Cigarette Price Hike: आईटीसी (ITC Ltd) ने एक बार फिर अपने कुछ बड़े ब्रांड्स की कीमतें बढ़ा दी हैं. डीलरशिप चेक और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई बढ़ी हुई कीमतों वाले पैक्स अब बाजार में मिलने शुरू हो गए हैं
टैक्स में बदलाव के बाद कंपनी लगातार अपने ब्रांड्स के दाम रिवाइज कर रही है. आइए समझते हैं कि इस बार कीमतें कितनी बढ़ी हैं और जेब पर इसका कितना असर पड़ेगा.
किन सिगरेट पैकेटों के दाम कितने बढ़े?
कंपनी ने क्लासिक कनेक्ट और गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार के MRP में बढ़ोतरी की है.
| ब्रांड नेम | पैकेट का साइज | पुरानी कीमत | नई कीमत | बढ़ोतरी (रुपये में) | बढ़ोतरी (% में) |
| क्लासिक कनेक्ट | 20 सिगरेट | ₹390 | ₹428 | ₹38 | 9.74% |
| गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार | 10 सिगरेट | ₹79 | ₹89 | ₹10 | 12.66% |
कीमतों में बार-बार इजाफा क्यों हो रहा है?
इस साल 1 फरवरी से सरकार ने तंबाकू उत्पादों पर टैक्स स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव किया था. सिगरेट पर 40% GST लगाने के साथ-साथ नया एडिशनल एक्साइज ड्यूटी स्ट्रक्चर लागू किया गया.
टैक्स का यह नया बोझ कंपनियों की जेब पर न पड़े, इसीलिए आईटीसी जैसी कंपनियां लगातार अपने प्रॉडक्ट्स के दाम बढ़ा रही हैं. इस साल के दौरान कीमतों में कई बार बढ़ोतरी देखी गई है:
- फरवरी में: क्लासिक कनेक्ट (20 पैकेट) की कीमत पहले ₹300 से बढ़कर ₹360 हुई, फिर ₹390 तक पहुंच गई. वहीं, गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार (10 पैकेट) का दाम ₹59 से बढ़कर ₹70 हुआ.
- मई में: आईटीसी ने छोटे और कम दाम वाले पैकेट्स पर फिर रेट बढ़ाए, जिससे गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार ₹70 से बढ़कर ₹79 हो गया.
- अब (ताजा बढ़ोतरी): अब इसी गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार का दाम ₹89 और क्लासिक कनेक्ट का दाम ₹428 हो गया है.
क्या इससे सिगरेट की बिक्री पर कोई फर्क पड़ेगा?
कीमतें बढ़ाने से कंपनी को टैक्स के नए बोझ से राहत तो मिलती है, लेकिन इससे सिगरेट की मांग घटने का खतरा भी रहता है. ब्रोकरेज फर्म नोमुरा का कहना है कि आईटीसी ने यह कदम भले ही टैक्स के असर को कम करने के लिए उठाया हो, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों की वजह से सिगरेट की बिक्री (वॉल्यूम) पर असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: चावल पर महंगाई की मार, बासमती से आम चावल के दामों में 25% तक का उछाल
