चिप वाला ई-पासपोर्ट कैसे बनवाएं? रजिस्ट्रेशन से लेकर डिलीवरी तक, यहां देखें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

e-Passport: भारतीयों के लिए अब विदेश यात्रा होगी और भी आसान. पासपोर्ट सेवा 2.0 के तहत पेश है हाई-टेक ई-पासपोर्ट, जिसमें लगी स्मार्ट चिप आपकी पहचान को डिजिटली सुरक्षित रखेगी. आसान ऑनलाइन प्रक्रिया और बेहतर बायोमेट्रिक सुरक्षा के साथ, अब इमिग्रेशन पर नहीं लगेगी लंबी लाइन. जानें इसे बनवाने का पूरा तरीका.

e-Passport: डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए अब देश में ई-पासपोर्ट जारी किए जा रहे हैं. पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 के तहत शुरू हुई इस पहल का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सफर को अधिक सुरक्षित, तेज और पेपरलेस बनाना है. इसमें लगी स्मार्ट तकनीक इमिग्रेशन प्रक्रिया में लगने वाले समय को काफी कम कर देगी.

क्या है ई-पासपोर्ट और यह कैसे काम करता है?

ई-पासपोर्ट दिखने में तो आपके पुराने नीले पासपोर्ट जैसा ही होगा, लेकिन इसके कवर के भीतर एक रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) चिप और एक छोटा एंटीना लगा होता है.

  • इस चिप में आपकी फोटो, उंगलियों के निशान (Biometrics) और व्यक्तिगत जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित रहती है.
  • ई-पासपोर्ट के फ्रंट कवर पर नीचे की तरफ एक छोटा ‘गोल्डन चिप’ का लोगो बना होता है, जो इसकी असल पहचान है.
  • इसे टेम्पर (छेड़छाड़) करना नामुमकिन है, जिससे डेटा चोरी या फर्जीवाड़े का खतरा खत्म हो जाता है.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

ई-पासपोर्ट के लिए आपको वही बेसिक डॉक्यूमेंट्स चाहिए जो सामान्य पासपोर्ट के लिए लगते हैं:

  • आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी.
  • बिजली का बिल, पानी का बिल या बैंक पासबुक.
  • 10वीं की मार्कशीट या जन्म प्रमाण पत्र.
  • यदि आप रिन्यू करवा रहे हैं, तो पुराना पासपोर्ट साथ रखें.
  • सभी दस्तावेजों की ओरिजिनल कॉपी और उनकी फोटोकॉपी साथ ले जाना अनिवार्य है.

ई-पासपोर्ट बनवाने का स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

अब आपको दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी है:

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट passportindia.gov.in पर जाकर अपना नया अकाउंट बनाएं.
  • लॉगिन करने के बाद ‘Apply for Fresh/Re-issue Passport’ पर क्लिक करें और अपनी जानकारी ध्यान से भरें.
  • ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करें और अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) के लिए अपॉइंटमेंट बुक करें.
  • तय समय पर केंद्र पहुँचें, जहाँ आपके बायोमेट्रिक्स और दस्तावेजों की जांच होगी.
  • पुलिस वेरिफिकेशन सफल होने के बाद, आपका हाई-टेक ई-पासपोर्ट सीधा आपके घर के पते पर पोस्ट कर दिया जाएगा.

Also Read: रिटायर्ड कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, अब मिलेगी पहले से डबल पेंशन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >