RJD से टिकट नहीं मिलने से नाराज रितु जायसवाल कल दाखिल करेंगी नामांकन, परिहार सीट पर दिखेगा त्रिकोणीय फाइट

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में वोटिंग की तारीख नजदीक है लेकिन महागठबंधन में शामिल दलों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. पहले ही कई सीटों पर राजद और कांग्रेस दोनों ने उम्मीदवार उतार दिए हैं तो अब खबर आ रही है कि सीतामढ़ी जिले की परिहार सीट से टिकट नहीं मिलने के कारण रितु जायसवाल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राजद और बीजेपी को चुनौती देंगी.

Bihar Election 2025: लालू यादव की पार्टी राजद ने सीतामढ़ी की परिहार सीट से स्मिता पूर्वे को टिकट दिया है. इस सीट से रितु जायसवाल भी राजद के सिंबल से चुनाव लड़ना चाह रही थी. टिकट नहीं मिलने के कारण वो काफी नाराज हो गई और पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर सवाल उठा दिया है. अब निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में वो कल यानी सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा, “परिहार विधानसभा क्षेत्र के सभी सम्मानित मतदाताओं को सूचित करना है कि मैं कल सुबह परिहार विधानसभा क्षेत्र से स्वतंत्र अभ्यर्थी के रूप में नामांकन करने जा रही हूं. आप सभी साथियों, शुभचिंतकों और समर्थकों से अनुरोध है कि बड़ी संख्या में पहुंचकर अपना आशीर्वाद प्रदान करें.”

सुबह परिहार की जनता के नाम जारी किया था संदेश

रितु जायसवाल ने सोमवार को एक पोस्ट लिखा. इसमें उन्होंने बताया कि परिहार को पीछे ले जाने में बीजेपी विधायक गायत्री देवी के साथ-साथ रामचंद्र पूर्वे का भी हाथ है. ऐसे में उनके करीबी नेता को टिकट देने से परिहार की जनता के साथ न्याय नहीं हो पाएगा. उन्होंने कहा कि मैंने 5 साल से परिहार में मेहनत किया है. यहीं के लोगों के बीच में हूं. ऐसे में किसी और विधानसभा से चुनाव नहीं लड़ सकती हूं.

पोस्ट में उन्होंने लिखा, “कल शाम जैसे ही यह चर्चा फैली कि मुझे परिहार से टिकट न देकर बेलसंड से दिए जाने की संभावना है, परिहार की जनता के असंख्य फोन और फेसबुक-ट्विटर पर संदेश आने लगे. सबकी एक ही अपील थी- “मैडम, परिहार को मत छोड़िए.” पिछले पांच वर्षों से मैंने परिहार की मिट्टी, यहां के लोगों के सुख-दुख, संघर्ष और उम्मीदों को बहुत करीब से महसूस किया है. आज परिहार की बदहाल स्थिति के लिए वर्तमान BJP विधायक गायत्री देवी ही नहीं, बल्कि पूर्व विधायक डॉ. रामचंद्र पूर्वे जी भी समान रूप से जिम्मेदार हैं.

रितु जायसवाल ने आगे लिखा, “यह बात किसी से छिपी नहीं है कि डॉ. पूर्वे ने पिछले विधानसभा चुनाव में, राजद के एमएलसी रहते हुए, पार्टी से गद्दारी की थी. इसी कारण मुझे मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था. आज जब पार्टी ने डॉ. पूर्वे जी की बहू को परिहार से टिकट दिया है, तो यह उनकी गद्दारी का पुरस्कार जैसा प्रतीत होता है. परिहार को छोड़कर किसी अन्य क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ना मेरी आत्मा को स्वीकार नहीं. इसलिए मैंने पार्टी नेतृत्व को साफ तौर पर अवगत करा दिया है कि यदि पार्टी किसी मजबूरीवश अपना निर्णय नहीं बदलती है, तो मैं परिहार से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगी. यह निर्णय आसान नहीं है, पर यह मेरे मन की आवाज है और परिहार की जनता की भावनाओं का सम्मान भी.”

बिहार चुनाव की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सीट पर दिखेगा त्रिकोणीय फाइट

परिहार विधानसभा सीट पर बीजेपी vs राजद का मुकाबला तय माना जा रहा था. रितु जायसवाल का नाम महागठबंधन से आगे चल रहा था. प्रभात खबर की इलेक्शन एक्सप्रेस चौपाल में रितु जायसवाल के पति ने कहा था कि इस बार परिहार में बदलाव होगा और जनता हमें भारी बहुमत से जीत दिलाएगी. अब राजद ने नए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. बीजेपी ने गायत्री देवी को यहां से चुनावी मैदान में उतारा है. सोमवार को रितु नामांकन दाखिल करेंगी. ऐसे में इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: इस तरह बिहार चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे पीएम मोदी, 6 दिन तक करेंगे धुआंधार रैली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >