बेंगलुरु की EV कंपनी Ather ने नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Konarc लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती कीमत 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) है. कंपनी इसे कुल 6 वेरिएंट में पेश करेगी, जिन्हें S-Line और Z-Line सीरीज में बांटा गया है. फिलहाल कंपनी ने सभी वेरिएंट लॉन्च नहीं किए हैं. अभी Z-Line के वेरिएंट और S-Line का सबसे ज्यादा 200 km चलने वाला मॉडल लॉन्च नहीं हुआ है.
ऐसे में अभी आपके पास Konarc S 100 km, Konarc S 125 km और Konarc S 161 km के ऑप्शन मौजूद हैं. अब अगर आप Konarc खरीदने की सोच रहे हैं तो आइए समझते हैं कि आपके लिए कौन सा वेरिएंट बेहतर रहेगा.
Ather Konarc S 100 km (बेस वेरिएंट)
- Ather Konarc S 100 km इसका बेस वेरिएंट है, जिसकी कीमत 99,999 रुपये रखी गई है. इस वेरिएंट में तीनों मॉडल्स में सबसे छोटी 2.1 kWh की बैटरी मिलती है.
- कंपनी के मुताबिक, यह बैटरी IDC (Indian Driving Cycle) के तहत 100 km तक की रेंज देती है.
- परफॉर्मेंस की बात करें तो स्कूटर में 4 kW की पीक पावर और 16 Nm का पीक टॉर्क मिलता है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 70 kmph है. 0 से 40 kmph की रफ्तार पकड़ने में इसे महज 5 सेकंड लगते हैं.
- चार्जिंग के लिए इसमें 450W का ऑनबोर्ड चार्जर दिया गया है, जो बैटरी को 0 से 80 परसेंट तक चार्ज करने में करीब 4 घंटे लेता है.
- फीचर्स के मामले में Ather Konarc S 100 km थोड़ा बेसिक नजर आता है. इसमें 4.2-इंच का LCD कंसोल मिलता है, लेकिन स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल, कॉल और SMS अलर्ट जैसे कनेक्टेड फीचर्स नहीं मिलते.
- स्कूटर के हार्डवेयर की बात करें तो इसमें Showa टेलिस्कोपिक फोर्क के साथ मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है. आगे 14-इंच और पीछे 12-इंच का व्हील मिलता है. वहीं, बाकी दोनों वेरिएंट्स के मुकाबले इस बेस वेरिएंट में दोनों पहियों पर ड्रम ब्रेक दिए गए हैं.
Ather Konarc S 125 km (मिड वेरिएंट)
- इसमें बड़ी 2.7 kWh बैटरी दी गई है, जो 125 km की दावा की गई IDC रेंज देती है. पीक पावर भी 4 kW से बढ़कर 4.7 kW हो गई है. ये 0-40 kmph की स्पीड पकड़ने में सिर्फ 4.7 सेकंड लेता है. हालांकि, टॉप स्पीड 70 kmph ही रखी गई है.
- चार्जिंग के लिए इसमें 450 W चार्जर मिलता है, जिससे स्कूटर को 0 से 80 परसेंट तक चार्ज होने में करीब 4 घंटे 30 मिनट लगते हैं. इसके अलावा, आप चाहें तो 450 W का ऑफबोर्ड चार्जर भी ले सकते हैं. इसे जोड़ने पर कुल चार्जिंग क्षमता 900 W तक पहुंच जाती है.
- फीचर्स की बात करें तो इस वेरिएंट में बड़ा 7-इंच LCD कंसोल मिलता है, जिसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल और कॉल व SMS अलर्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं. इसके अलावा Air Walk, Fall Safe, Find My Scooter, Theft Alert और रिमोट चार्जिंग स्टेटस जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.
- स्कूटर के अंडरपिनिंग्स में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन बेस वेरिएंट के मुकाबले इसमें 220 mm का फ्रंट डिस्क ब्रेक जरूर मिलता है.
Ather Konarc S 161 km (टॉप वेरिएंट)
- इस वर्जन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 3.5 kWh बैटरी है, जो तीनों वेरिएंट में सबसे बड़ी है. कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर IDC सर्टिफाइड 161 km की रेंज दे सकता है. हालांकि, मोटर का परफॉर्मेंस और टॉप स्पीड S 125 km वेरिएंट के समान ही रखी गई है.
- चार्जिंग की बात करें तो इसमें 450 W का ऑनबोर्ड चार्जर और 450 W का ऑफबोर्ड चार्जर स्टैंडर्ड तौर पर मिलता है. दोनों को मिलाकर चार्जिंग कैपेसिटी 900 W हो जाती है. कंपनी के अनुसार, इस सेटअप की मदद से बैटरी को 0 से 80 परसेंट तक चार्ज करने में करीब 3 घंटे 10 मिनट का समय लगता है.
- फीचर्स के मामले में भी यह वेरिएंट S 125 km से ज्यादा अलग नहीं है. इसमें 7-इंच का LCD कंसोल, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, म्यूजिक कंट्रोल, कॉल और SMS अलर्ट समेत कई कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं.
- इसमें टेलिस्कोपिक फोर्क, मोनोशॉक, 14-इंच का फ्रंट व्हील, आगे डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक दिया गया है.
Ather Konarc की कीमत
| वेरिएंट | कीमत (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) |
| Konarc S 100 km | ₹99,999 |
| Konarc S 125 km | ₹1,21,999 |
| Konarc S 161 km | ₹1,44,999 |
आपको कौन सा खरीदना चाहिए?
Konarc S 125 km कीमत, रेंज और फीचर्स के मामले में यह सबसे बेहतर बैलेंस बनाता है. बेस वर्जन से करीब 22,000 रुपये ज्यादा खर्च करने पर आपको बड़ा बैटरी पैक, 25 km ज्यादा दावा की गई रेंज और बड़ा 7-इंच LCD कंसोल मिलता है. इसके अलावा स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ Air Walk, Fall Safe, Find My Scooter और रिमोट चार्जिंग स्टेटस जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. फ्रंट डिस्क ब्रेक इसका एक और बड़ा फायदा है.
वहीं, अगर आपका बजट कम है और आपको मुख्य रूप से शहर में चलाने के लिए एक किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर चाहिए, तो S 100 km ज्यादा सही ऑप्शन है. इसमें कई जरूरी कनेक्टेड फीचर्स नहीं मिलते, लेकिन इसकी बुनियाद बाकी वेरिएंट जैसी ही है. साथ ही 70 kmph की टॉप स्पीड भी मिलती है.
वहीं S 161 km को चुनने की सबसे बड़ी वजह बड़ी बैटरी और ज्यादा क्लेम की गई रेंज है. अगर आपका रोजाना का सफर लंबा रहता है या आप बार-बार चार्जिंग के झंझट से बचना चाहते हैं, तो यह वर्जन आपके लिए बेहतर है.
ये भी पढ़ें: Honda ADV 160 स्कूटर खरीदने का है प्लान? शोरूम जाने से पहले जान लें ये 10 जरूरी बातें
