Bankipur Bypoll Voting LIVE Update: बांकीपुर में वोटिंग खत्म, फाइनल डाटा का इंतजार, पूरे दिन का ऐसा रहा हाल

बीजेपी-जन सुराज समर्थक के बीच चले मुक्के
Bankipur Bypoll Voting LIVE Update: बांकीपुर उपचुनाव में वोटिंग के दौरान भाजपा और जन सुराज कार्यकर्ताओं में झड़प देखने को मिली. शाम 5 बजे तक 33.60 प्रतिशत वोटिंग हुई. जो पिछले बार से 12% कम है. पीके ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं को बीजेपी जानबूझकर परेशान कर रही है.
जन सुराज और भाजपा समर्थकों में एक बार फिर भिड़ंत
वोटिंग खत्म होते-होते बांकीपुर में माहौल गरमा गया. ए.एन. कॉलेज के पास जन सुराज और भाजपा समर्थकों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई. इसके बाद पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच मुक्के चलने लगे. प्रशांत किशोर के पहुंचने के बाद तनाव और बढ़ गया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाल ली.
3 तारीख को बांकीपुर में जलेगा लालटेन- तेजस्वी
वोटिंग के बीच तेजस्वी यादव का भी बयान आ गया है. उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता को हर वर्ग के लोगों ने वोट दिया है. हमलोगों की बड़ी जीत बांकीपुर से होने जा रही है. 3 तारीख को नतीजा जो आएगा आपलोग देखिएगा बांकीपुर में लालटेन ही जलेगा.
उन्होंने आगे कहा कि बांकीपुर से पूरे देश में संदेश जाएगा. बीजेपी जिसे अपना गढ़ मानती है, वहां से उसे करारी हार का सामना करना पड़ेगा.
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता के क्रमांक संख्या को धुंधला कर दिया गया है, राजद के साथ ये हर चुनाव में किया जाता है. वोटिंग परसेंटेज कम होने पर तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी के समर्थक वोटिंग के लिए घर से निकले ही नहीं हैं.
शाम 5 बजे तक 33.60 प्रतिशत मतदान
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर शाम 5 बजे तक 33.60 प्रतिशत वोटिंग हुई. शाम के 6 बजे तक वोट डाले जायेंगे. इसके साथ ही जिन गाड़ियों में ईवीएम को रखकर ढोया जाएगा, इसकी कंट्रोल रूम से ट्रैकिंग की जाएगी.
PK के सामने BJP कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
पटना में एसके पूरी के पास बूथ पर बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ता भिड़े. इसके बाद प्रशांत किशोर बूथ पर पहुंचे. इस दौरान प्रशांत किशोर के सामने बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने इस दौरान चप्पा-चप्पा भाजपा, जय श्री राम और प्रशांत किशोर के खिलाफ नारे लगाए. साथ ही प्रशांत किशोर गो बैक के नारे भी लगाए. किसी तरह पुलिसकर्मियों ने पीके को वहां से सुरक्षित निकाला.
BJP-जन सुराज कार्यकर्ताओं के बीच बहस
पटना के एसके पूरी के पास एक बूथ पर बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई. इस दौरान पुलिस को बीच बचाव करने आना पड़ा. इससे पहले भी कई बूथों के बाहर दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच वोटिंग हुई.
दोपहर 3 बजे तक 27.82 प्रतिशत मतदान
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर दोपहर 3 बजे तक 27.82 प्रतिशत वोटिंग हुई. शाम के 6 बजे तक वोट डाले जायेंगे. इसके साथ ही जिन गाड़ियों में ईवीएम को रखकर ढोया जाएगा, इसकी कंट्रोल रूम से ट्रैकिंग की जाएगी.
146 पोलिंग गाड़ियों की ट्रैकिंग
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों के गाड़ियों की ट्रैकिंग की जा रही है. इन्हीं गाड़ियों में ईवीएम को रखकर ढोया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, टोटल 146 पोलिंग गाड़ियों की ट्रैकिंग की जा रही है.
'जनता बदलाव चाहती है'
स्थानीय निवासी संजु देवी ने कहा कि इस बार जनता का मूड बदलाव का है. उनके मुताबिक, सिर्फ पैसे के दम पर चुनाव नहीं जीता जा सकता. लोगों के बीच बदलाव की हवा चल रही है और मतदाता इस बार अलग फैसला ले सकते हैं.
एक बुजुर्ग मतदाता की राय अलग रही. उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल की स्थिति मजबूत है. उनके अनुसार, इस सीट पर बदलाव की संभावना बहुत कम है और भाजपा की जीत की उम्मीद ज्यादा है.
GEN-Z वोटर बने बड़ा फैक्टर
पहली बार या हाल के वर्षों में वोटर बने युवाओं को लेकर भी चर्चा रही. स्थानीय युवती रीतिका ने कहा कि उनके इलाके में साफ-सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है. कई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं है, जिससे रात में परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि जो भी चुनाव जीते, उसे इन बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए.
पूर्व सीएम की बहन ने किया वोट
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहन राजापुर वोट डालने के लिए पहुंचीं. इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी की ही जीत होगी. चुनाव प्रचार के दौरान भी सिर्फ बीजेपी वाले ही आए थे, उसके अलावा कोई नहीं आया. बांकीपुर में बहुत विकास हुआ है.
पुलिस ने कथित शराब तस्कर को किया गिरफ्तार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान के दौरान पीरबहोर थाना इलाके के मतदान केंद्र संख्या-366 के पास पुलिस ने एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
वोटिंग के बीच तेजस्वी यादव कर रहे बैठक
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव वोटिंग के बीच आरजेडी ऑफिस पहुंचे. यहां वे राजद के नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं.
1 बजे तक 20.01 प्रतिशत मतदान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर 1 बजे तक 20.01 प्रतिशत वोटिंग हुई. वोटिंग के बीच नीरज सिन्हा ने बीजेपी की जीत का भरोसा दिया. दूसरी तरफ, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने बूथों पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया.
वोट डालने के बाद नीरज सिन्हा का बयान
भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने दयानंद कन्या विद्यालय मीठापुर में वोट डाला. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, सभी लोग अपने वोट का प्रयोग करें. यह लोकतंत्र का महापर्व है. मेरा यह शुरू से क्षेत्र रहा है. मैं अपने भाई और कार्यकर्ता से मिलने जा रहा हूं और उनका उत्साह बढाऊंगा. मुद्दे को लेकर उन्होंने कहा कि विकास का मुद्दा ही है. साथ ही यह भी कहा कि लड़ाई यहां नहीं है. मेरा विश्वास है कि बीजेपी की जीत होगी.
BJP कैंडिडेट नीरज सिन्हा ने की अपील
बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार ने वोटिंग से पहले कहा- माहौल पूरी तरह से शांतिपूर्ण और खुशनुमा है. साथ ही उन्होंने अपील की कि माताएं, बहनें, माता-पिता, अभिभावक, चाचा-चाची, दादा-दादी, सभी अपना वोट डालने आएं. हम चाहते हैं कि मतदान प्रतिशत अधिक से अधिक हो. हमें उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत बढ़ेगा.
ईवीएम खराब होने पर हंगामा
मतदान केंद्र संख्या-141 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने से कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हो गया. खराबी की सूचना मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट स्कॉर्पियो से नई ईवीएम लेकर मतदान केंद्र पहुंचे. इसी दौरान जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम बदलने की प्रक्रिया पर आशंका जताते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 कामख्या नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मतदान कर्मियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत खराब ईवीएम को बदलवाया. इसके बाद मतदान दोबारा सामान्य रूप से शुरू करा दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना के दौरान गोली चलने, मारपीट या किसी प्रकार की हिंसा की कोई घटना नहीं हुई. स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा.
बीजेपी और जन सुराज के बीच हाथापाई
बांकीपुर उपचुनाव के दौरान माउंट कार्मेल स्कूल में बने मतदान केंद्र के बाहर बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई. नौबत हाथापाई तक पर आ गई. लेकिन किसी तरह मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया.
रेखा गुप्ता ने लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
आरजेडी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने चुनाव में बीजेपी के कार्यकर्ताओं की ओर से आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. उन्होंने भंवर पोखर स्थित बूथ नंबर 359, 360 और 361 के निरीक्षण के दौरान यह आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बूथों पर बीजेपी के कार्यकर्ता बैच लगाकर मौजूद हैं. जनता को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैंने खुद देखा है कि लोगों को अपने पक्ष में वोट करने को लेकर दबाव बना रहे हैं. चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए कि कैसे लोकतंत्र की हत्या की जा रही है.
