जीएसटी विधेयकों को बजट सत्र में संसद में पेश किये जाने की उम्मीद : वित्त मंत्री

नयी दिल्ली : वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को जुलाई से लागू करने को लेकर गंभीर सरकार की इससे जुड़े विधेयकों को संसद के चालू बजट सत्र में ही पेश करने की योजना है. इन विधेयकों को बजट सत्र के दूसरे चरण में पेश किये जाने की संभावना है. वित्तमंत्री अरुण जेटली ने बजट के […]

नयी दिल्ली : वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को जुलाई से लागू करने को लेकर गंभीर सरकार की इससे जुड़े विधेयकों को संसद के चालू बजट सत्र में ही पेश करने की योजना है. इन विधेयकों को बजट सत्र के दूसरे चरण में पेश किये जाने की संभावना है. वित्तमंत्री अरुण जेटली ने बजट के बाद उद्योग मंडलों के साथ अपनी बैठक में यह जानकारी दी.

मंत्री ने उम्मीद जतायी कि जीएसटी परिषद की 18 फरवरी को होने वाली बैठक में केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) व एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) मसौदा विधेयकों को मंजूरी दे दी जाएगी. इसके बाद इन विधेयकों को बजट सत्र के दूसरे चरण में पेश किया जाएगा.

बजट सत्र का दूसरा चरण एक माह के अवकाश के बाद नौ मार्च से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगा. उल्लेखनीय है कि जीएसटी परिषद ने प्रस्तावित अप्रत्यक्ष कर प्रणाली के लिए पांच, 12, 18 और 28 प्रतिशत के चार स्लैब के कर ढांचे को पहले ही मंजूरी दे दी है.

विभिन्न वस्तुओं व सेवाओं पर लगने वाले शुल्क का फैसला मई या जून में किया जायेगा. जेटली ने कहा कि सीजीएसटी व आईजीएसटी के मुख्य नीतिगत मुद्दों को निपटा लिया गया है. अंतिम मसौदा तैयार किया जा रहा है और जब इसे विधिसम्मत भाषा में वितरित कर दिया जाएगा तो तब इसे मंजूरी के लिए संसद व राज्य विधानसभाओं (एसजीएसटी) में पेश किया जाएगा.

वित्त मंत्री ने कहा, ‘हम इस महीने की 18 तारीख को मिल रहे हैं. इस समय मेरा लक्ष्य इन मसौदों को अंतिम रूप देना और बजट सत्र के दूसरे भाग में उन्हें संसद में पेश करना है.’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >