Sonepur Vidhan Sabha: आधुनिक रंग में रंगेगा सोनपुर मेला, 24.28 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी

Sonepur Vidhan Sabha : नीतीश सरकार ने वर्ल्ड फेमस सोनपुर मेले के आधुनिकीकरण के लिए 24.28 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी है. इस योजना में डिजिटल और पर्यावरणीय सुविधाओं के साथ मेला को हाईटेक और प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा.

Sonepur Vidhan Sabha: बिहार का विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला अब एक नए और आधुनिक स्वरूप में सामने आएगा. हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने वाला यह मेला अब सिर्फ परंपरा का प्रतीक नहीं रहेगा, बल्कि तकनीक, पर्यावरण और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक समृद्ध पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. राज्य सरकार ने इसके लिए 24.28 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिससे न केवल पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

क्या बोले सम्राट चौधरी

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि यह योजना केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन स्कीम 2.0 के अंतर्गत मंजूर की गई है. योजना के तहत सोनपुर मेला क्षेत्र को एक आधुनिक, डिजिटल और पर्यावरण-संवेदनशील स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. इसमें प्रवेश द्वार, स्थायी हाट, सड़कों का चौड़ीकरण, घाटों तक आसान पहुंच, पार्किंग की सुविधाएं और शटल सेवाओं जैसे बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा, जिससे मेला क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके.

सैलानियों को मिलेगा नया अनुभव

मेले को हरित और स्मार्ट बनाने की दिशा में भी ठोस प्रयास किए जाएंगे. पूरे क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने पर जोर दिया जाएगा और अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था की जाएगी. साथ ही, सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जागरूकता अभियानों को भी बल मिलेगा. डिजिटल विकास के तहत मेला मोबाइल ऐप, कैशलेस भुगतान, वर्चुअल दर्शन और स्मार्ट पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे सैलानियों को एक नया अनुभव प्राप्त होगा.

बिहार चुनाव की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

इस बार 5 नवंबर से शुरू होगा मेला

इस बार सोनपुर मेला 5 नवंबर 2025, कार्तिक पूर्णिमा के दिन से आरंभ होगा और पूरे एक महीने तक चलेगा. गंगा और गंडक नदियों के संगम पर आयोजित होने वाला यह मेला एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला माना जाता है. यहां विशेष रूप से हाथी, घोड़े, गाय-बैल और अन्य पशुओं की खरीद-बिक्री होती है. आधुनिकता और परंपरा के इस सुंदर संगम से सोनपुर मेला अब न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान दे रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.