अगर आप इस गर्मी नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ मॉडल ही नहीं, उसका रंग चुनना भी बेहद जरूरी है. सही रंग आपकी कार को कम गर्म रखता है, बार-बार सफाई की झंझट घटाता है और भविष्य में बेहतर रीसेल वैल्यू भी दिलाता है. खासकर भारत जैसे मौसम में, White (सफेद) और Silver (चांदी रंग) सबसे समझदारी भरे और भरोसेमंद ऑप्शन माने जाते हैं. आइए जानते हैं क्यों.
गर्मियों में सफेद रंग आज भी सबसे पसंदीदा क्यों है?
भारत की सड़कों पर सफेद रंग की कारें सबसे ज्यादा नजर आती हैं, और इसके पीछे एक बेहद प्रैक्टिकल वजह है. सफेद रंग सूरज की किरणों को बाकी रंगों के मुकाबले ज्यादा रिफ्लेक्ट करता है. इससे कार कम गर्म होती है. यही कारण है कि धूप में खड़ी सफेद कार का केबिन डार्क कलर की कारों की तुलना में 10 से 20 डिग्री तक ठंडा रह सकता है. इसका सीधा फायदा यह है कि AC पर कम लोड पड़ता है और कार में बैठते ही कंफर्टेबल महसूस होता है.
इतना ही नहीं, सफेद कार को मेंटेन करना भी काफी आसान होता है. इस पर धूल-मिट्टी जल्दी नजर नहीं आती. इसलिए कार लंबे समय तक साफ-सुथरी दिखती है. साथ ही, जब आप भविष्य में कार बेचने का सोचते हैं, तो सफेद रंग की कार आमतौर पर बेहतर रीसेल वैल्यू भी दिलाती है.
सिल्वर और ग्रे कलर
अगर आप ऐसा रंग चाहते हैं जो स्टाइलिश भी लगे और रोजमर्रा में ज्यादा झंझट भी न दे, तो सिल्वर या लाइट ग्रे आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. ये रंग सफेद की तरह ही गर्मी को काफी हद तक रिफ्लेक्ट करते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इन रंगों पर धूल, हल्की खरोंचें और छोटे-मोटे निशान आसानी से नजर नहीं आते.
यानी रोज-रोज कार धोने की टेंशन भी कम हो जाती है और आपकी कार लंबे समय तक साफ-सुथरी दिखती है. खासतौर पर अगर आप शहर या धूलभरे इलाकों में ज्यादा ड्राइव करते हैं, तो सिल्वर रंग हर मौसम के लिए एक शानदार और प्रैक्टिकल चॉइस बनती है.
ये रंग भी हैं बढ़िया चॉइस
अगर आप सफेद या सिल्वर से कुछ अलग चाहते हैं, तो लाइट ब्लू, बेज या सॉफ्ट मेटैलिक शेड्स भी शानदार ऑप्शन हैं. ये रंग धूप को काफी हद तक रिफ्लेक्ट करते हैं. साथ ही, आपकी गाड़ी को एक प्रीमियम और यूनिक लुक भी मिलता है. हां, धूल छिपाने में ये सिल्वर जितने असरदार नहीं होते, लेकिन गर्मियों के लिए डार्क रंगों से कहीं बेहतर साबित होते हैं.
यह भी पढ़ें: चिलचिलाती धूप में भी बरकरार रहेगी कार की चमक, बस फॉलो करें ये आसान तरीके