फिर भिड़े BJP और जन सुराज के कार्यकर्त्ता
पटना के योगिया टोला पर BJP और जन सुराज के कार्यकर्त्ता आपस में भिड़ गए. इस दौरान दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक हुई. लेकिन थोड़ी देर के बाद मामला शांत हो गया.
पटना में वोटिंग के बीच चली गोली
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर हो रही वोटिंग के बीच पटना में गोली चली. जानकारी के मुताबिक, समाजसेविका रीता सिन्हा के घर पर गोली चली है. मामला दलदली रोड बूथ संख्या 141 से जुड़ा है.
महिला वोटर ने कहा- इस बार मोदी को वोट नहीं
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर महिला वोटरों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया. एक महिला कैमरा के सामने बोलते-बोलते भावुक हो गईं. उन्होंने कहा, हर बार पीएम मोदी को वोट दिए हैं लेकिन इस बार नहीं. मेरा बेटा पढ़-लिखकर मार खा रहा है.
11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत वोटिंग हुई. पुरुष, महिला, युवा, बुजुर्ग के साथ-साथ दिव्यांगों में भी उत्साह देखने के लिए मिल रहा है. हर एक बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. खासकर GEN-Z ने कहा- इस बार बदलाव के लिए हमने वोट किया.
सीटी एसपी पूर्वी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
गुरुवार को नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान एसपी (पूर्वी) ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, सुरक्षा प्रबंध, उपलब्ध संसाधनों और अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों और संवेदनशील बिंदुओं का भी निरीक्षण किया.
पटना में पहली बार की गई है यह व्यवस्था
बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराया जा रहा है. चुनाव को पूरी तरह स्वच्छ, पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष माहौल में कराने के लिए फर्जी वोटरों पर प्रशासन की कड़ी नजर है.
पटना में इस बार पहली बार फर्जी वोटरों की पहचान और फर्जी वोटिंग को रोकने के लिए मतदाता के वोटर कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन करके चुनाव आयोग के ऐप डेटाबेस से मिलान कराया जा रहा है. अगर फर्जी वोटर पाए जाते हैं तो प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी.
दिव्यांग वोटरों में दिखा उत्साह
दिव्यांग मतदाताओं ने लोकतंत्र की मजबूती का शानदार उदाहरण पेश किया. शारीरिक चुनौतियों के बावजूद मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं की अच्छी संख्या देखने को मिली. पटना कॉलेजिएट स्कूल के बूथ संख्या 394 पर दिव्यांग शंभू कुमार मतदाता हैंड-साइकिल पर मतदान केंद्र पहुंचे.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में हम सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. पुलिस और प्रशासन की टीमों ने भी दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और वापस लौटाने में सक्रिय सहयोग किया. जिला प्रशासन ने दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की थी, जिसमें व्हीलचेयर, रैंप और सहायक कर्मी बूथ पर तैनात दिखे. मतदान केंद्रों पर पहली बार वोट देने आये युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला.
पूर्व CM की बहन भी करेंगी वोट
पूर्व CM नीतीश कुमार की बड़ी बहन ऊषा देवी भी बांकीपुर उपचुनाव में वोट करेंगी. उन्होंने बीजेपी ही चुनाव जीतेगी. चुनाव प्रचार के दौरान भी सिर्फ बीजेपी वाले ही आए थे, उसके अलावा कोई नहीं आया. बांकीपुर में बहुत विकास हुआ है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर उनकी बहन ने कहा कि जिसका भाई मुख्यमंत्री रहेगा और वह दिल्ली चला जाएगा तो कमी तो खलेगा ही.
वोट करने पहुंचीं महिलाओं ने बताए मुद्दे
बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल और सेंट जेवियर्स स्कूल मतदान केंद्रों पर पुरुषों की तुलना में महिलाओं की उपस्थिति अब तक अधिक रही. महिलाओं ने बताया कि उनके लिए इस चुनाव में सबसे अहम मुद्दे सुशासन, सुरक्षा, बच्चों का उज्ज्वल भविष्य और सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हैं.
मतदान के बाद महिलाओं ने कहा कि वे ऐसी विधायक चाहती हैं, जो बच्चों को बेहतर शिक्षा, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराये. उनका कहना था कि रोटी, कपड़ा और मकान जैसे बुनियादी मुद्दों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा भी आज की सबसे बड़ी जरूरत हैं.
वाद-विवाद के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
मीठापुर के दयानंद विद्यालय के बाहर दो राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच हुए वाद-विवाद के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया गया. फिलहाल मामला शांत हो गया है.
रवि शंकर प्रसाद ने किया जीत का दावा
बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने वोट किया. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, हम निर्णायक रूप से जीतेंगे.
हंगामे की खबर के बीच खुद बूथ पर पहुंचे पीके
जन सुराज के संस्थापक और कैंडिडेट प्रशांत किशोर ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. हंगामे की खबर के बाद वे खुद ही बूथ पर पहुंच गए हैं. पीके लोदीपुर पुलिस लाइन एरिया के वार्ड नंबर 27 के पोलिंग बूथ नंबर 106, 107 और 108 पर पहुंचे. इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा, रात से हमारे लोगों को पकड़ा जा रहा है. बीजेपी हार के डर से पुलिस को आगे कर रही है. लेकिन हमारी उम्मीदें और बढ़ गईं हैं.
फर्स्ट टाइम वोटर ने बताया एक्सपीरियंस
पहली बार वोट करने पहुंची छात्रा ने कहा, पहली बार मैंने वोट किया है. विकास के आधार पर वोट किया और आगे इसी की उम्मीद है. इस बार बदलाव के मूड में है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में नीट पेपर लीक को लेकर हुए आंदोलन का असर पड़ेगा. जबकि पहली बार वोट करने पहुंचे शाश्वत ने बताया कि पटना का अच्छा हो, इसे ध्यान में रखकर मतदान किया. पटना के लिए बदलाव जरूरी है.
सेंट जेवियर स्कूल में वोटिंग
गांधी मैदान एरिया में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है. सेंट जेवियर स्कूल में बने चार बूथ पर चीनाकोठी निवासी शिवनंदन सिंह (85 साल) ने मतदान के बाद कहा कि उन्होंने युवाओं को अवसर देने की सोच के साथ वोट दिया. चीनाकोठी के रहने वाले 85 वर्षीय लक्ष्मण विश्वकर्मा और 72 वर्षीय लक्ष्मण राय सुबह ही मतदान करने पहुंचे. दोनों मित्रों ने कहा कि मतदान करना हर नागरिक का अधिकार है, इसलिए उन्होंने दिन की शुरुआत मतदान से की. लक्ष्मण विश्वकर्मा ने कहा कि हर चुनाव में वोटिंग करते हैं.
नितिन नवीन ने की अपील
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट शेयर किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की. नितिन नवीन ने लिखा, पहले मतदान, फिर जलपान.
वोटर बोले- इस बार बदलाव के लिए चुनाव
पटना वीमेंस कॉलेज में कुल 7 बूथ बनाए गए हैं. यहां 1170 मतदाता हैं. सुबह 7:00 से 9:25 तक 44 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. राजेंद्र नगर से आए मनोज श्रीवास्तव और अंजू श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रवाद के लिए हम लोग मतदान कर रहे हैं.
कृष्णा नगर से आई डॉक्टर तूलिका ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा में कम मतदान होने की एक वजह यह भी है कि ज्यादातर लोग बाहर सेटल हो चुके हैं. फिर भी इस बार लोग आ रहे हैं. इस बार बदलाव के लिए मतदान हो रहा है.
पत्नी के साथ वोट करने पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी भी वोट डालने पहुंचे. इस दौरान उनकी पत्नी उनके साथ रहीं. वोट डालने के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, बाबा बैकुंठ पर सबकुछ छोड़ दीजिए. बीजेपी कैंडिडेट नीरज सिन्हा की उन्होंने खूब तारीफ की. साथ ही प्रशांत किशोर की तरफ से लगाए गए आरोप को लेकर पलटवार किया.
मंत्री रामकृपाल यादव ने डाला वोट
मंत्री रामकृपाल यादव ने भी वोट डाला. इस दौरान उन्होंने कहा, एकतरफा चुनाव हो रहा है. तरीके से बांकीपुर में लगातार पिछले कई वर्षों में विकास हुआ है. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को जनता का प्यार मिला है. सभी लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार नीरज कुमार सिन्हा को ही जीत मिलेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर जैसा नौटंकीबाज, सौदेबाज, बाहर का आदमी है. जिसको बांकीपुर का कोई अता पता नहीं है. उनका अता पता दिल्ली है कि मुंबई है पता नहीं. उनको जनता कदापि वोट नहीं करेंगे.
9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान
बांकीपुर सीट के लिए सुबह 7 बजे से लेकर 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान हुआ. पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर, सांसद विवेक ठाकुर, मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक समेत अन्य लोगों ने मतदान किया.
