L and T के शेयरों में जबरदस्त रिकवरी, दो दिनों में निवेशकों को मिला तगड़ा मुनाफा

Larsen and Toubro Share Price: शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी रही और सेंसेक्स 1205 अंक उछलकर 75,273 पर बंद हुआ. इस बढ़त में L&T के शेयरों का बड़ा हाथ रहा, जो असम से मिले ₹2500 करोड़ के ऑर्डर के बाद दो दिन में 10% तक चढ़ गए हैं.

Larsen and Toubro Share Price: 25 मार्च बुधवार का दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए बढ़िया साबित हुआ. बाजार बंद होने तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज(BSE) का सेंसेक्स 1205 अंकों की छलांग लगाकर 75,273 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज(NSE) का निफ्टी 394 अंकों की मजबूती के साथ 23,306 के स्तर पर बंद हुआ. बाजार की इस शानदार रिकवरी ने निवेशकों के पोर्टफोलियो में भारी इजाफा किया है.

L&T के शेयरों में दो दिन में 10% की तेजी

मार्केट की इस दौड़ में इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन दिग्गज L&T (लार्सन एंड टुब्रो) का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा. मंगलवार को 6% की बढ़त के बाद बुधवार को भी यह शेयर 4% उछलकर 3,659.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ. सिर्फ दो दिनों के भीतर ही कंपनी के स्टॉक में लगभग 10% की तेजी देखी गई है, जो निवेशकों के लिए बड़ा मुनाफा लेकर आई है.

असम से मिला करोड़ों का ऑर्डर

एलएंडटी के शेयरों में आई इस तेजी के पीछे एक बड़ा वर्क ऑर्डर है. कंपनी को असम के गुवाहाटी महानगर पेयजल एवं सीवरेज बोर्ड से एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट मिला है. हालांकि ऑर्डर की सटीक कीमत का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन कंपनी के वर्गीकरण के अनुसार यह 1,000 करोड़ से 2,500 करोड़ रुपये के बीच का है. इस प्रोजेक्ट के तहत गुवाहाटी के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में 24×7 सुरक्षित पानी की सप्लाई के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा.

मिडल ईस्ट तनाव का असर हुआ खत्म

पिछले कुछ समय से अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण L&T के शेयरों पर दबाव था. मिडिल ईस्ट में कंपनी की बड़ी मौजूदगी की वजह से पिछले एक महीने में इसके शेयर 15% तक गिर गए थे. लेकिन अब कंपनी ने साफ कर दिया है कि वहां तनाव के बावजूद 95% प्रोजेक्ट्स सामान्य रूप से चल रहे हैं. सऊदी अरब, यूएई और कतर जैसे देशों में कंपनी के 100 से ज्यादा साइट्स पर काम जारी है, जिससे निवेशकों का भरोसा फिर से लौटा है.

विदेशी मार्केट में L&T का दबदबा

L&T के लिए पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) का बाजार बेहद महत्वपूर्ण है. आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2025 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 40% थी. वहीं, अगर सिर्फ अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर्स की बात करें, तो उनमें मिडिल ईस्ट का योगदान 75% है. यही कारण है कि वहां से सकारात्मक संकेत मिलते ही शेयरों में खरीदारी बढ़ गई है.

Also Read: अब बदल जाएगा ऑनलाइन पेमेंट का पूरा प्रॉसेस, 1 अप्रैल से लागू होगा RBI का 2FA नियम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >