AC Recirculation Mode: क्या आपने कभी अपनी कार के डैशबोर्ड पर बने उस छोटे से बटन पर ध्यान दिया है, जिस पर कार के अंदर घूमता हुआ तीर बना होता है? ज्यादातर लोग या तो इसे इग्नोर कर देते हैं या फिर बिना समझे यूज करते हैं. लेकिन यह एयर रीसर्कुलेशन बटन आपकी सोच से कहीं ज्यादा काम का है. यह सिर्फ AC पैनल की शोभा बढ़ाने के लिए नहीं दिया गया है. अगर आप इसका सही यूज करना सीख लें, तो कार का केबिन तेजी से कूल हो सकता है, AC पर कम दबाव पड़ता है और फ्यूल की भी बचत हो सकती है. आइए आपको बताते हैं कैसे.
क्या करता है रीसर्कुलेशन बटन?
जब आप अपनी कार में एयर रीसर्कुलेशन बटन दबाते हैं, तो AC बाहर की गर्म हवा लेना बंद कर देता है और केबिन के अंदर की हवा को ही दोबारा ठंडा करके घुमाने लगता है. सुनने में यह छोटा-सा बदलाव लग सकता है, लेकिन इसका असर काफी बड़ा होता है. क्योंकि AC को बार-बार बाहर की गर्म हवा को ठंडा नहीं करना पड़ता, इसलिए केबिन जल्दी ठंडा होता है और ठंडी हवा भी ज्यादा असरदार तरीके से मिलती है. खासकर गर्मियों में यह फीचर कुछ ही मिनटों में कार के अंदर का माहौल चेंज कर देता है.
कैसे यह मोड कार को तेजी से कूल करता है?
बहुत से लोग सोचते हैं कि कार का AC ठंडी हवा बनाता है, जबकि असल में उसका काम हवा से गर्मी को बाहर निकालना होता है. अगर AC फ्रेश एयर मोड पर चल रहा है और बाहर का टेम्परेचर 35°C है, तो सिस्टम को हर बार 35°C की गर्म हवा को ठंडा करना पड़ता है. ऐसे में केबिन को ठंडा होने में ज्यादा समय लगता है.
वहीं, जब आप रीसर्क्युलेशन मोड ऑन करते हैं, तो AC बाहर की गर्म हवा की बजाय केबिन के अंदर की हवा को ही बार-बार ठंडा करता है. मान लीजिए केबिन का टेम्परेचर 25°C तक आ गया, तो अब सिस्टम 35°C नहीं बल्कि 25°C की हवा को और ठंडा करेगा. फिर अगली बार और ठंडी हवा को कूल करेगा. यही वजह है कि रीसर्क्युलेशन मोड में कार का केबिन जल्दी ठंडा हो जाता है और AC को भी कम मेहनत करनी पड़ती है.
यह भी पढ़ें: ड्राइव करते-करते नींद आई तो Mahindra XUV700 में लगा ये फीचर तुरंत देगा अलर्ट, जानें कैसे करता है काम
रिसर्कुलेशन मोड से फ्यूल की बचत कैसे होती है?
आपकी कार का AC कंप्रेसर इंजन से बेल्ट के जरिए चलता है. जब AC को बार-बार बाहर की गर्म हवा को ठंडा करना पड़ता है, तो कंप्रेसर पर ज्यादा लोड पड़ता है. इसका सीधा असर इंजन पर पड़ता है और इंजन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इससे फ्यूल की खपत भी बढ़ जाती है.
वहीं, जब आप रीसर्कुलेशन मोड का यूज करते हैं, तो AC पहले से ठंडी हो चुकी केबिन की हवा को दोबारा ठंडा करता है. इससे कंप्रेसर का काम आसान हो जाता है और उसे पूरी ताकत से लगातार चलने की जरूरत नहीं पड़ती. नतीजा यह होता है कि इंजन पर लोड कम पड़ता है और कार थोड़े कम फ्यूल में भी चल जाती है.
कब यूज करना चाहिए रिसर्कुलेशन मोड?
गर्मी में खड़ी कार में बैठते ही अगर आप चाहते हैं कि केबिन जल्दी ठंडा हो जाए, तो AC का रिसर्कुलेशन मोड तुरंत ऑन कर दें. इससे AC बार-बार बाहर की गर्म हवा खींचने के बजाय अंदर की पहले से ठंडी हो रही हवा को ही ठंडा करता है, जिससे केबिन तेजी से कूल होता है.
इतना ही नहीं, भारी ट्रैफिक में यह मोड बाहर के धुएं और प्रदूषण को भी केबिन के अंदर आने से रोकता है. हालांकि, अगर कार में कई लोग बैठे हों तो रिसर्कुलेशन मोड को लगातार लंबे समय तक चालू रखने से बचना चाहिए. बंद केबिन में CO2 का लेवल बढ़ सकता है, जिससे हवा बासी लगने लगती है और कुछ लोगों को घुटन भी महसूस हो सकती है.
यह भी पढ़ें: हर कार ओनर के पास होने ही चाहिए ये 5 जरूरी एक्सेसरीज, मुसीबत के समय आएंगे काम
