अगर भारत में लग्जरी बसों की बात होती है, तो सबसे पहले दिमाग में Volvo Buses India का नाम आता है. अब कंपनी ने अपने प्रीमियम इंटरसिटी कोच पोर्टफोलियो को और भी शानदार बनाते हुए नई Volvo 9600 Seater-Sleeper बस लॉन्च कर दी है. हाल ही में गुजरात के गांधीनगर में आयोजित PRAWAAS 5.0 ट्रांसपोर्ट एग्ज़िबिशन में कंपनी ने पहली बार इस बस को दिखाया. अब इस अल्ट्रा-लग्जरी बस का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें इसके शानदार फीचर्स और लग्जरी इंटीरियर की झलक देखने को मिली है. आइए देखते हैं.
Volvo 9600: सीटिंग लेआउट
Volvo 9600 कोच को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें कुल 51 पैसेंजर्स आराम से सफर कर सकें. इसके लिए इसमें 24 स्लीपर बर्थ और 27 प्रीमियम रिक्लाइनिंग सीटों का कॉम्बिनेशन दिया गया है. खास बात यह है कि 24 स्लीपर बर्थ में से 21 अपर डेक पर हैं, जबकि बाकी 3 बर्थ पीछे की तरफ बनाई गई हैं. वहीं, लोअर डेक पर 27 प्रीमियम रिक्लाइनिंग सीटें मिलती हैं.
सामान रखने के लिए भी इसमें किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी गई है. कोच में 6 क्यूबिक मीटर का अंडरफ्लोर लगेज स्पेस दिया गया है. यह बड़ी लगेज कैपेसिटी लंबी दूरी की इंटरसिटी, टूरिज्म और तीर्थयात्रा जैसी सेवाओं के लिए काफी फायदेमंद होती है.
Volvo 9600: प्रीमियम केबिन
Volvo ने 9600 Seater-Sleeper के इंटीरियर को भी पूरी तरह अपग्रेड किया है. बस के अंदर नया इंटीरियर, बेहतर मूड लाइटिंग, कम्फर्टेबल सीट और बर्थ लेआउट, प्राइवेसी के लिए पार्टिशन, एंटरटेनमेंट की सुविधा और हर पैसेंजर के लिए मोबाइल चार्जिंग पोर्ट जैसी खूबियां दी गई हैं.
इस कोच की सबसे खास बात इसका इंटीग्रेटेड किचनेट और पूरी तरह बंद (Fully Enclosed) ऑनबोर्ड टॉयलेट हैं. खासकर रातभर के लंबे सफर या कई सौ किलोमीटर की ट्रेवल के दौरान ये सुविधाएं पैसेंजर्स के लिए काफी काम की साबित होंगी.
Volvo 9600: सेफ्टी फीचर्स
Volvo की हर गाड़ी की तरह नई 9600 Seater-Sleeper को भी सेफ्टी के मामले में खास बनाया गया है. इस कोच में कई एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस और एक्टिव सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 360-डिग्री कैमरा, Electronic Camera Monitor Mirrors, Tyre Pressure Monitoring System (TPMS), Driver State Monitoring System और Alcohol Interlock System जैसे फीचर्स शामिल हैं.
Volvo 9600: पावरट्रेन
नई Volvo 9600 Seater-Sleeper को दमदार और फ्यूल-एफिशिएंट Volvo VEDX8 डीजल इंजन के साथ पेश किया गया है. इसके साथ कंपनी का I-Shift ऑटोमेटेड ट्रांसमिशन मिलता है. बात करें Volvo 9600 प्लेटफॉर्म की, तो इसे भारत के सबसे प्रीमियम लग्जरी कोचों में गिना जाता है. इसका मौजूदा Volvo 9600 SLX मॉडल देश के कई बड़े प्राइवेट बस ऑपरेटर यूज कर रहे हैं. इसकी कीमत कॉन्फिगरेशन के हिसाब से करीब 2 करोड़ रुपये से 2.5 करोड़ रुपये के बीच है.
ये भी पढ़ें: इन 5 कारों में कंपनी देती है फैक्ट्री-फिटेड डैशकैम, अलग से लगवाने की नहीं पड़ेगी जरूरत, देखें लिस्ट
