कल से शुरू होगा 8वां वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन, PM नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन

अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आठवें वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. वहीं समापन समारोह में राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी के शामिल होने की संभावना है. वृहद स्तर पर आयोजित किये जाने वाले इस सम्मेलन में कई देशों के प्रमुखों, शीर्ष वैश्विक एवं भारतीय मुख्य कार्यपालक अधिकारियों और कई औद्योगिक घरानों के शिरकत करने […]

अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आठवें वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. वहीं समापन समारोह में राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी के शामिल होने की संभावना है. वृहद स्तर पर आयोजित किये जाने वाले इस सम्मेलन में कई देशों के प्रमुखों, शीर्ष वैश्विक एवं भारतीय मुख्य कार्यपालक अधिकारियों और कई औद्योगिक घरानों के शिरकत करने की संभावना है. इस बार राज्य सरकार सम्मेलन में 25 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव आने की उम्मीद कर रही है. यह सम्मेलन मोदी की सोच का परिणाम था. गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने इसकी शुरुआत की थी.

जनवरी 2015 में आयोजित सम्मेलन के सातवें सत्र में राज्य सरकार को 25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे. सम्मेलन के इस आठवें सत्र में लगभग 20 देशों के प्रमुख और दुनियाभर की सरकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्री शिरकत करेंगे.अमेरिका में दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों की सहायक विदेश मंत्री के रूप में कार्यरत भारतीय-अमेरिकी निशा देसाई बिसवाल एक बड़े अमेरिकी कारोबारी शिष्टमंडल के साथ मौजूद रहेंगी.

अतिरिक्त प्रधान सचिव (उद्योग एवं खदान) पी के तनेजा ने कहा कि इन 50 कारोबारी नेताओं में से 25 नेता भारत से होंगे जबकि बाकी कारोबारी नेता अमेरिका, जापान, फ्रांस, ब्रिटेन, नीदरलैंड और ताइवान आदि देशों से होंगे. उद्योग जगत के इन नेताओं में वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी सिस्को के अध्यक्ष जॉन चैंबर्स शामिल हैं. वह अमेरिकी कारोबारी शिष्टमंडल का नेतृत्व भी करेंगे. सम्मेलन के अगले दो दिनों में जीएसटी समेत विभिन्न विषयों पर गोष्ठियां आयोजित की जायेंगी. जीएसटी पर आधारित गोष्ठी में जेटली और आरबीआई के गवर्नर उर्जित पटेल हिस्सा लेंगे.

ये लोग शामिल होंगे वाइब्रेंट गुजरात सम्‍मेलन में

सम्मेलन में आने वाले अन्य प्रमुख लोग हैं- केन्या के राष्ट्रपति उहूरु केन्याता, रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कागामे, पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा, सर्बिया के प्रधानमंत्री अलेक्सांदर वुकिक, रूस के उप प्रधानमंत्री दमित्री रोगोजिन, पोलैंड के पहले उप प्रधानमंत्री और संस्कृति एवं राष्ट्रीय विरासत मंत्री पोइत्र ग्लिंस्की. समारोह में 1500 से ज्यादा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के अलावा कई देशों के राष्ट्रप्रमुख और उद्योग जगत के नेता शामिल होंगे. समारोह में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली समेत 12 केंद्रीय मंत्री शिरकत करेंगे. कल सम्मेलन के औपचारिक उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री मोदी कुछ देशों के प्रमुखों से बात करेंगे.

इन देशों ने भागीदार बनने की जतायी सहमती

इस बार समारोह में भागीदार बनने के लिए 12 देशों ने सहमति जतायी है. ये देश हैं- अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, डेनमार्क, फ्रांस, जापान, नीदरलैंड, पोलैंड, सिंगापुर, स्वीडन और संयुक्त अरब अमीरात। इन देशों के प्रतिनिधि बड़े कारोबारी शिष्टमंडलों के साथ आएंगे. उद्घाटन समारोह के बाद मोदी मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के सम्मेलन में शिरकत करेंगे, जिसमें शीर्ष वैश्विक एवं भारतीय उद्योग जगत के नेता भागीदारी करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >