Tesla ने Model S और Model X गाड़ियों को बंद करने का किया फैसला, जानें क्या है कंपनी का अगला प्लान

अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता Tesla अब अपने दो सबसे पुराने और आइकॉनिक मॉडल Model S और Model X को धीरे-धीरे बंद करने की तैयारी में है. कंपनी अब इसकी जगह मास-मार्केट EVs, रोबोटैक्सी और ह्यूमनॉइड रोबोट्स पर फोकस करने वाली है. साल 2012 में लॉन्च हुई Model S और 2015 में आई Model X ने Tesla को ग्लोबल लेवल पर पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.

Tesla CEO एलन मस्क ने एक चौंकाने वाला ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि कंपनी इस साल अपने दो सबसे पुराने और आइकॉनिक मॉडल्स Model S और Model X को धीरे-धीरे बंद करने की तैयारी कर रही है. ये दोनों मॉडल्स वही गाड़ियां हैं, जिन्होंने साल 2012 और 2015 में Tesla को ग्लोबल लेवल पर पहचान दिलाई थी. इसे लेकर मस्क ने कहा कि यह एक युग का अंत है, जिसने टेस्ला को दुनिया की सबसे वैल्यूएबल ऑटोमोबाइल कंपनी बनाया.

कब से बंद हो जाएंगे Model S और Model X?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Tesla आने वाले कुछ महीनों में इन दोनों मॉडल्स के प्रोडक्शन को धीरे-धीरे कम करेगी. कई देशों में इनके कुछ वेरिएंट्स की बुकिंग पहले ही लिमिटेड कर दी गई है. कंपनी दोनों मॉडल्स को अचानक बंद करने की जगह पहले पुराने ऑर्डर पूरे करना चाहती है.

मस्क ने मौजूदा Model S और Model X मालिकों को चिंता न करने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि, जो लोग पहले से Model S और Model X चला रहे हैं, कंपनी उन्हें हमेशा की तरह सपोर्ट और सर्विस देना जारी रखेगी.

Tesla ने क्यों लिया यह फैसला?

इस फैसले की सबसे बड़ी वजह दोनों मॉडल्स की सेल में गिरावट है. Model S और Model X की बिक्री, Model 3 और Model Y के मुकाबले काफी कम है. बढ़ते कॉम्पिटिशन और घटती कीमतों के बीच Tesla अब उन्हीं मॉडल्स पर फोकस कर रही है, जिनकी डिमांड ज्यादा है और जिनसे प्रॉफिट बेहतर होता है. CEO Elon Musk पहले भी मास-मार्केट EVs पर ध्यान देने की बात कह चुके हैं.

Model S और Model X की खासियतें

Tesla Model S अपनी लंबी रेंज और जबरदस्त परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है. यह करीब 650 किमी की रेंज और 3 सेकंड से कम में 0–100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने की क्षमता रखती है. वहीं, Model X एक प्रीमियम SUV है, जिसमें 580 किमी तक की रेंज, AWD सिस्टम, 7-सीटर केबिन और मशहूर फाल्कन-विंग डोर्स मिलते हैं.

अब कारों की जगह बनेंगे रोबोट्स

एलन मस्क ने ये कन्फर्म किया है, कि टेस्ला अब सिर्फ एक कार कंपनी नहीं रहेगी. कैलिफोर्निया बेस्ड टेस्ला की फैक्ट्री को अब पूरी तरह से बदला जाएगा. वहां अब गाड़ियों के बजाय ह्यूमनॉइड रोबोट्स (इंसानों जैसे दिखने वाले रोबोट) बनाए जाएंगे. मस्क का कहना है कि कंपनी अब भविष्य की तकनीकों जैसे रोबोटैक्सी और ऑटोनॉमस (बिना ड्राइवर वाली) मशीनों पर अपना पूरा फोकस करना चाहती है. ऐसे में अगली तिमाही से इन मॉडल्स का प्रोडक्शन धीरे-धीरे खत्म कर दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: Mahindra BE 6 में लगी आग, कंपनी ने बताया बैटरी नहीं, टायर फ्रिक्शन के कारण हुआ हादसा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shivani Shah

डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >