साउथ अफ्रीका में टाटा मोटर्स अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है. इसी कड़ी में कंपनी ने अपनी पॉपुलर SUV Nexon को वहां लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती कीमत ZAR 2,49,900 (करीब 14.80 लाख रुपये) रखी गई है. हालांकि, साउथ अफ्रीका में Nexon को ‘Osprey’ नाम से बेचा जाएगा. यह नाम एक ऐसे शिकारी पक्षी के नाम पर रखा गया है, जो काफी तेज और मजबूत माना जाता है.
बता दें कि टाटा मोटर्स ने 2019 में साउथ अफ्रीका का बाजार छोड़ दिया था. इसके बाद कंपनी ने पिछले साल फिर से वहां वापसी की. अब टाटा धीरे-धीरे वहां अपनी कारों की संख्या बढ़ा रही है. कंपनी पहले ही Harrier, Curvv, Punch और Tiago जैसी कारें बेच रही है. अब Nexon के आने से साउथ अफ्रीका में टाटा की कारों की रेंज और भी बड़ी हो गई है.
Nexon जैसी डिजाइन, बस कलर्स के नाम हैं अलग
साउथ अफ्रीका में Tata Osprey को CBU (Completely Built Unit) रूट के जरिए लाया गया है. इसके एक्सटीरियर डिजाइन की बात करें तो यह भारत में बिकने वाली Nexon से काफी हद तक मिलता-जुलता है. यहां तक कि दोनों के कलर ऑप्शन भी लगभग एक जैसे हैं, बस दक्षिण अफ्रीका में इनके नाम बदल दिए गए हैं. उदाहरण के लिए, भारत में मिलने वाला Pristine White कलर वहां First Light नाम से पेश किया गया है. बाकी शेड्स के नाम में भी इसी तरह का बदलाव देखने को मिलता है.
ये भी पढ़ें: Kia Syros का Flex-Fuel मॉडल हुआ पेश, 85% एथेनॉल तक वाले फ्यूल से चलेगी ये SUV
Osprey के इंजन और गियरबॉक्स डिटेल्स
Tata Osprey को साउथ अफ्रीका में तीन ट्रिम्स, Smart+, Creative और Creative+ PS में उतारा गया है. हालांकि, इंजन के मामले में यहां ऑप्शन थोड़े सीमित हैं. भारत की Nexon में पेट्रोल, डीजल और CNG जैसे कई ऑप्शन मिलते हैं, लेकिन Osprey को सिर्फ 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया गया है. यह इंजन 120 PS की पावर और 170 Nm का टॉर्क जनरेट करता है.
ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक (DCA) का ऑप्शन मिलता है, साथ ही DCA वेरिएंट में पैडल शिफ्टर्स भी दिए गए हैं. वहीं, भारत में बिकने वाली Nexon की खासियत इसका ज्यादा पावरट्रेन ऑप्शन होना है. यहां 1.5-लीटर डीजल इंजन के साथ CNG का ऑप्शन भी मिलता है.
वेरिएंट के हिसाब से कौन-कौन से फीचर्स मिलते हैं?
फीचर्स की बात करें तो साउथ अफ्रीका में मिलने वाले Osprey के Smart+ वेरिएंट में 7-इंच का Harman टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. इसके साथ फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 2 स्पीकर भी दिए गए हैं. कार में इलेक्ट्रिकली ऑपरेटेड ORVMs, सभी पावर विंडो और स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा Type-A USB चार्जिंग पोर्ट और Follow Me Home हेडलैंप भी इस वेरिएंट का हिस्सा हैं.
सेफ्टी के मामले में भी Osprey Creative वेरिएंट को काफी अच्छे फीचर्स मिलते हैं. इसमें 6 एयरबैग, Electronic Stability Program (ESP) और ISOFIX जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. कार में रियर AC वेंट्स, ऑटो-फोल्ड ORVMs और हाइट-एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मिलती है. म्यूजिक के लिए 4 स्पीकर और 2 ट्वीटर दिए गए हैं, जबकि HD रियर-व्यू कैमरा पार्किंग को आसान बनाता है. इसके अलावा वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay की सुविधा भी मिलती है.
इसमें कूल्ड ग्लवबॉक्स, हिडन रियर वाइपर और वॉशर के साथ Type-A और Type-C USB चार्जिंग पोर्ट दिए गए हैं. केबिन में टच-बेस्ड कंट्रोल पैनल मिलता है, जिससे कार के कई फंक्शन्स को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है. इसमें HD रियर-व्यू कैमरा के साथ 360-डिग्री सराउंड व्यू सिस्टम मिलता है, जो ब्लाइंड-व्यू मॉनिटर के साथ आता है.
इसके टॉप-स्पेक Creative+ PS वेरिएंट में फीचर्स को और बेहतर करते हुए वॉयस-एक्टिवेटेड पैनोरमिक सनरूफ और वायरलेस चार्जर जैसे एडवांस्ड फीचर्स भी जोड़े गए हैं. इसमें बाय-फंक्शन LED हेडलैंप, कॉर्नरिंग फंक्शन के साथ फ्रंट फॉग लैंप, रियर डिफॉगर और कप होल्डर वाला रियर सीट आर्मरेस्ट दिया गया है. सेफ्टी के लिए इसमें TPMS (टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम), फ्रंट पार्किंग सेंसर, ऑटोमैटिक रेन-सेंसिंग वाइपर और ऑटो हेडलैंप जैसे फीचर्स मिलते हैं.
हालांकि, भारत में Nexon के साथ मिलने वाला ADAS फीचर साउथ अफ्रीका में Osprey के किसी भी वेरिएंट में नहीं दिया गया है. इसके बावजूद सेफ्टी के मोर्चे पर Osprey मजबूत नजर आती है, क्योंकि इसे 5-स्टार NCAP सेफ्टी रेटिंग मिलेगी.