लोगों को परेशान करने पर डीएम का आदेश
विकास रेसिडेंशियल पब्लिक स्कूल (बूथ संख्या 19, 20 और 21) में बबलू नाम का व्यक्ति लोगों को परेशान कर रहा था. कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर डीएम ने तत्काल मामले को देखने का निर्देश दिया. यहां पर 9:00 बजे तक 4.88 प्रतिशत वोटिंग हुई.
मतदान केंद्रों का किया जा रहा निरीक्षण
निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पटना पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है. सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई थी. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है, जबकि अधिकांश केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.
पूरे विधानसभा क्षेत्र में पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उनके अलावा सिटी एसपी मध्य ममता कल्याणी, सिटी एसपी पूर्वी शैलजा और सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार भी लगातार अलग-अलग इलाकों का घूम-घूमकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं. सभी अधिकारी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, उपलब्ध संसाधनों और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं.
चुनाव को लेकर पूरे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्ती लगातार जारी है. क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), दंडाधिकारी, मोबाइल पेट्रोलिंग दल और अन्य पुलिस बलों को भी रणनीतिक जगहों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.
70 साल की बुजुर्ग ने किया मतदान
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर गुरुवार की सुबह से ही दरियापुर के मध्य विद्यालय, बैप्टिस्ट चर्च और जानवर अस्पताल बूथ में सुबह से ही बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह दिखा. यहां अपना मत देने आई 70 साल की आबिदा खातून ने बताया कि अपना अधिकार समझ कर वोट देने आई हूं. मुझे देखकर घर और आस-पास के लोगों में भी अपने मताधिकार को लेकर जागरूकता बढ़ती है तो मैं समझूंगी मेरी मेहनत सफल हुई.
साथ ही इस इलाके में बने अन्य बूथों पर भी बुजुर्ग मतदाता ई-रिक्शा पर सवार होकर अपना मत देने के लिए पहुंचे. सुबह 8.30 बजे तक दरियापुर इलाके के अलग-अलग पांच बूथों पर 250 से अधिक लोगों ने अपने मत दिया. लेकिन सुबह 9 बजे बारिश शुरू होने की वजह से वोट देने की रफ्तार थोड़ी कम हुई.
पहली बार वोट करने पहुंचे युवा का बयान
बूथ संख्या 203 पर पहली बार मतदान करने पहुंचे युवा मतदाता विरासत राज ने कहा कि पहली बार वोट डालने को लेकर वह काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेना उनके लिए गर्व की बात है और हर युवा को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए. विरासत राज अपनी बहन के साथ मतदान करने पहुंचे थे. दोनों ने मतदान के बाद अन्य लोगों से भी मतदान करने की अपील की.
कड़ी सुरक्षा के बीच करबिगहिया में वोटिंग
पुनपुन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, करबिगहिया स्थित मतदान केंद्र पर सुबह 7:30 बजे से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है. मतदान केंद्र पर सबसे अधिक महिलाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है. बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं. पुरुष मतदाता भी लगातार मतदान के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि युवाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है.
मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जिससे मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. सुबह से ही मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है.
MLA श्याम रजक ने किया वोट
विधायक श्याम रजक ने भी वोट डाल दिया है. पटना के पीरमुहानी के संत जोसेफ्स प्राइमरी स्कूल में बूथ संख्या 172 पर विधायक ने वोट डाला. मतदान के बाद उन्होंने तस्वीर भी खिंचवाई.
75 साल की महिला ने डाला वोट
पटना के बुद्धा कॉलेनी में 75 साल की महिला वोट डालने के लिए पहुंची. इस दौरान उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव होता है तो वे वोट देने जाती हैं. इस तरह से युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.
पटना वीमेंस कॉलेज में मतदान की रफ्तार धीमी
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पटना वीमेंस कॉलेज में भी पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. लेकिन यहां पर अब तक मतदान की प्रक्रिया धीमी है. सुबह-सुबह यहां कम संख्या में ही वोटर मतदान करने पहुंच रहे हैं.
वोटिंग के बीच जन सुराज का बीजेपी पर आरोप
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज की तरफ से एक वीडियो शेयर किया गया है. इसके बारे में बताया गया कि पटना के किदवईपुरी में बूथ नंबर- 101, 102 और 103 पर अभिषेक कुमार बंटी (पूर्व प्रत्याशी) कुछ लोग के साथ दबंगई दिखा रहे हैं. यहां कुछ अपने कार्यकर्ताओं की जरूरत है.
बुजुर्ग दंपति वोट डालने पहुंचे
बांकीपुर सीट के लिए 422 बूथों पर वोटिंग हो रही है. युवा के साथ-साथ बुजुर्ग भी वोट डालने पहुंच रहे हैं. ऐसे में सुबह-सुबह बुजुर्ग दंपति ने मतदान किया.
वोटिंग के बीच मृत्युंजय तिवारी का दावा
बांकीपुर सीट के लिए वोटिंग के बीच बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने दावा किया कि बांकीपुर में हार सुनिश्चित देखकर प्रशांत किशोर के लोग फर्जी मतदाता से वोट डलवाने का प्रयास कर रहे हैं. इसलिए बीजेपी ने सभी पीठासीन अधिकारियों को वोटरों के सत्यापन के जांच के लिए अनुरोध किया है.
उन्होंने यह भी कहा, लोकतंत्र में निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ मताधिकार का प्रयोग कर सके, इसको देखना चुनाव आयोग का काम है. फर्जी वोटरों की तरफ से माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है. इनकी जमानत जब्त होने वाली है. बांकीपुर की जनता BJP के साथ है.
422 पोलिंग बूथों की कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है. यहीं से 422 मतदान केंद्रों की मॉनिटरिंग की जा रही है. साथ ही सीसीटीवी कैमरे की मदद से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है.
वोटर बोले- हम बदलाव चाहते हैं
बूथ नंबर 198 पर वोट डालने पहुंचे टिंकू कुमार ने कहा- माहौल तो अच्छा है. लेकिन बीजेपी 40 साल से यहीं है और विकास उतना कुछ हुआ नहीं है. इसलिए हमलोग चाहते हैं कि बदलाव हो.
सीपी ठाकुर और विवेक ठाकुर ने डाला वोट
पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. सीपी ठाकुर और नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने डाकबंगला रोड (पटना) जाकर वोट डाला. इस दौरान उनके परिवार के लोग भी मौजूद रहे.
वोटर बोले- ज्यादा चांस पीके का
मतदान करने पहुंचे खुर्शीद अनवर ने कहा- बांकीपुर सीट पर ज्यादा चांस प्रशांत किशोर का है. इस एरिया में ज्यादातर बीजेपी का ही प्रभाव है लेकिन इस बार माहौल गड़बड़ाया हुआ है.
टोटल 379616 वोटर्स डालेंगे वोट
बांकीपुर विधानसभा में टोटल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं. इनमें 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला और 23 थर्ड जेंडर हैं. 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में और 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में स्थापित किए गए हैं.
पटना वीमेंस कॉलेज में डाले जा रहे वोट
पटना वीमेंस कॉलेज में सुबह-सुबह वोटर वोट देने के लिए पहुंचे. पोलिंग बूथ को गुब्बारे से सजाया गया है. शांतिपूर्ण माहौल में बांकीपुर सीट के लिए वोटिंग की शुरुआत हो गई है.
Bankipur Bypoll Voting LIVE Update: बांकीपुर में वोटिंग खत्म, फाइनल डाटा का इंतजार, पूरे दिन का ऐसा रहा हाल
बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए वोटिंग शुरू हो गई है. टोटल 422 बूथों पर वोट डाले जायेंगे. आज वोटिंग को लेकर एक दिन पहले ही जिला प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां कर ली गईं थीं. ऐसे में आज 25 उम्मीदवारों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इनमें से बीजेपी के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है.
पटना यूनिवर्सिटी को रखा गया बंद
जानकारी के मुताबिक, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पटना यूनिवर्सिटी को आज बंद रखा गया है. एएन कॉलेज की बात करें तो, यहीं उपचुनाव की काउंटिंग होगी. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ ईवीएम मशीनों को भी कॉलेज में रखा जाएगा. ऐसी स्थिति में एएन कॉलेज के स्टूडेंट्स के लिए 4 अगस्त तक ऑनलाइन क्लासेस चलेंगे.
SSP ने दी थी ये जानकारी
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया था, चुनाव के लिए केंद्रीय पुलिस फोर्स की 14 कंपनियां तैनात रहेंगी. सभी बूथों पर जवान तैनात रहेंगे. इसके अलावा बिहार पुलिस और सैप के जवानों की तैनाती पर्याप्त संख्या में होगी. साथ ही कंट्रोल रूम से हर एक परिस्थिति पर नजर रखी जाएगी.