Bankipur By Election Voting: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच सियासी घमासान और तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने जन सुराज पार्टी पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाया है. वहीं, जन सुराज ने इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा पर प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है.
BJP ने निर्वाचन पदाधिकारी को लिखा पत्र
भाजपा बिहार के प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर मतदान प्रक्रिया में सख्त सत्यापन की मांग की है. पार्टी का कहना है कि कुछ लोग फर्जी मतदाताओं के जरिए मतदान कराने की कोशिश कर रहे हैं. इससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है.
'हर वोटर का हो सत्यापन'
भाजपा ने चुनाव आयोग से सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का कड़ाई से सत्यापन कराने की मांग की है. पार्टी ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है.
मृत्युंजय तिवारी ने लगाया बड़ा आरोप
भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी वीडियो जारी कर दावा किया कि बांकीपुर में हार सामने देखकर प्रशांत किशोर के समर्थक फर्जी मतदाताओं से वोट डलवाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता भाजपा के साथ है और विपक्षी उम्मीदवारों की जमानत जब्त होगी.
जन सुराज ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
जन सुराज पार्टी ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. पार्टी का कहना है कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा इस तरह के आरोप लगा रही है. जन सुराज ने कहा कि जनता सब देख रही है और इसका जवाब मतदान के जरिए देगी.
प्रशांत किशोर बोले- पुलिस का हो रहा इस्तेमाल
जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि भाजपा हार के डर से प्रशासन की मदद से चुनाव लड़ रही है. उन्होंने दावा किया कि पिछले 24 घंटे में पटना पुलिस ने जन सुराज के 16 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है. उनका कहना है कि इन लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
'हार के डर से हताश है भाजपा'
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा अब अंतिम हथियार के रूप में पुलिस का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पर दबाव बनाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही कहा कि बांकीपुर और बिहार की जनता भाजपा का "चाल, चरित्र और चेहरा" देख रही है.
आरोप-प्रत्यारोप के बीच जारी है मतदान
बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान जारी है. इस बीच दोनों प्रमुख दलों के आरोप-प्रत्यारोप से चुनावी माहौल और गरमा गया है. अब सभी की नजर चुनाव आयोग की कार्रवाई और मतदान के अंतिम रुझानों पर टिकी है.
