Credit Card Rules: आज के दौर में क्रेडिट कार्ड हर किसी की जेब का हिस्सा बन चुका है. शॉपिंग से लेकर टिकट बुकिंग तक, यह बड़े काम आता है. लेकिन मुसीबत तब शुरू होती है जब बिल भरने का वक्त आता है और बैंक बैलेंस जीरो होता है. ऐसे में कई लोगों को डर सताता है कि क्या बिल न चुकाने पर पुलिस उन्हें पकड़ ले जाएगी? आइए, इस डर के पीछे की सच्चाई और कानूनी नियमों को आसान भाषा में समझते हैं.
क्या बिल न भरना कोई अपराध है?
सबसे पहले यह जान लीजिए कि क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर न चुकाना कोई क्रिमिनल ऑफेंस (आपराधिक अपराध) नहीं है. यह पूरी तरह से पैसों के लेनदेन यानी सिविल मामला होता है. अगर आप पेमेंट मिस करते हैं, तो बैंक आपको रिमाइंडर भेजेगा, फोन करेगा या ईमेल के जरिए सूचना देगा. यदि मामला बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो बैंक सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकता है. कोर्ट बकाया वसूली का आदेश दे सकता है, लेकिन सिर्फ बिल न भरने की वजह से आपको जेल नहीं भेजा जा सकता.
जेल जाने की नौबत कब आती है?
सिर्फ बिल डिफॉल्ट पर जेल नहीं होती, लेकिन अगर मामला धोखाधड़ी (Fraud) का हो, तो स्थिति बदल सकती है. पुलिस कार्रवाई तब हो सकती है जब:
- आपने कार्ड लेते समय फर्जी दस्तावेज (Fake Documents) दिए हों.
- अपनी आय (Income) के बारे में गलत जानकारी दी हो.
- आपकी नीयत शुरू से ही बैंक को चूना लगाने की रही हो.
- अगर बैंक यह साबित कर दे कि आपने जानबूझकर धोखाधड़ी की है, तब यह मामला आपराधिक बन जाता है और गिरफ्तारी की संभावना बन सकती है.
जेल नहीं तो क्या होगा नुकसान?
भले ही आपको जेल न हो, लेकिन क्रेडिट कार्ड का बिल न चुकाना आपके भविष्य के लिए बहुत महंगा साबित हो सकता है:
- एक बार भी पेमेंट मिस होने पर आपका सिबिल (CIBIL) स्कोर तेजी से गिरता है. इसका मतलब है कि भविष्य में आपको होम लोन या कार लोन मिलने में भारी दिक्कत आएगी.
- क्रेडिट कार्ड पर लगने वाला ब्याज बहुत ज्यादा होता है. देरी होने पर लेट फीस और पेनल्टी जुड़कर आपकी छोटी सी रकम को भी लाखों में बदल सकती है.
- लंबे समय तक पेमेंट न करने पर बैंक रिकवरी एजेंटों की मदद लेता है. हालांकि उनके लिए भी नियम तय हैं, लेकिन बार-बार आने वाले कॉल्स आपकी मानसिक शांति छीन सकते हैं.
Also Read: 1 अप्रैल से HRA क्लेम के बदल जाएंगे नियम, अब मकान मालिक के साथ रिश्ता बताना होगा जरूरी
