Lakhpati Bitiya Yojana 2026: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की बेटियों की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. राज्य में सालों से चल रही ‘लाडली योजना’ को अब और भी बेहतर स्वरूप दिया जा रहा है. 1 अप्रैल 2026 से राजधानी में लखपति बिटिया योजना प्रभावी हो जाएगी. कैबिनेट से हरी झंडी मिलने के बाद अब इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लागू करने की तैयारी है.
कैसे काम करेगी यह योजना?
यह योजना बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बनाई गई है. इसके तहत सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसकी डिग्री पूरी होने तक कुल 56 हजार रुपये का निवेश करेगी. बैंक में जमा होने वाली इस राशि पर ब्याज (Interest) भी मिलता रहेगा. जब बेटी 21 साल की होगी या ग्रेजुएशन पूरा करेगी, तो यह रकम 1 लाख रुपये से ज्यादा की मैच्योरिटी राशि में बदल जाएगी.
इन 7 चरणों में मिलेगी वित्तीय सहायता
सरकार ने फंड रिलीज करने के लिए सात महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए हैं:
- जन्म लेते ही 11 हजार रुपये दिए जाएंगे.
- पहली, छठी, नौवीं और बारहवीं क्लास में एडमिशन पर 5-5 हजार रुपये का सपोर्ट मिलेगा.
- 10वीं पास करने पर भी 5 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.
- कॉलेज या डिप्लोमा शुरू करने पर 20 हजार रुपये की सबसे बड़ी किश्त मिलेगी.
कौन हैं इस योजना के हकदार?
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी:
- परिवार दिल्ली में पिछले 3 वर्षों से रह रहा हो.
- बेटी का जन्म दिल्ली का ही होना चाहिए.
- घर की सालाना आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो.
- यह लाभ परिवार की केवल पहली दो बेटियों तक सीमित है.
- बेटी की उम्र 18 साल से पहले शादी होने पर फंड नहीं मिलेगा.
पुराने लाभार्थियों का क्या होगा?
31 मार्च 2026 के बाद लाडली योजना का अस्तित्व खत्म हो जाएगा. नई स्कीम का हिस्सा बनने के लिए पात्र लोगों को दोबारा ऑनलाइन आवेदन करना होगा. अच्छी बात यह है कि अब किसी सरकारी ऑफिस में लाइन नहीं लगानी पड़ेगी, सारा काम घर बैठे इंटरनेट के जरिए होगा. जो लोग पुरानी योजना का पैसा क्लेम नहीं कर पाए थे, सरकार ने उनके लिए भी फंड रिलीज करना शुरू कर दिया है.
Also Read: क्या सच में अब मोबाइल ऐप से मिनटों में निकलेगा पीएफ? जानें कितना निकाल सकते हैं पैसा
