46.99 लाख रुपये में लॉन्च हुई Volkswagen Tayron R-Line, देखें फीचर्स

Volkswagen ने अब इंडिया में अपना नया Tayron R-Line लॉन्च कर दिया है. ये एक प्रीमियम 7 सीटर SUV है, जिसे खास तौर पर Fortuner और Kodiaq जैसी बड़ी SUVs के मुकाबले पेश किया गया है. आइए देखते हैं इसके फीचर्स और प्राइस.

Volkswagen ने अपनी नई Volkswagen Tayron R-Line को आखिरकार भारत में लॉन्च कर दिया है. इसकी शुरुआती कीमत 46.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है. कंपनी ने कुछ समय पहले ही इस SUV से पर्दा उठाया था, लेकिन आज इसकी कीमत का खुलासा किया गया है. खास बात ये है कि Tayron R-Line को भारत में Completely Knocked Down (CKD) यूनिट के तौर पर बेचा जाएगा. यानी इसे बाहर से पार्ट्स में लाकर यहां असेंबल किया जाएगा. अब चलिए, आराम से समझते हैं कि इस नई Tayron R-Line के डिजाइन में क्या खास है, इसमें कौन-कौन से फीचर्स मिलते हैं और इंजन के मामले में ये SUV कितनी दमदार है.

कैसा है डिजाइन? 

पहली नजर में ही ये SUV काफी स्पोर्टी और दमदार लुक देती है. फ्रंट से देखें तो इसमें ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप्स मिलते हैं, जो इसे शार्प और मॉडर्न लुक देते हैं. इसके साथ ही बोनट के पूरे चौड़ाई में चलने वाली LED लाइट बार और बीच में चमकता हुआ Volkswagen लोगो इसे और प्रीमियम फील देता है. स्पोर्टी बंपर में दिए गए बड़े एयर इंटेक्स इसकी एग्रेसिव पर्सनैलिटी को और उभारते हैं.

साइड प्रोफाइल भी काफी शानदार है. पतली ब्लैक बॉडी क्लैडिंग और 19-इंच के बड़े अलॉय व्हील्स इसकी स्पोर्टी अपील को और मजबूत बनाते हैं. अब पीछे की तरफ आएं तो यहां कनेक्टेड LED टेललाइट्स मिलती हैं. इसके बीच में लाइट अप होता हुआ Volkswagen लोगो काफी शानदार लगता है. बंपर पर बड़ा ब्लैक गार्निश और इंटीग्रेटेड रिफ्लेक्टर्स दिए गए हैं. ऊपर की तरफ हल्का सा रूफ स्पॉइलर भी मिलता है, जिसमें स्टॉप लैम्प इंटीग्रेटेड है.

कौन-कौन से मिलते हैं फीचर्स?

इसमें आपको बड़ा सा 15-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जिसके साथ 10.25-इंच का फुली डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले भी दिया गया है. आराम के मामले में भी ये SUV पीछे नहीं है. इसमें 12-वे इलेक्ट्रिक फ्रंट सीट्स मिलती हैं, जिनमें मसाज और वेंटिलेशन फंक्शन भी शामिल है.

इसके अलावा कार में 30-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, मैट्रिक्स LED लैंप्स, पैनोरमिक सनरूफ और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. टेक्नोलॉजी के शौकीनों के लिए इसमें AR-बेस्ड हेड्स-अप डिस्प्ले (HUD) भी है. इसकी मदद से आप जरूरी जानकारी विंडस्क्रीन पर ही देख सकते हैं. साथ ही, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम भी मिलता है.

इसेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इसमें आपको पूरे 9 एयरबैग मिलते हैं. साथ ही 360-डिग्री कैमरा दिया गया है. इसमें ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटर भी है, जो साइड में छिपे वाहनों के बारे में अलर्ट करता है.

इसके अलावा गाड़ी में लेवल 2 ADAS जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं. पहाड़ी रास्तों के लिए इसमें हिल-स्टार्ट और हिल-होल्ड असिस्ट भी दिया गया है, ताकि ढलान पर गाड़ी पीछे न लुढ़के.

कितना दमदार है इंजन?

इंजन की बात करें, तो इसमें वही 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है जो Tiguan R-Line में दिया जाता है. इस इंजन के साथ 7-स्पीड ड्यूल क्लच ट्रांसमिशन (DCT) दिया गया है. पावर की बात करें तो ये SUV 204hp की ताकत और 320 Nm का टॉर्क जनरेट करती है.

इतना ही नहीं, ये सात-सीटर SUV 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 7.3 सेकंड में पकड़ लेती है. वहीं इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिकली 224 किमी/घंटा तक लिमिटेड है. कुल मिलाकर, परफॉर्मेंस के मामले में Tayron R-Line काफी इंप्रेस करने वाली SUV है.

यह भी पढ़ें: 4×4 Thar Electric का कर रहे हैं इंतजार? Mahindra की तरफ से यह खबर आपके लिए है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit Anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >