Hero Xoom 160 एक मैक्सी-स्कूटर है. ये एडवेंचर लुक और प्रीमियम फीचर्स का शानदार कॉम्बिनेशन लेकर आता है. चाहे डेली शहर की भीड़भाड़ वाली रोड पर सफर करना हो या वीकेंड पर लंबी राइड का प्लान बनाना हो, यह स्कूटर दोनों जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. ऐसे में अगर आप इसे खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो आइए जानते हैं इसमें कौन-कौन से फीचर्स मिलते हैं. आखिर में ये भी समझेंगे कि आपके लिए ये स्कूटर सही ऑप्शन है या नहीं.
रोजमर्रा के काम आने वाले फीचर्स
Hero Xoom 160 में स्मार्ट की (Smart Key) दी गई है, जिससे बार-बार चाबी निकालने की जरूरत नहीं पड़ती. इसके साथ कीलेस ऑपरेशन और रिमोट से सीट खोलने जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं. बाइक में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो ब्लूटूथ के जरिए टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा देता है. वहीं, इसमें 22 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज मिल जाता है. इसके अलावा, स्कूटर में फ्लोरबोर्ड के बीच में फ्यूल टैंक कैप दी गई है. इससे पेट्रोल भरवाते समय आपको सीट खोलने या स्कूटर से उतरने की भी जरूरत नहीं पड़ती.
स्मार्ट स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम बचाएगा फ्यूल
इसमें स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम मौजूद है. जैसे ही स्कूटर कुछ सेकंड के लिए ट्रैफिक में रुकता है, इंजन अपने-आप बंद हो जाता है और जैसे ही आप रियर ब्रेक लीवर दबाकर थ्रॉटल घुमाते हैं, इंजन तुरंत फिर से स्टार्ट हो जाता है. इससे बेवजह ईंधन की खपत कम होती है और माइलेज बेहतर मिलता है.
ये भी पढ़ें: बैटरी बदलें और निकल पड़ें…102Km की रेंज वाली Honda Activa e की जानें सारी खूबियां
लंबे सफर को कम्फर्टेबल बनाने के लिए इसमें ड्यूल फुटरेस्ट डिजाइन दिया गया है. इससे राइडर चलते-चलते अपने पैरों की पोजिशन बदल सकता है. वहीं, हाईवे पर फास्ट स्पीड में चलने के दौरान हवा का दबाव कम करने के लिए विंडस्क्रीन भी दी गई है. इसके अलावा, 7 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है.
सेफ्टी फीचर्स
स्कूटर के फ्रंट में 240mm का डिस्क ब्रेक दिया गया है, जिसके साथ सिंगल-चैनल ABS मिलता है. वहीं, पीछे की तरफ ड्रम ब्रेक मिलता है. फीचर्स की बात करें तो इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल और राइडिंग मोड्स जैसे एडवांस फीचर्स नहीं दिए गए हैं.
Hero Xoom 160: क्या आपके लिए सही रहेगा?
कुल मिलाकर देखें तो ₹1,39,898 (एक्स-शोरूम) की कीमत पर Hero Xoom 160 अपनी जरूरी खूबियों के साथ आता है. हालांकि इसमें TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल और रियर डिस्क ब्रेक जैसी कुछ चीजें होती तो बात ही कुछ और होती. लेकिन अच्छी बात यह है कि ये कमियां इतनी बड़ी नहीं हैं कि इन्हें डील-ब्रेकर कहा जाए. अगर आप दमदार परफॉर्मेंस, शानदार रोड प्रेजेंस और मस्क्युलर (Butch) लुक वाला मैक्सी-स्कूटर खरीदने का सोच रहे हैं, तो Hero Xoom 160 आपकी शॉर्टलिस्ट में जरूर होना चाहिए.
ये भी पढ़ें: बैटरी खराब होने की चिंता भूल जाइए, ये 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर देते हैं 5 साल तक की वारंटी, देखें लिस्ट
