साइकिल के पैडल बनाने से लेकर बाइक बनाने तक, Hero Motocorp कैसे बनी भारत की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी

आज जिसे हम Hero Motocorp के नाम से जानते हैं वो कभी Hero Honda हुआ करती थी. ये दिलचस्प कहानी है कि कैसे एक साइकिल पार्ट बनाने कंपनी भारत की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी बन गई. इस लेख के जरिए जानेंगे वो सभी पहलू जो शायद आपने पहले कभी नहीं सुने होंगे

अगर आप 90 के दशक या 2000 की शुरुआत में बड़े हुए हैं, तो आपने अपने घर के बड़े-बुजुर्गों को किसी भी बाइक को सिर्फ 'हीरो होंडा' कहते जरूर सुना होगा. चाहे चाबी किसी भी मोटरसाइकिल की हो, जुबान पर नाम हीरो होंडा ही आता था.

उस दौर का एक टीवी विज्ञापन आज भी कई लोगों के जेहन में ताजा है- "फिल इट, शट इट, फॉरगेट इट" (टंकी भरो, ढक्कन बंद करो और भूल जाओ). यह सिर्फ विज्ञापन नहीं था, बल्कि भारतीय मध्यम वर्ग का अपनी मोटरसाइकिल पर अटूट भरोसा था.

लेकिन आज जब आप सड़क पर निकलते हैं, तो नई बाइकों पर 'Honda' लिखा नहीं मिलता. उसकी जगह लाल-काले रंग में Hero MotoCorp लिखा मिलता है.

लेकिन इसकी वजह क्या रही? आखिर 26 साल तक भारतीय सड़कों पर एकछत्र राज करने वाली Hero और Honda की जोड़ी क्यों टूटी? जापानी कंपनी के अलग होने के बाद बिना उसकी विश्वस्तरीय तकनीक के Hero कैसे जिंदा रही? और आज इलेक्ट्रिक और प्रीमियम दौर में यह कंपनी खुद को कैसे रिलिवेंट बनाए हुए है?

इन कुछ बड़े सवालों का जवाब हम देने वाले हैं हमारे प्रभात खबर के इस स्पेशल सेग्मेंट ‘ऑटोकथा’ में..जिसमें.आज हम Hero Motocorp के बारे में जानेंगे. आइए जानते हैं  साइकिल के पैडल से शुरू होकर भारत की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी बनने की पूरी इनसाइड स्टोरी.

Hero Motocorp का सफरनामा

साइकिल से शुरू हुआ Hero का सफर

हीरो की कहानी 1947 यानी आजादी के ठीक बाद पंजाब के लुधियाना से शुरू होती है. 1951 में चार मुंजाल भाइयों (बृजमोहन लाल मुंजाल, दयानंद मुंजाल, सत्यानंद मुंजाल और ओमप्रकाश मुंजाल) ने साइकिल के छोटे-मोटे कलपुर्जे बनाने से शुरुआत की थी. 1956 में उन्होंने पूरी साइकिल बनानी शुरू की और नाम रखा 'Hero Cycles'. 1980 आते-आते हीरो दुनिया की सबसे बड़ी साइकिल निर्माता कंपनी बन चुकी थी.

लेकिन 80 के दशक में भारत बदल रहा था. साइकिल चला रहा आम भारतीय अब मोटर वाली सवारी चाहता था. उस समय सड़कों पर दो ही तरह के साधन थे:

  • बजाज और एलएमएल के स्कूटर्स: जिनके लिए 5 से 8 साल की लंबी वेटिंग लिस्ट हुआ करती थी.
  • राजदूत और येज्दी जैसी 2-स्ट्रोक बाइक्स: जो भारी थीं, धुआं ज्यादा फेंकती थीं और पेट्रोल बहुत पीती थीं.

मुंजाल भाइयों को समझ आ गया था कि देश को एक ऐसी हल्की, टिकाऊ और सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली मोटरसाइकिल चाहिए, जो आम आदमी के बजट में फिट हो सके. लेकिन इसमें समस्या सिर्फ एक थी- हीरो के पास इंजन बनाने की कोई तकनीक नहीं थी.

हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

1984 में Hero और Honda पहली बार एक हुए

इसी दौर में जापान की ऑटोमोबाइल दिग्गज कंपनी Honda Motor Company भारत के तेजी से बढ़ते बाजार में कदम रखना चाहती थी. लेकिन तत्कालीन भारतीय औद्योगिक नीति के तहत किसी भी विदेशी कंपनी को भारत में सीधे तौर पर 100% हिस्सेदारी के साथ कारोबार करने की अनुमति नहीं थी. उन्हें किसी भारतीय पार्टनर के साथ Joint Venture (JV) करना अनिवार्य था. यहां दोनों ने एक-दूसरे की जरूरतें पूरी कीं:

  • Honda के पास क्या था: 4-स्ट्रोक इंजन की आधुनिक जापानी तकनीक, जो ईंधन की खपत में बेजोड़ थी और बेहद कम धुआं छोड़ती थी.
  • Hero के पास क्या था: भारत के छोटे-छोटे कस्बों और देहातों तक फैला डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, स्थानीय वेंडर्स का आधार और भारतीय ग्राहक की नब्ज की गहरी समझ.

1984 में दोनों कंपनियों ने हाथ मिलाया और जन्म हुआ Hero Honda Motors Limited का. दोनों की हिस्सेदारी लगभग बराबर (करीब 26-26%) रखी गई.

हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

वो मोटरसाइकिलें जिसने बना दिया कंपनी को दुनिया की सबसे बड़ी टू-व्हीलर

1985 में हरियाणा के धारूहेड़ा (Dharuhera) प्लांट से पहली बाइक बाहर निकली- Hero Honda CD 100.

इस बाइक ने भारत में टू-व्हीलर का समीकरण हमेशा के लिए बदल दिया. जहां 2-स्ट्रोक बाइक्स 30-35 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती थीं, वहीं CD 100 ने दावा किया कि यह एक लीटर में 65 से 70 किलोमीटर चलेगी. भारतीय परिवार, जो हर पैसे का हिसाब रखता था, उसके लिए यह बाइक बहुत मुनासिब लगी.

1994 में आई कंपनी की सिग्नेचर- 'Splendor':

CD 100 के बाद 1994 में हीरो होंडा ने एक नई बाइक उतारी, जिसका नाम रखा गया Splendor.

  • आसान मेंटेनेंस: देश के किसी भी कोने में बैठा लोकल मैकेनिक इसे आसानी से ठीक कर सकता था.
  • मजबूत चेसिस और सस्पेंशन: भारतीय सड़कों के गड्ढों को झेलने के लिए परफेक्ट.
  • आर्थिक स्थिरता का प्रतीक: 90 के दशक में नौकरी लगते ही लड़के का पहला सपना स्प्लेंडर खरीदना होता था.

स्प्लेंडर ने बिक्री के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. नतीजा यह हुआ कि साल 2001 में, Hero Honda Motors एक कैलेंडर वर्ष में वॉल्यूम (यूनिट्स की बिक्री) के लिहाज से दुनिया की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी बन गई.

हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

2010: क्यों अलग हुए Hero और Honda?

जब सब कुछ इतना अच्छा चल रहा था, तो फिर दोनों अलग क्यों हुए? दिसंबर 2010 में जब हीरो और होंडा के अलग होने की आधिकारिक घोषणा हुई, तो ऑटो सेक्टर हैरान रह गया.

इसके पीछे कोई मनमुटाव या अचानक हुआ फैसला नहीं था, बल्कि 3 ठोस रणनीतिक और व्यावसायिक कारण थे:

  • विदेशी बाजारों में जाने पर पाबंदी: जॉइंट वेंचर के समझौते के अनुसार, Hero Honda अपनी बाइक्स को भारत के बाहर उन देशों में एक्सपोर्ट नहीं कर सकती थी, जहां Honda पहले से मौजूद थी. हीरो अब ग्लोबल प्लेयर बनना चाहती थी.
  • तकनीक की निर्भरता और रॉयल्टी: हीरो पूरी तरह से होंडा के R&D पर निर्भर थी और हर बिक्री पर भारी रॉयल्टी चुकाती थी. हीरो अपनी खुद की रिसर्च क्षमताएं खड़ी करना चाहता था.
  • हितों का टकराव: 1999 में होंडा ने भारत में अपनी अलग कंपनी (HMSI) बना ली थी. Activa स्कूटर्स के बाद होंडा ने 150cc बाइक Unicorn और 100cc-110cc सेगमेंट Twister में भी एंट्री कर ली. यानी होंडा अब अपने ही पार्टनर हीरो के खिलाफ सीधे मैदान में उतर चुकी थी.

अलगाव का समझौता: मुंजाल परिवार ने होंडा की पूरी 26% हिस्सेदारी खरीद ली और तय हुआ कि होंडा 2014 तक अपनी तकनीक का सपोर्ट देती रहेगी, ताकि हीरो को तुरंत झटका न लगे.

हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

Hero Honda का अंत, लेकिन कहानी खत्म नहीं हुई

अगस्त 2011 में लंदन में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कंपनी का नया नाम सामने आया- Hero MotoCorp. कंपनी ने नया लोगो लॉन्च किया और "हम में है हीरो" एंथम जारी किया.

लेकिन बाजार के मन में एक बड़ा सवाल था: "क्या हीरो बिना होंडा की जापानी तकनीक के टिक पाएगी?" यह हीरो के अस्तित्व की सबसे बड़ी परीक्षा थी.

Honda के बाद Hero ने सबसे पहले R&D पर दांव लगाया

इस चुनौती से निपटने के लिए हीरो ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा दांव खेला- खुद का रिसर्च एंड डेवलपमेंट नेटवर्क तैयार करना.

  • CIT जयपुर (2016): राजस्थान के जयपुर में करीब 850 करोड़ रुपये के निवेश से Centre of Innovation and Technology (CIT) बनाया गया. यहां 16 किलोमीटर से ज्यादा लंबे 45 तरह के टेस्टिंग ट्रैक बनाए गए.
  • TCG जर्मनी: म्यूनिख के पास Tech Centre Germany (TCG) खोला गया, जहां यूरोपीय इंजीनियर्स को भारतीय टीम के साथ मिलकर इंजन डेवलप करने का काम सौंपा गया.
  • नतीजा: 2014 के बाद हीरो ने BS4 और BS6 नॉर्म्स के लिए अपने सभी इंजनों को खुद इन-हाउस अपग्रेड किया.
हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

Premium बाइक और Harley-Davidson का दांव

कंपनी ने समझ लिया कि सिर्फ 100cc कम्यूटर बाइक बेचकर भविष्य में टिके रहना मुमकिन नहीं है. इसलिए हीरो ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो (बाइक्स की रेंज) को 3 अलग-अलग हिस्सों में बांटकर काम करना शुरू किया:

सेगमेंटप्रमुख मॉडल्स/ब्रांडमुख्य फोकस और खासियत
कम्यूटर बेस (रोजमर्रा की बाइक्स)Splendor, Passion, HF Deluxeग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की रीढ़. आज भी कंपनी की सबसे ज्यादा कमाई (रेवेन्यू) और बिक्री इसी हिस्से से होती है.
प्रीमियम सेगमेंट (पावरफुल बाइक्स)Xpulse 200, Karizma XMR, Harley-Davidson X440, Mavrick 440युवाओं को आकर्षित करने के लिए एडवेंचर और लाइफस्टाइल बाइक्स. इसी को मजबूत करने के लिए अमेरिकी दिग्गज Harley-Davidson के साथ पार्टनरशिप की गई.
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (EV)VIDA V1 स्कूटर, Ather Energyपेट्रोल से आगे बढ़कर भविष्य की तैयारी. इन-हाउस EV ब्रांड 'VIDA' की लॉन्चिंग और भारत के प्रमुख EV स्टार्टअप Ather Energy में बड़ा निवेश.
हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

Hero MotoCorp की कहानी का असली टर्निंग पॉइंट क्या था?

कई लोग मानते हैं कि 2010 में होंडा से अलग होना हीरो का टर्निंग पॉइंट था. लेकिन रणनीतिक दृष्टि से असली टर्निंग पॉइंट था- 2016 में जयपुर में CIT (सेंटर ऑफ इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी) की स्थापना.

अगर हीरो सिर्फ बाहर से तकनीक खरीदकर असेंबल करने की रणनीति पर चलता, तो वह कभी भी Harley-Davidson जैसी वैश्विक कंपनी को अपनी तकनीक पर भरोसा नहीं दिला पाता और न ही नए एमिशन नॉर्म्स के दौर में अपनी रेंज को नए इंजनों में ढाल पाता.

हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

Hero की पूरी टाइमलाइन: 8 बड़े पड़ाव

  • 1956: मुंजाल भाइयों ने लुधियाना में 'Hero Cycles' की नींव रखी.
  • 1984: Hero और जापानी कंपनी Honda के बीच Joint Venture बना और 'Hero Honda Motors' का जन्म हुआ.
  • 1985: हरियाणा के धारूहेड़ा प्लांट से पहली 4-स्ट्रोक बाइक CD 100 लॉन्च हुई.
  • 1994: माइलेज का नया कीर्तिमान रचने वाली Splendor बाजार में उतरी.
  • 2001: दुनिया की सबसे ज्यादा टू-व्हीलर बेचने वाली नंबर-1 कंपनी बनी.
  • 2010: 26 साल बाद Hero और Honda का संयुक्त उद्यम खत्म हुआf मुंजाल परिवार ने होंडा की हिस्सेदारी खरीदी.
  • 2011: नई पहचान के साथ 'Hero MotoCorp' नाम से रीब्रांडिंग.
  • 2016: जयपुर में अत्याधुनिक आरएंडडी सेंटर (CIT) शुरू.
  • 2020: अमेरिकी बाइक दिग्गज Harley-Davidson के साथ मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का समझौता.
  • 2022: इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में VIDA ब्रांड का ग्लोबल लॉन्च.
हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

Hero MotoCorp के सामने 3 बड़ी चुनौतियां

आज Hero MotoCorp वॉल्यूम के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी बनी हुई है, लेकिन 2026 और उसके आगे का भारतीय टू-व्हीलर बाजार 1994 या 2011 जैसा नहीं है. कंपनी के सामने भविष्य की 3 मुख्य चुनौतियां हैं:

  • कम्यूटर सेगमेंट पर भारी निर्भरता: कंपनी की कुल बिक्री का एक बहुत बड़ा हिस्सा आज भी 100cc-125cc कम्यूटर सेगमेंट से आता है, जिसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मॉनसून पर पड़ता है.
  • प्रीमियम मार्केट में दबदबा बनाना: 350cc से ऊपर के सेगमेंट में Royal Enfield का मार्केट शेयर आज भी बहुत मजबूत है. बजाज के साथ ट्रायम्फ और टीवीएस भी इस सेगमेंट में आक्रामक हैं.
  • इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (EV) की रेस: शहरी भारत में पेट्रोल स्कूटर्स की जगह तेजी से EV ले रहे हैं. ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस और बजाज के मुकाबले हीरो के 'VIDA' को अपना दायरा तेजी से बढ़ाना होगा.
हीरो मोटोकॉर्प का सफरनामा

साइकिल के पैडल से लेकर 440cc की प्रीमियम बाइक और इलेक्ट्रिक स्कूटर्स तक- Hero की यात्रा भारतीय कॉरपोरेट इतिहास की सबसे बड़ी केस स्टडी है. यह कहानी सिखाती है कि विदेशी पार्टनर पर निर्भर रहने के बजाय जब कोई देसी कंपनी समय रहते अपनी खुद की तकनीक और क्षमताएं खड़ी करती है, तो वह किसी भी बदलाव के बाद अपनी बादशाहत कायम रख सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Suyash Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >