इस साल गर्मी ने शुरुआत से ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और आने वाले दिनों में हालात और मुश्किल हो सकते हैं. खासकर चिलचिलाती धूप में घंटों खड़ी कार में बैठना ऐसे समय में किसी सजा से कम नहीं लगता. दरवाजा खोलते ही अंदर की गर्मी झुलसा देती है. सीट, स्टीयरिंग और डैशबोर्ड सब कुछ इतना गर्म हो जाता है कि बैठना तो दूर कुछ सेकंड के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है. हालांकि, ऐसे समय के लिए अगर कार का AC सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो यही सफर आरामदायक भी बन सकता है. कुछ आसान टिप्स की मदद से आप अपनी कार के AC को ज्यादा असरदार बना सकते हैं और इस गर्म माहौल को ठंडक में बदल सकते हैं.
बैठने से पहले कार को हवा दें
कार में सीधे बैठकर AC ऑन करने से पहले जरूरी है कि अंदर फंसी गर्म हवा को बाहर निकाला जाए. इसके लिए कार के दरवाजे, खिड़कियां और अगर हो सके तो सनरूफ भी कुछ देर के लिए खोल दें. इससे अंदर की गर्म हवा बाहर निकलती है और केबिन का तापमान थोड़ा कम हो जाता है.
एक और आसान तरीका है डोर फैनिंग का. इसमें एक साइड की खिड़की खोलकर दूसरी तरफ का दरवाजा कुछ बार खोलने-बंद करने से गर्म हवा तेजी से बाहर निकल जाती है.
तुरंत AC चालू करने की जल्दबाजी न करें
अक्सर लोग कार में बैठते ही AC फुल स्पीड पर चालू कर देते हैं, लेकिन यह तरीका हमेशा सही नहीं होता. बेहतर होगा कि कुछ मिनट तक कार को खिड़कियां खुली रखकर चलाएं, ताकि अंदर और इंजन के आसपास की गर्मी कम हो सके. इससे AC पर दबाव भी कम पड़ता है और कूलिंग बेहतर मिलती है.
रि-सर्कुलेशन मोड का सही इस्तेमाल करें
AC का रि-सर्कुलेशन बटन सही तरीके से इस्तेमाल करना बहुत जरूरी है. शुरुआत में इसे बंद रखें, ताकि बाहर की हवा अंदर आ सके और केबिन का तापमान जल्दी कम हो. जब कार के अंदर का हिस्सा ठंडा होने लगे, तब रि-सर्कुलेशन मोड ऑन कर दें. इससे ठंडी हवा अंदर ही घूमती रहती है और कूलिंग ज्यादा प्रभावी हो जाती है.
धूप में कार पार्क न करें
पॉसिबल हो तो कार पार्क करने के लिए हमेशा छाया वाली जगह ढूंढे, नहीं तो विंडशील्ड सनशेड्स का इस्तेमाल करें. इससे कार गर्म नहीं होगा और कार का केबिन भी ठंडा रहेगा. साथ ही AC पर भी दबाव नहीं पड़ेगा और कूलिंग भी जबरदस्त मिलेगी.
रेगुलर सर्विसिंग है सबसे जरूरी
AC की अच्छी परफॉर्मेंस के लिए समय-समय पर सर्विसिंग बेहद जरूरी है. साल में कम से कम एक बार AC की जांच और सफाई जरूर करानी चाहिए. इससे कूलिंग बेहतर रहती है, माइलेज पर असर नहीं पड़ता और सिस्टम लंबे समय तक सही चलता है.
यह भी पढ़ें: गर्मी में कार ड्राइविंग को कूल बनाएंगी ये एक्सेसरीज, मिलेगा ठंडक का एहसास
