हाईवे पर बिना रुके सफर का सबसे बड़ा सहारा बना FASTag अगर अचानक काम करना बंद कर दे, तो आपकी यात्रा परेशानी में बदल सकती है. कई वाहन मालिकों को टोल प्लाजा पर तब झटका लगता है, जब FASTag इनएक्टिव होने के कारण उन्हें दोगुना टोल देना पड़ता है. अच्छी बात यह है कि अब आप घर बैठे ही कुछ आसान स्टेप्स में अपने FASTag का स्टेटस चेक कर सकते हैं और समय रहते समस्या से बच सकते हैं.
FASTag क्या है और क्यों जरूरी है एक्टिव रहना?
FASTag एक इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम है, जो रेडियो फ्रीक्वेंसी तकनीक के जरिये टोल प्लाजा पर बिना रुके भुगतान की सुविधा देता है. अगर यह एक्टिव है, तो गाड़ी सीधे टोल पार कर जाती है. लेकिन जैसे ही यह इनएक्टिव होता है, सिस्टम इसे पहचान नहीं पाता और ड्राइवर को मैन्युअल पेमेंट करना पड़ता है- अक्सर डबल चार्ज के साथ.
कैसे करें FASTag स्टेटस चेक?
अब FASTag की स्थिति जानना पहले से ज्यादा आसान हो गया है. इसके लिए आपको किसी ओटीपी या लंबी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती.
आप सीधे NPCI के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ‘NETC FASTag Status’ सेक्शन में अपने वाहन का नंबर दर्ज करें. कुछ ही सेकंड में आपको यह जानकारी मिल जाएगी कि आपका FASTag एक्टिव है या नहीं.
साथ ही, यहां से आप यह भी जान सकते हैं कि FASTag किस बैंक द्वारा जारी किया गया है और इसे कब जारी किया गया था.
इनएक्टिव FASTag होने पर क्या करें?
अगर आपका FASTag निष्क्रिय दिखता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले उस बैंक या एजेंसी से संपर्क करें जिसने आपका FASTag जारी किया था. कई बार केवाईसी अधूरी होने या बैलेंस की समस्या के कारण भी यह बंद हो सकता है.
अगर समस्या हल नहीं होती, तो पुराने FASTag को सरेंडर कर नया FASTag लेना भी एक आसान विकल्प है. नया FASTag खरीदने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है और ज्यादातर बैंक इसे तुरंत जारी कर देते हैं.
सफर से पहले क्यों जरूरी है यह जांच?
आज के समय में FASTag सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है. बिना एक्टिव FASTag के सफर करने का मतलब है समय की बर्बादी और अतिरिक्त खर्च. इसलिए हर लंबी यात्रा से पहले इसका स्टेटस चेक करना एक स्मार्ट आदत हो सकती है.
यह छोटा सा कदम आपको टोल प्लाजा पर होने वाली बड़ी परेशानी से बचा सकता है.
यह भी पढ़ें: FASTag को लेकर नहीं चलेगी चालाकी, एक टैग कई गाड़ियों में लगाने पर होगा ब्लैकलिस्ट
