अब अपना बिजनेस शुरू करना हुआ आसान, जानें सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में किसे मिलेगा लाभ

CM Yuva Udyami Vikas Abhiyan: नौकरी छोड़ अब अपना बिजनेस शुरू करें. योगी सरकार की 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है. इसके तहत स्टार्टअप शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी-फ्री लोन आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है.

CM Yuva Udyami Vikas Abhiyan: आज के दौर में नौकरी खोजने के बजाय अपना खुद का स्टार्टअप या बिजनेस शुरू करने का चलन तेजी से बढ़ा है. उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM Yuva Udyami Vikas Abhiyan) चला रही है. यह योजना उन युवाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो पूंजी की कमी के कारण अपना काम शुरू नहीं कर पा रहे हैं.

क्या है सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान?

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए ब्याज मुक्त और बिना गारंटी लोन दिया जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि उन्हें सफल उद्यमी बनाना है. सरकार का लक्ष्य अगले 10 वर्षों में 10 लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है, यानी हर साल लगभग 1 लाख युवाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा.

लोन और पात्रता का गणित

योजना को दो चरणों में बांटा गया है. पहले चरण में 5 लाख रुपये तक की परियोजना के लिए लगभग 4.5 लाख रुपये तक का लोन मिलता है. इसमें सबसे बड़ी राहत यह है कि लोन चुकाने की प्रक्रिया पर शुरुआती 6 महीनों तक छूट मिलती है. यदि लाभार्थी पहला लोन सफलतापूर्वक चुका देता है, तो दूसरे चरण में उसे 10 लाख रुपये तक के लोन की सुविधा मिलती है, जिस पर 50% तक ब्याज सब्सिडी भी दी जाती है.

कौन कर सकता है आवेदन?

  • आवेदक का उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है.
  • उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
  • कम से कम 8वीं पास होना जरूरी है.
  • आवेदक के पास स्किल सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए.

इस योजना में सरकार के अलावा लाभार्थी को अपनी श्रेणी के अनुसार निवेश करना होता है. सामान्य वर्ग को 15%, ओबीसी को 12.5%, और एससी-एसटी व दिव्यांगजन वर्ग को केवल 10% योगदान देना होता है.

सरकार इस योजना के तहत केवल लोन ही नहीं, बल्कि युवाओं को जरूरी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी देती है, ताकि उनका बिजनेस सफल हो सके. यदि आप भी उत्तर प्रदेश के युवा हैं और अपना भविष्य स्वरोजगार में देखते हैं, तो अपने नजदीकी जिला उद्योग केंद्र पर जाकर इसकी विस्तृत जानकारी जरूर लें.

Also Read: LPG किल्लत दूर करने के लिए सरकार की नई पहल, रेस्टोरेंट एसोसिएशन से बात करेंगी ये तीन कंपनियां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anshuman Parashar

अंशुमान पराशर पिछले दो वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिजनेस की लेटेस्ट खबरों पर काम कर रहे हैं. इसे पहले बिहार की राजनीति, अपराध पर भी इन्होंने खबरें लिखी हैं. बिहार विधान सभा चुनाव 2025 में इन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और विस्तृत राजनीतिक कवरेज किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >