भारतीय ऑटो बाजार में इस सप्ताह नई कारों की जबरदस्त हलचल देखने को मिलने वाली है. एक तरफ मारुति सुजुकी अपनी सबसे लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है, तो दूसरी तरफ किआ अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी सिरोस ईवी से ईवी सेगमेंट में चुनौती पेश करेगी. वहीं लग्जरी कार पसंद करने वालों के लिए मर्सिडीज-एएमजी ई 53 4मैटिक+ प्लग-इन हाइब्रिड भी दस्तक देने को तैयार है. पेट्रोल, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड, तीनों तरह के पावरट्रेन के साथ आने वाली ये लॉन्चिंग फेस्टिव सीजन से पहले बाजार का समीकरण बदल सकती हैं.
23 जुलाई को आएगी मर्सिडीज-एएमजी ई 53 4मैटिक+ पीएचईवी
सबसे पहले 23 जुलाई को मर्सिडीज अपनी नई एएमजी ई 53 4मैटिक+ प्लग-इन हाइब्रिड सेडान लॉन्च करेगी. यह कार 3.0 लीटर टर्बो इनलाइन-6 इंजन और 21.2 kWh बैटरी पैक के साथ आएगी. दोनों मिलकर करीब 585 हॉर्सपावर और 750 Nm टॉर्क पैदा करेंगे.
कंपनी का दावा है कि यह कार लगभग 100 किलोमीटर तक सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में भी चल सकती है. ऐसे में यह हाई परफॉर्मेंस और कम ईंधन खर्च का बेहतरीन कॉम्बिनेशन पेश करेगी.
24 जुलाई को लॉन्च होगी नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट
मारुति सुजुकी 24 जुलाई को नई ब्रेजा फेसलिफ्ट लॉन्च करेगी. इस एसयूवी में पहले से ज्यादा शार्प डिजाइन, नया 10.25 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पूरी तरह डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है.
इंजन विकल्पों की बात करें तो मौजूदा 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ नया 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी देखने को मिल सकता है. यह इंजन लगभग 108 बीएचपी की पावर और 170 Nm टॉर्क देगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक छोटे टर्बो इंजन की वजह से टैक्स स्ट्रक्चर में भी फायदा मिल सकता है, जिससे इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी बन सकती है.
किआ सिरोस ईवी देगी लंबी रेंज का विकल्प
इसी दिन किआ अपनी नई सिरोस ईवी भी लॉन्च करेगी. यह इलेक्ट्रिक एसयूवी दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ आएगी. इसमें 42 kWh और 51.4 kWh बैटरी पैक का विकल्प मिलेगा.
बड़ी बैटरी वाले मॉडल में 526 किलोमीटर तक की एआरएआई प्रमाणित रेंज मिलने का दावा किया गया है. वहीं मोटर आउटपुट 168.9 बीएचपी और 255 Nm टॉर्क तक होगा. यह मॉडल उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो लंबी दूरी तय करने वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी की तलाश में हैं.
फेस्टिव सीजन से पहले बढ़ेगी मुकाबले की टक्कर
इन तीनों लॉन्च का समय भी काफी अहम माना जा रहा है. त्योहारी सीजन से पहले कंपनियां अपने नए मॉडल बाजार में उतार रही हैं ताकि ग्राहकों का ध्यान आकर्षित किया जा सके.
नई ब्रेजा का मुकाबला टाटा नेक्सन, हुंडई वेन्यू और महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ जैसी एसयूवी से होगा. वहीं सिरोस ईवी इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर सकती है. दूसरी ओर मर्सिडीज-एएमजी की नई प्लग-इन हाइब्रिड लग्जरी कार प्रीमियम ग्राहकों के लिए नया विकल्प लेकर आएगी.
लॉन्च के बाद किन बातों पर रहेगी नजर?
ऑटो इंडस्ट्री की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या ब्रेजा का नया टर्बो इंजन ग्राहकों को आकर्षित कर पाता है. वहीं सिरोस ईवी की लंबी रेंज भारतीय ग्राहकों को कितना प्रभावित करती है, यह भी देखने वाली बात होगी. मर्सिडीज-एएमजी ई 53 4मैटिक+ पीएचईवी की सफलता भविष्य में भारत में और ज्यादा प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल्स का रास्ता खोल सकती है.
ये भी पढ़ें: नई Kia Syros EV खरीदें या Tata Punch EV? जानें फीचर्स और रेंज में किस इलेक्ट्रिक SUV में है ज्यादा दम
ये भी पढ़ें: ₹30000 डाउन पेमेंट पर Bajaj GoGo इलेक्ट्रिक सवारी ऑटो लाएं घर, जानें कितनी देनी पड़ेगी EMI
