बांकीपुर में पवन सिंह और तेजस्वी यादव के काफिले आमने-सामने, BJP-RJD कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के आखिरी दिन पवन सिंह और तेजस्वी यादव के काफिले आमने-सामने आ गए, जिसके बाद BJP और RJD कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी हुई. इस दौरान तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन और रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा.

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार का मंगलवार को आखिरी दिन है. शाम को प्रचार थमने से पहले सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है. इसी दौरान पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास माहौल गरमा गया. यहां BJP और RJD के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई.

पवन सिंह और तेजस्वी यादव का काफिला आमने-सामने

प्रचार के दौरान एक तरफ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोड शो कर रहे थे. दूसरी ओर BJP का प्रचार रथ भी उसी इलाके से गुजर रहा था. BJP के प्रचार रथ पर पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, MLC पवन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और विधायक संजीव चौरसिया मौजूद थे. दोनों काफिलों के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए माहौल काफी गर्म हो गया.

तेजस्वी के काफिले पर उड़ाए गए पर्चे

BJP कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले की ओर पार्टी के प्रचार पर्चे उड़ाए. इसके बाद दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाए. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया.

7 किलोमीटर का रोड शो कर रहे हैं तेजस्वी

प्रचार के आखिरी दिन तेजस्वी यादव करीब 7 किलोमीटर लंबा रोड शो कर रहे हैं. उनके काफिले में लगभग 20 गाड़ियां और करीब 200 कार्यकर्ता शामिल रहे. रोड शो के दौरान उन्होंने लोगों से महागठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की.

'सरकार बनी तो छात्र आंदोलन में गिरफ्तार युवाओं को पेंशन देंगे'

पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बड़ा वादा भी किया. उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उनकी सरकार बनी तो छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार हुए छात्रों के लिए पेंशन की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिस तरह जेपी आंदोलन में शामिल लोगों को पेंशन दी जाती है, उसी तरह छात्र आंदोलन में शामिल युवाओं के लिए भी योजना बनाई जाएगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

BJP पर फिर बोला हमला

तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार ने युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में अंतर है.

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा. प्रचार का शोर 28 जुलाई की शाम थम जाएगा. इसके बाद सभी की नजर मतदान और 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर रहेगी.

Also Read: तेजस्वी यादव बोले- जनता अब BJP के वादों का हिसाब करेगी, छात्र आंदोलन को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >