Chhapra News: (अंकित राज की रिपोर्ट) छपरा के दरियापुर प्रखंड अंतर्गत डेरनी थाना क्षेत्र के धनौती सुल्तानपुर गांव में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जिंदा जलाकर मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर डेरनी थाना में पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उसकी शादी 8 मई 2025 को प्रेम कुमार उर्फ प्रेम राम के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये के जेवर की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
जहर देकर मारने की भी हुई थी कोशिश
विवाहिता ने आरोप लगाया है कि इससे पहले भी ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मारने का प्रयास किया था. हालांकि वह किसी तरह बच गई. इसके बावजूद ससुराल पक्ष का अत्याचार नहीं रुका और दहेज की मांग लगातार बढ़ती रही.
तेल छिड़क कर जलाने का आरोप, शोर मचाने पर बची जान
पीड़िता के अनुसार, जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वालों ने उसके शरीर पर तेल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की. इस दौरान उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के जुटने से उसकी जान बच सकी.
पति, सास समेत छह लोग नामजद
डेरनी थाना में दर्ज प्राथमिकी में पति प्रेम कुमार उर्फ प्रेम राम, सास मनमतिया देवी, गोतनी बबिता देवी, भैंसुर प्रदीप राम, देवर पंकज राम सहित छह लोगों को आरोपी बनाया गया है.
पुलिस जांच में जुटी
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद डेरनी थाना पुलिस आरोपों की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ:
