Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार, 30 जुलाई को मतदान होना है. वोटिंग से एक दिन पहले जन सुराज ने बड़ा आरोप लगाया है. पार्टी का दावा है कि उसके कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसको लेकर जन सुराज ने 182 बांकीपुर विधानसभा के पुलिस पर्यवेक्षक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप और आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है. हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
पत्र में क्या कहा गया है?
जन सुराज ने अपने पत्र में लिखा है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई कार्यकर्ता, जो पटना में अपने परिजनों से मिलने या अन्य निजी कार्य से आए थे, उन्हें एकतरफा कार्रवाई करते हुए लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है.
पार्टी ने पत्र में दावा किया है कि प्रत्यूष पूर्व को जक्कनपुर थाना, वरुण कुमार (खगड़िया) को पीरबहोर थाना और अभय शर्मा (मोतिहारी निवासी) को जक्कनपुर थाना ने उठाया है. इसके अलावा विकास सिंह, अमीर इम्तियाज़, मनीष झा और सुदर्शन मिश्रा को भी एसटीएफ द्वारा "नाटकीय ढंग से उठाए जाने" का आरोप लगाया गया है.
तत्काल कार्रवाई की मांग
जन सुराज ने अपने पत्र में पुलिस पर्यवेक्षक से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेने और आवश्यक दिशानिर्देश जारी करने की मांग की है.
पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
जन सुराज ने जिन लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया है, उस पर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया गया है. ऐसे में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गुरुवार को होगा मतदान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा. बुधवार को चुनावकर्मियों को ईवीएम, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट समेत चुनाव सामग्री वितरित कर दी गई और सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं.
इस उपचुनाव में 3,79,616 मतदाता मतदान करेंगे. चुनाव के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था के तहत पैरामिलिट्री फोर्स की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं. सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र बल की मौजूदगी रहेगी. मतदान के बाद 3 अगस्त को मतगणना होगी.
