शादी के सीजन में डिमांड घटने से 1,750 रुपये टूटा सोना, चांदी 2,700 रुपये लुढ़की

Gold Price: डॉलर इंडेक्स में मजबूती के कारण कॉमेक्स पर कीमतें 2,600 डॉलर से नीचे बनी रहीं, जिससे सोने पर दबाव बना रहा. एमसीएक्स में सोना गिरकर 10 अक्टूबर के बाद पहली बार 75,000 रुपये से नीचे आ गया. मौजूदा गिरावट का रुझान बताता है कि आगे भी कमजोरी बनी रह सकती है.

Gold Price: शादी के सीजन में मांग घटने से बहुमूल्य पीली धातु सोना करीब 1,750 रुपये टूट गया है. वहीं, चांदी की कीमत भी करीब 2,700 रुपये लुढ़क गई. ऑल इंडिया बुलियन एसोसिएशन (एआईबीए) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार 12 नवंबर 2024 को आभूषण विक्रेताओं की सुस्त मांग और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण सोने-चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही.

दिल्ली में सोना-चांदी सस्ता

एआईबीए ने कहा कि दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,750 रुपये की गिरावट के साथ 77,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. सोमवार को यह 79,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी. 99.5% शुद्धता वाले सोने का भाव 1,750 रुपये गिरकर 77,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. सोमवार को सोने की कीमत 79,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी. वहीं, चांदी की कीमत भी 2,700 रुपये की गिरावट के साथ 91,300 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि इसका पिछला बंद भाव 94,000 रुपये प्रति किलोग्राम था.

एमसीएक्स में पहली बार सोना 75,000 रुपये से आया

एलकेपी सिक्योरिटीज के जिंस और मुद्रा शोध विश्लेषक उपाध्यक्ष जतिन त्रिवेदी ने कहा कि डॉलर इंडेक्स में मजबूती के कारण कॉमेक्स पर कीमतें 2,600 डॉलर से नीचे बनी रहीं, जिससे सोने पर दबाव बना रहा. एमसीएक्स में सोना गिरकर 10 अक्टूबर के बाद पहली बार 75,000 रुपये से नीचे आ गया. उन्होंने कहा कि मौजूदा गिरावट का रुझान बताता है कि आगे भी कमजोरी बनी रह सकती है. अगर कॉमेक्स सोना 2,600 डॉलर से नीचे रहता है और आगामी सत्रों में 2,500 डॉलर के स्तर को छूता है, तो कीमतें 72,000 रुपये तक गिर सकती हैं.

सोने की वायदा कीमतों में भी गिरावट

कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच वायदा कारोबार में मंगलवार को सोने की कीमत 282 रुपये की गिरावट के साथ 75,069 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध का भाव 282 रुपये यानी 0.37% की गिरावट के साथ 75,069 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया. इसमें 10,582 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.18% की गिरावट के साथ 2,613.10 डॉलर प्रति औंस रह गया.

इसे भी पढ़ें: Exclusive: खास बातचीत में बोले अमित शाह, घुसपैठियों को BJP करेगी डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट

वायदा बाजार में चांदी का भाव गिरा

कमजोर हाजिर मांग के बीच कारोबारियों की ओर से अपने सौदों का आकार घटाने से वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 699 रुपये की गिरावट के साथ 88,483 रुपये प्रति किग्रा रह गई. एमसीएक्स में चांदी के दिसंबर महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 699 रुपये यानी 0.78% की गिरावट के साथ 88,483 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. इसमें 24,263 लॉट का कारोबार हुआ. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 0.48 प्रतिशत की हानि के साथ 30.47 डॉलर प्रति औंस रह गई.

इसे भी पढ़ें: रोजाना 1500 का ड्राईफ्रूट खाता है 28 करोड़ का भैंसा, पुष्कर मेले में मचा रहा धूम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >