Kia Unveiled PV7 Electric Van: इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में Kia ने अपनी नई इलेक्ट्रिक वैन PV7 को पेश किया है. यह कंपनी की PV5 के बाद दूसरी बड़ी इलेक्ट्रिक वैन है. आकार के मामले में PV7, PV5 से काफी बड़ी है. इसे पैसेंजर ट्रांसपोर्ट के साथ-साथ सामान ढोने और अलग-अलग बिजनेस जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
कंपनी का दावा है कि PV7 को अलग-अलग बिजनेस की जरूरतों के हिसाब से कई बॉडी कॉन्फिगरेशन में इस्तेमाल किया जा सकेगा. आइए जानते हैं Kia की इस नई इलेक्ट्रिक वैन में क्या कुछ खास है:
खास E-GMP.S प्लेटफॉर्म पर है आधारित
Kia PV7 को खासतौर पर कमर्शियल व्हीकल्स के लिए बनाए गए 'E-GMP.S प्लेटफॉर्म' पर तैयार किया गया है. यह वैन स्टैंडर्ड और लंबे व्हीलबेस (LWB), दोनों ऑप्शन में पेश की जाएगी.
इसके स्टैंडर्ड मॉडल की लंबाई 5,350mm, चौड़ाई 1,995mm और ऊंचाई 1,990mm है. वहीं, इसका व्हीलबेस 3,500mm का है.
ये भी पढ़ें: Blinq Ryde: आ गई नैनो जैसी क्यूट दिखने वाली EV, 250 KM रेंज और 5 मिनट में फुल चार्ज, कीमत सिर्फ ₹4.50 लाख
बैटरी, पावर और 460km की शानदार रेंज
ग्राहकों को PV7 में दो बैटरी पैक के ऑप्शन मिलेंगे- 71.5kWh और 96.2kWh.
शुरुआत में इसका फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) मॉडल बाजार में उतारा जाएगा, जो 200kW (करीब 272PS) की पावर और 420Nm का पीक टॉर्क जनरेट करेगा. बाद में इसका ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) वर्जन भी आएगा.
रेंज की बात करें तो, बड़े 96.2kWh बैटरी पैक के साथ PV7 कार्गो मॉडल सिंगल चार्ज में करीब 460 किलोमीटर (WLTP) तक की शानदार रेंज देगा.
25 मिनट में होगी 80% चार्ज
इस वैन में 800V इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया गया है, जो PV5 (400V सिस्टम) के मुकाबले ज्यादा तेज चार्जिंग सपोर्ट करता है.
350kW के फास्ट चार्जर की मदद से इसकी बैटरी को मात्र 25 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है.
चार्जिंग की सुविधा के लिए इसमें दो पोर्ट दिए गए हैं. आगे वाला पोर्ट AC और DC दोनों सपोर्ट करता है, जबकि पीछे वाला पोर्ट सिर्फ AC चार्जिंग के लिए है.
शानदार स्पेस और पेलोड कैपेसिटी
कार्गो और बिजनेस पर्पज के लिए इसमें भरपूर स्पेस दिया गया है. इसके कार्गो वर्जन में स्टैंडर्ड रूफ के साथ 6.1 क्यूबिक मीटर और हाई-रूफ मॉडल में 8.0 क्यूबिक मीटर तक का स्पेस मिलता है.
पेलोड कैपेसिटी यानी सामान उठाने की क्षमता की बात करें तो स्टैंडर्ड वर्जन 1,200 किलोग्राम और लंबा व्हीलबेस वाला मॉडल 1,165 किलोग्राम तक वजन उठा सकता है.
पैसेंजर वर्जन का इस्तेमाल शटल, टूरिस्ट, रेंटल और प्राइवेट इस्तेमाल के लिए किया जा सकता है. यूरोपीय बाजार में इसमें 9 सीट्स, जबकि साउथ कोरिया में 11 सीट्स तक का ऑप्शन मिलेगा.
23 अलग-अलग वेरिएंट्स में आएगी PV7
Kia ने इस वैन को 'फ्लेक्सिबल बॉडी सिस्टम' के साथ डिजाइन किया है. कंपनी का प्लान भविष्य में इसके 23 अलग-अलग वेरिएंट्स बाजार में उतारने का है.
इसमें कार्गो, पैसेंजर, चेसिस कैब और कई कस्टम मॉडल शामिल होंगे. इसके अलावा, कंपनी 2029 तक अपनी एक और नई वैन 'PV9' लाकर अपने इलेक्ट्रिक कमर्शियल पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी.
ये भी पढ़ें: Volvo EX90: आ रही है 'आंख' मारने वाली लग्जरी SUV, इसके 'जादुई' सनरूफ और फीचर्स देख हो जाएगा प्यार
