अगस्त का महीना शेयर बाजार के इन्वेस्टर्स के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है. एक-दो नहीं, बल्कि दर्जन से ज्यादा कंपनियां अपना IPO (Initial Public Offering) लाने की तैयारी में हैं. इनमें क्विक कॉमर्स कंपनी Zepto, लॉजिस्टिक्स प्लेटफॉर्म Shiprocket और Truhome Finance जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन सभी कंपनियों के IPO के जरिए कुल मिलाकर ₹25,000 करोड़ से ज्यादा जुटाने का लक्ष्य है. बाजार के जानकारों का मानना है कि बेहतर होते मार्केट सेंटिमेंट की वजह से कंपनियां अब तेजी से फंड जुटाने की तैयारी कर रही हैं.
IPO की इतनी चर्चा क्यों हो रही है?
IPO के जरिए कोई भी कंपनी पहली बार आम इन्वेस्टर्स को अपने शेयर खरीदने का मौका देती है. अगस्त में आने वाले बड़े IPO इस बात का संकेत हैं कि कंपनियां बाजार के मौजूदा माहौल को अपने पक्ष में मान रही हैं. वहीं इन्वेस्टर्स के पास भी अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों में इन्वेस्ट करने का ऑप्शन मिलेगा.
कौन-कौन सी बड़ी कंपनियां ला रही हैं IPO?
अगस्त में जिन कंपनियों के IPO पर सबसे ज्यादा नजर रहेगी, उनमें ये नाम शामिल हैं.
| कंपनी | IPO का आकार |
| जेप्टो | ₹8,010 करोड़ तक |
| ट्रूहोम फाइनेंस | ₹3,000 करोड़ |
| एलिवेट कैंपस | ₹2,550 करोड़ |
| शिपरॉकेट | ₹2,342.35 करोड़ |
| इनोवेटिव्यू इंडिया | ₹2,000 करोड़ तक |
| मिल्की मिस्ट डेयरी फ़ूड | ₹1,553 करोड़ |
जेप्टो का IPO सबसे बड़ा माना जा रहा है. कंपनी ₹8,010 करोड़ तक जुटाने की योजना बना रही है. इसमें फ्रेश इश्यू के साथ 11.34 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) भी शामिल होगा.
वहीं ट्रूहोम फाइनेंस का ₹3,000 करोड़ का IPO फ्रेश इश्यू और OFS, दोनों का मिश्रण होगा. एलिवेट कैंपस पूरी तरह फ्रेश इश्यू के जरिए ₹2,550 करोड़ जुटाना चाहती है. शिपरॉकेट के IPO में ₹1,100 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹1,242.35 करोड़ का OFS शामिल रहेगा.
और कौन सी कंपनियां लाइन में हैं?
इन बड़ी कंपनियों के अलावा कई अन्य कंपनियां भी शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही हैं. इनमें शामिल हैं:
- धूट ट्रांसमिशन
- आर्किल (ARCIL)
- आर्डे इंडस्ट्रीज
- गजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट
- रेज ऑफ बिलीफ
- हाई-टेक इंजीनियर्स
- शंखेश ज्वैलर्स
- लर्नफ्लुएंस एजुकेशन
2026 में अब तक कितने IPO आए?
अब तक 2026 में 36 कंपनियां IPO लॉन्च कर चुकी हैं, जिनमें सिर्फ जुलाई में 9 IPO शामिल हैं. इसके अलावा Manipal Health Enterprises और Juniper Green Energy अपने IPO क्रमशः 29 जुलाई और 30 जुलाई को खोलने वाली हैं. वहीं MV Electrosystems भी अगले सप्ताह अपना IPO लॉन्च करने की तैयारी में है.
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले महीनों में भी IPO का सिलसिला मजबूत रह सकता है. हालांकि उनका यह भी कहना है कि अब इन्वेस्टर्स कंपनियों की वैल्यूएशन को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क हो गए हैं. ऐसे में हर IPO को पहले अच्छी तरह समझना और उसके बाद ही इनवेस्ट करने का फैसला लेना समझदारी होगी.
ये भी पढ़ें: 5 दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में जोरदार वापसी, सेंसेक्स 550 अंक चढ़ा, निफ्टी 23900 के पार
