UPI Overdraft for Rural Women: ग्रामीण भारत की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) ने एक बड़ा कदम उठाया है. अब स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए सीधे UPI के जरिए ओवरड्राफ्ट (Overdraft) सुविधा का लाभ उठा सकेंगी. इस डिजिटल सुविधा के शुरू होने से अब महिलाओं को चंद रुपयों के लिए बैंक के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे.
क्या है यह ओवरड्राफ्ट सुविधा?
बैंक की इस नई सेवा के तहत, पात्र महिलाएं 5000 रुपये तक की नकद सहायता तुरंत प्राप्त कर सकती हैं. यह सुविधा विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए है जिनके पास ‘प्रधानमंत्री जन धन योजना’ के तहत बैंक खाते हैं. अगर खाते में बैलेंस शून्य भी हो, तब भी वे इस लिमिट का इस्तेमाल कर सकती हैं.
मोबाइल बनेगा बैंक लंबी लाइनों से मुक्ति
इस पहल की सबसे बड़ी खूबी इसका डिजिटल होना है. अब महिलाओं को लोन की अर्जी देने या लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी.
- बैंक इस ओवरड्राफ्ट राशि को सीधे महिला के UPI ऐप से लिंक कर देगा.
- महिलाएं इस पैसे का इस्तेमाल किसी को पेमेंट करने या सीधे ट्रांसफर करने के लिए कर सकेंगी.
- पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और पूरी तरह पेपरलेस होगी.
सेल्फ एंप्लॉयमेंट और घरेलू जरूरतों में मिलेगी मदद
ग्रामीण क्षेत्रों में छोटा-मोटा कारोबार करने वाली महिलाओं के लिए यह ₹5000 की राशि काफी मददगार साबित हो सकती है. अचानक आई किसी इमरजेंसी या कच्चे माल की खरीदारी के लिए अब उन्हें किसी साहूकार पर निर्भर नहीं रहना होगा. बैंक ऑफ बड़ौदा की इस स्कीम से महिलाओं का समय भी बचेगा और वे बैंकिंग सिस्टम से और मजबूती से जुड़ेंगी.
Also Read: अब घर बैठे बनवाएं बच्चों का माइनर PAN कार्ड, जानें ऑनलाइन अप्लाई करने का पूरा प्रोसेस
