भारतीय बाजार में 125cc कम्यूटर बाइक सेगमेंट तेजी से पॉपुलर हो रहा है. इस सेगमेंट में Honda SP 125 व TVS Raider 125 सबसे चर्चित बाइक्स में शामिल हैं. हाल ही में दोनों मॉडल्स को नए अपडेट्स मिले हैं, जिसके बाद इनके बीच मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है. एक तरफ Honda SP 125 बेहतर माइलेज और भरोसेमंद परफॉर्मेंस का दावा करती है, तो दूसरी ओर TVS Raider 125 ABS, राइडिंग मोड्स और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स के साथ यंगस्टर्स को आकर्षित कर रही है. ऐसे में आइए जानते हैं दोनों में से कौन सी बाइक आपके लिए बेहतर साबित हो सकती है.
कीमत में कौन है आगे?
Honda SP 125 की एक्स-शोरूम कीमत 88,528 रुपये से शुरू होकर 96,116 रुपये तक जाती है. वहीं, TVS Raider 125 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 82,860 रुपये है. यानी कीमत के मामले में Raider 125 थोड़ा ज्यादा किफायती ऑप्शन बनकर सामने आती है.
सेफ्टी के मामले में कौन-सी बाइक बेहतर?
अगर आपके लिए ABS (एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम) जरूरी फीचर है, तो TVS Raider 125 इस मामले में आगे है. Raider 125 के टॉप TFT DD और SXC DD वेरिएंट्स में ड्यूल डिस्क ब्रेक के साथ ABS दिया गया है, जो इस सेगमेंट में एक खास फीचर माना जा रहा है. वहीं, Honda SP 125 में ABS की सुविधा नहीं मिलती. इसमें स्टैंडर्ड वेरिएंट में ड्रम ब्रेक और DLX वेरिएंट में फ्रंट डिस्क ब्रेक का ऑप्शन मिलता है. हालांकि, बाइक में Honda का Combined Braking System (CBS) जरूर दिया गया है.
इंजन और परफॉर्मेंस
Honda SP 125 में 123.94cc का PGM-FI इंजन दिया गया है, जिसे बेहतर माइलेज और स्मूद परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है. दूसरी ओर, TVS Raider 125 में 125cc का 3-वॉल्व, एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन मिलता है. यह इंजन 11.75 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. कंपनी का दावा है कि ABS वेरिएंट 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार केवल 5.8 सेकंड में पकड़ सकता है.
माइलेज में कौन मारेगा बाजी?
माइलेज की बात करें, तो Honda SP 125 यहां मजबूत दावेदार नजर आती है. कंपनी के अनुसार यह बाइक करीब 63 kmpl तक का माइलेज दे सकती है. वहीं, TVS Raider 125 का ARAI-सर्टिफाइड माइलेज लगभग 56.7 kmpl है. हालांकि Raider में बूस्ट, पावर और इको जैसे तीन राइडिंग मोड्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से राइडर जरूरत के हिसाब से परफॉर्मेंस और माइलेज के बीच बैलेंस बना सकता है.
फीचर्स और टेक्नोलॉजी
Honda SP 125 के टॉप DLX वेरिएंट में TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, Honda RoadSync कनेक्टिविटी, आइडलिंग स्टॉप सिस्टम और 15W USB Type-C चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. वहीं, TVS Raider 125 में SmartXonnect तकनीक मिलती है, जिसमें नेविगेशन, कॉल अलर्ट, वॉइस असिस्ट और कई कनेक्टेड फीचर्स शामिल हैं. इसके अलावा इसमें सेगमेंट-फर्स्ट Glide Through Traffic (GTT) फीचर भी मिलता है, जो ट्रैफिक में बिना बार-बार क्लच दबाए बाइक को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने में मदद करता है.
कौन सी बाइक खरीदें?
अगर आपकी प्रायोरिटी बेहतर माइलेज, Honda की भरोसेमंद ब्रांड वैल्यू और आसान मेंटेनेंस है, तो Honda SP 125 एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकती है. लेकिन अगर आप ज्यादा फीचर्स, ABS, स्पोर्टी परफॉर्मेंस और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी चाहते हैं, तो TVS Raider 125 ज्यादा वैल्यू-फॉर-मनी पैकेज ऑफर करती है. यानी कि माइलेज के लिए Honda SP 125 और फीचर्स व सेफ्टी के लिए TVS Raider 125 बेहतर ऑप्शन है.
यह भी पढ़ें: Hero Splendor में है, लेकिन R15 में नहीं! आखिर क्यों खत्म हो रहा है किक स्टार्ट का दौर?
