NSE और IGX की बड़ी पार्टनरशिप, अब भारत में होगी नेचुरल गैस की स्मार्ट ट्रेडिंग

NSE IGX Gas Derivatives: भारत में अब नेचुरल गैस की ट्रेडिंग घरेलू रेट्स पर होगी. NSE और IGX की इस साझेदारी को SEBI से मंजूरी मिल गई है, जिससे गैस मार्केट में बड़ी ट्रांसपेरेंसी आएगी.

NSE IGX Gas Derivatives: भारत के एनर्जी सेक्टर के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इंडियन गैस एक्सचेंज (IGX) के साथ साझेदारी की घोषणा की है. इस डील के तहत अब देश में नेचुरल गैस (Natural Gas) के दामों पर आधारित नए ‘डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स’ लॉन्च किए जाएंगे. आसान भाषा में कहें तो, अब गैस की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से निपटने के लिए व्यापारियों के पास एक मजबूत और भरोसेमंद जरिया होगा.

क्या है यह नया समझौता?

ANI की रिपोर्ट के अनुसार, NSE और IGX मिलकर भारत के पहले ऐसे ‘गैस फ्यूचर्स’ (Gas Futures) शुरू करने जा रहे हैं, जिनकी कीमत सीधे भारतीय गैस मार्केट (IGX) के बेंचमार्क ‘GIXI’ से जुड़ी होगी. अब तक गैस की कीमतों के लिए अक्सर विदेशी बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब भारतीय बाजार के अपने रेट्स होंगे. NSE को इसके लिए सेबी (SEBI) से मंजूरी भी मिल गई है.

आम कारोबारियों को क्या फायदा होगा?

गैस के बिजनेस से जुड़े लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती कीमतों का अचानक घटना या बढ़ना होती है. इस नई व्यवस्था से व्यापारियों, निवेशकों और ब्रोकर्स को एक ट्रांसपेरेंट मंच मिलेगा. इससे वे अपना रिस्क मैनेज कर पाएंगे. यानी, अगर भविष्य में गैस के दाम बदलते हैं, तो इन कॉन्ट्रैक्ट्स के जरिए वे अपने नुकसान की भरपाई कर सकेंगे. 

क्यों खास है यह पहल?

NSE के बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर श्रीराम कृष्णन का कहना है कि यह कदम भारत के गैस इकोसिस्टम को मजबूत बनाएगा. पहली बार भारत में किसी घरेलू बेंचमार्क पर आधारित एनर्जी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट लॉन्च हो रहा है. इससे न केवल मार्केट में कैश का फ्लो (Liquidity) बढ़ेगा, बल्कि गैस की खरीद-बिक्री में ज्यादा ट्रांसपेरेंसी आएगी.

कब से शुरू होगी यह सुविधा?

तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और SEBI की हरी झंडी भी मिल गई है. NSE जल्द ही इन कॉन्ट्रैक्ट्स को शुरू करने की तारीख का ऐलान करेगा. यह कदम भारत को एक कंपटीटर और विकसित गैस मार्केट बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. 

ये भी पढ़ें: सऊदी अरब के कारण बढ़े कमर्शियल सिलेंडर के दाम, सरकार ने बताया हिसाब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >