शेखपुरा में राजस्व कर्मचारी से मारपीट की और सरकारी डोंगल ले गए, VIP पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पर लगा आरोप

Sheikhpura News : अरियरी अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी से मारपीट और सरकारी डोंगल ले जाने के मामले में चार दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. सरकारी डोंगल नहीं होने से दाखिल-खारिज समेत कई ऑनलाइन सेवाएं बाधित हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के अरियरी अंचल कार्यालय में राजस्व संबंधित कार्य बाधित है. वजह ये है कि बीते शुक्रवार को राजस्व कर्मचारी शंकर सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी. साथ ही आरोपी उनके कार्यालय में उपयोग होने वाला सरकारी डोंगल भी लेकर चले गए. इस घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. सरकारी डोंगल नहीं मिलने के कारण दाखिल-खारिज सहित कई ऑनलाइन सेवाएं बाधित हैं, जिससे प्रतिदिन अंचल कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वीआईपी पार्टी का जिला उपाध्यक्ष है आरोपी

आरोप है कि फरपर गांव निवासी मनोज चौहान नशे की हालत में अंचल कार्यालय पहुंचे और राजस्व कर्मचारी शंकर सिंह के साथ मारपीट की. इसके बाद कार्यालय में उपयोग होने वाला सरकारी डोंगल लेकर चले गए. मनोज चौहान वीआईपी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष तथा पंचायत समिति सदस्य के पति हैं. घटना के बाद राजस्व कर्मचारी ने अरियरी थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि आरोपी घर छोड़कर फरार है.

मनोज चौहान ने दी सफाई

दूसरी ओर, मनोज चौहान ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि वह पिछले एक वर्ष से अपनी निजी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. उनका आरोप है कि उन्हें लगातार टालमटोल किया गया और उनकी पंचायत समिति सदस्य पत्नी से पैसे की मांग भी की गई. इसी विवाद के दौरान यह स्थिति उत्पन्न हुई.

पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे लोग

इधर अंचल कार्यालय के कर्मियों का कहना है कि सरकारी डोंगल नहीं रहने से ऑनलाइन कार्य प्रभावित हैं और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है. अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति ले जाने के आरोप में कब तक कार्रवाई होती है.

SDPO बोले-'अनुसंधान के बाद कार्रवाई की जाएगी'

'घटना मे राजस्व कर्मचारी शंकर सिंह के साथ मारपीट करने एवं सरकारी डोंगल ले भागने का मामला दर्ज कर लिया गया है. अनुसंधान के बाद कार्रवाई की जाएगी.' डॉ. राकेश कुमार SDPO, शेखपुरा

Also Read : बेगूसराय में आईटीआई प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर 22 केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू, जिला प्रशासन अलर्ट



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >