खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट.
Khagaria News: खगड़िया जिले के लाभार्थी को बुधवार को बड़ी सौगात मिली. समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 1100 रुपये की राशि ट्रान्सफर की. सरकार की इस पहल को पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
एक क्लिक में खातों तक पहुंची राशि
कार्यक्रम के दौरान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजी गई. अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचेगा और भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी.
सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लाभार्थियों को योजनाओं की राशि समय पर और बिना किसी बाधा के प्राप्त हो.
अब नहीं लगाने होंगे कार्यालयों के चक्कर
अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था के तहत लाभुकों को भुगतान प्राप्त करने के लिए किसी सरकारी कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचने से समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी.
इसके साथ ही बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी, जिससे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा.
प्रशासन ने बताया पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकार लगातार ऐसी व्यवस्थाएं विकसित कर रही है, जिनसे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंच सके. डिजिटल भुगतान प्रणाली के जरिए लाभ वितरण को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है.
प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल से लोगों का सरकारी योजनाओं पर विश्वास और मजबूत होगा.
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार, सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, उप विकास आयुक्त श्वेता भारती समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे.
Also Read: खान सर को कोर्ट से राहत, 20 जून तक नहीं होगी गिरफ्तारी, अदालत ने रखी शर्त
