Free Bus Service For Women: दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं के लिए एक जरूरी अपडेट आया है. पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की शुरुआत के बाद सेंटरों पर उमड़ रही भारी भीड़ और अफरातफरी के बीच सरकार ने स्थिति साफ कर दी है. अगर आपका कार्ड अभी तक नहीं बना है, तो घबराने की जरूरत नहीं है आपकी मुफ्त यात्रा रुकने वाली नहीं है.
पेपर टिकट सिस्टम अभी नहीं होगा बंद
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक दिल्ली की हर पात्र महिला के हाथ में स्मार्ट कार्ड नहीं पहुंच जाता, तब तक पुरानी गुलाबी पर्ची (पेपर टिकट) वाली व्यवस्था चलती रहेगी. महिलाएं बस में चढ़ने के बाद कंडक्टर से मुफ्त वाली पर्ची लेकर सफर कर सकती हैं. डिजिटल कार्ड अनिवार्य करने की फिलहाल कोई डेडलाइन तय नहीं की गई है.
भीड़ न लगाएं, धीरे-धीरे सबको मिलेगा कार्ड
अधिकारियों ने अपील की है कि कार्ड बनवाने के लिए बस डिपो और एसडीएम दफ्तरों में एक साथ भीड़ न जुटाएं. दिल्ली भर में बनाए गए 50 केंद्रों पर कार्ड बनाने का काम चरणबद्ध तरीके से (Step-by-step) चल रहा है. यात्रा को स्मार्ट बनाने के लिए सरकार जल्दबाजी के बजाय सुविधा पर जोर दे रही है.
नियमों में हुआ है बड़ा बदलाव
इस नई योजना (पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड) के तहत अब मुफ्त यात्रा के नियमों को थोड़ा कड़ा किया गया है:
- अब यह सुविधा सिर्फ दिल्ली की निवासी महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ही होगी.
- कार्ड के लिए आधार कार्ड और लिंक मोबाइल नंबर जरूरी है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि लाभार्थी दिल्ली का ही निवासी है.
- यह कार्ड भविष्य में वन नेशन वन कार्ड व्यवस्था से जुड़ेगा, जिससे एक ही कार्ड से कई जगह भुगतान संभव होगा.
