Gold Price Today: सोना तीसरे दिन भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर, चांदी में तेजी, जानें क्या चल रही है कीमत

Gold Price Today: त्योहार के सीजन में सोने की कीमत और तेज होते जा रही है. बाजार के जानकारों की मानें तो साल के अंत तक इसका भाव और ऊपर जानें की उम्मीद है.

Gold Price Today: यदि आपके घर में शादी है और आपने गहने नहीं खरीदें तो जल्दी कीजिए क्योंकि सोने की कीमत में लगातार तेजी देखी जा ही है. जी हां…आभूषण विक्रेताओं की सतत लिवाली के बीच दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 50 रुपये की तेजी के साथ एक नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है. यह लगातार तीसरा कारोबारी सत्र है जब सोने में तेजी देखने को मिली.

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 50 रुपये बढ़कर 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के ताजा हाई लेबल पर पहुंच गई. इससे पहले गुरुवार को सोना 78,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं औद्योगिक इकाइयों और सिक्का विनिर्माताओं की ताजा मांग के कारण चांदी भी 500 रुपये उछलकर 94,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. पिछले कारोबार में यह 94,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.

क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?

बाजार सूत्रों ने कहा कि त्योहारों और शादी-ब्याह की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ओर से बढ़ी खरीदारी तथा विदेशी बाजारों में मजबूत रुख के कारण सोने की कीमतें इस साल के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गईं. उन्होंने कहा कि इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के इस रुख के कारण भी सर्राफा कीमतों में तेजी आई कि वे इस साल ब्याज दर में कटौती की आक्रामक गति बनाए रखेंगे.

Read Also : Gold Price Today: सोना हो गया बहुत महंगा, चांदी में भी उछाल, जानें आज की कीमत

एमसीएक्स के वायदा कारोबार में सोने की कीमत में गिरावट

इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा कारोबार में अक्टूबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 181 रुपये की गिरावट के साथ 75,206 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी अनुबंधों की कीमत 142 रुपये की गिरावट के साथ 92,522 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिंस बाजार में सोना 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,687.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा. एशियाई कारोबारी घंटों में वैश्विक स्तर पर चांदी भी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 32.23 डॉलर प्रति औंस पर रही.

कमजोर हाजिर मांग से सोना वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर हाजिर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे वायदा कारोबार में शुक्रवार को सोने की कीमत 173 रुपये की गिरावट के साथ 75,214 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 173 रुपये यानी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,214 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. इसमें 3,683 लॉट का कारोबार हुआ. बाजार विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के कारण सोना वायदा कीमतों में गिरावट आई. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,693 डॉलर प्रति औंस रह गया.
(इनपुट पीटीआई)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >