Credit Card Devaluation: आजकल क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल लगभग हर मिडिल क्लास परिवार में आम हो गया है. लेकिन क्या आपने गौर किया है कि जो कार्ड दो साल पहले आपको जबरदस्त रिवॉर्ड्स और कैशबैक देता था, आज वही कार्ड कम फायदे दे रहा है? इसी को फाइनेंस की भाषा में ‘क्रेडिट कार्ड डीवैल्यूएशन’ (Credit Card Devaluation) कहते हैं. सरल शब्दों में, बैंक चुपके से आपके कार्ड की वैल्यू कम कर देते हैं, जबकि आप खर्च उतना ही कर रहे होते हैं.
क्या है क्रेडिट कार्ड डिवैल्यूएशन?
क्रेडिट कार्ड डिवैल्यूएशन का मतलब है कि कार्ड पर मिलने वाले फायदे धीरे-धीरे कम कर दिए जाएं, जबकि आपका खर्च पहले जैसा ही बना रहे.
इसमें बैंक कई तरह के बदलाव कर सकते हैं, जैसे:
- कैशबैक की सीमा कम करना
- एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस पर रोक लगाना
- रिवॉर्ड पॉइंट्स की वैल्यू घटाना
- नई फीस या शर्तें जोड़ना
यानी वही कार्ड, लेकिन पहले के मुकाबले कम फायदा.
हाल में किन कार्ड्स में हुए बदलाव?
हाल के महीनों में कई लोकप्रिय क्रेडिट कार्ड्स के नियम बदले गए हैं.
| कार्ड | पहले क्या मिलता था | अब क्या बदला |
|---|---|---|
| SBI कैशबैक कार्ड | अधिक कैशबैक की सुविधा | कैशबैक की अधिकतम सीमा 4,000 रुपये प्रति स्टेटमेंट साइकिल |
| HDFC इन्फिनिया | कुछ प्रीमियम फायदे आसानी से मिलते थे | अब कई लाभों के लिए तय खर्च या बैंक संबंध जरूरी |
इसके अलावा कुछ खर्च श्रेणियों (एक्सपेंस कैटेगरीज) जैसे बिल भुगतान और सरकारी लेन-देन पर भी रिवॉर्ड या कैशबैक सीमित किया गया है.
बैंक ऐसा क्यों कर रहे हैं?
क्रेडिट कार्ड कंपनियां और बैंक अपने खर्च को कंट्रोल करने और मुनाफा बढ़ाने के लिए ऐसे कदम उठाते हैं.
एक्स्पर्ट्स के मुताबिक:
- रिवॉर्ड प्रोग्राम चलाने की लागत बढ़ रही है.
- सभी ग्राहकों को एक जैसी सुविधाएं देना महंगा पड़ता है.
- बैंक अब ज्यादा खर्च करने वाले ग्राहकों पर फोकस कर रहे हैं.
यही वजह है कि कई सुविधाएं अब केवल तय खर्च पूरा करने वाले ग्राहकों तक सीमित की जा रही हैं.
कार्डहोल्डर्स को क्या करना चाहिए?
अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड से पूरा फायदा लेना चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें:
- साल में कम से कम एक बार कार्ड के फायदे और फीस की समीक्षा करें.
- जमा हुए रिवॉर्ड पॉइंट्स को समय-समय पर इस्तेमाल करें.
- बैंक से आने वाले ईमेल और एसएमएस ध्यान से पढ़ें.
- केवल ब्रांड या नाम देखकर कार्ड न रखें, बल्कि उसके वास्तविक फायदे देखें.
क्या कार्ड बंद कर देना चाहिए?
जरूरी नहीं है. अगर बदलाव के बाद भी कार्ड आपकी जरूरतों के हिसाब से फायदा दे रहा है, तो उसे जारी रखा जा सकता है. लेकिन यदि एनुअल फीस ज्यादा है और सुविधाएं लगातार घट रही हैं, तो दूसरे ऑप्शंस पर विचार करना समझदारी होगी.
ये भी पढ़ें: ना बढ़ा सोना, ना चमकी चांदी! जानें पटना से लखनऊ तक क्या हैं रेट
