आप 10 लाख रुपये से ज्यादा की कीमत वाली कोई भी प्रॉपर्टी खरीदते या बेचते हैं, तो पैन कार्ड देना अनिवार्य होता है. लेकिन अब सरकार इस सीमा को बढ़ाने पर विचार कर रही है. नए प्रस्ताव के तहत, ये सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये की जा सकती है.
20 लाख से कम की प्रॉपर्टी पर क्या असर होगा?
अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता है, तो 1 अप्रैल 2026 से आप 20 लाख रुपये से कम कीमत वाली प्रॉपर्टी बिना पैन कार्ड के खरीद या बेच सकेंगे. हालांकि, 20 लाख रुपये या उससे ज्यादा के सौदों के लिए पैन कार्ड की जानकारी पहले की तरह ही जरूरी बनी रहेगी.
सरकार यह राहत क्यों दे रही है?
पिछले कुछ सालों में प्रॉपर्टी की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. सरकार का मानना है कि पुराने नियमों को मौजूदा समय के हिसाब से बदलना जरूरी है. इस ढील से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और कागजी कार्यवाही का बोझ कम होगा.
टैक्स चोरी पर कैसे लगेगी लगाम?
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि टैक्स विभाग नजर नहीं रखेगा. टैक्स एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बड़े सौदों जो 20 लाख से ऊपर हैं, उनमें में पैन की जरूरत बनी रहेगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संपत्ति खरीदार की घोषित आय के अनुसार ही खरीदी जा रही है. इससे टैक्स चोरी रोकने में मदद मिलती है.
ये भी पढ़ें: आज रात ठीक 12 बजे से बदल जाएंगे कई नियम! WhatsApp, रेलवे टिकट, LPG, UPI और बैंकिंग में बड़े बदलाव
