Trump Warns: यह विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए होर्मुज की खाड़ी वाले समुद्री रास्ते को ब्लॉक कर दिया. रॉयटर्स और आईईए (IEA) की रिपोर्ट के अनुसार, इस रास्ते से दुनिया का 20% तेल यानी करीब 2 करोड़ बैरल कच्चा तेल रोज गुजरता है. इस ब्लॉकेज की वजह से कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिससे पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है. ट्रंप का कहना है कि जो देश इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होनी चाहिए.
ईरान ने अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना
ट्रंप की धमकी के बाद ईरान के सैन्य कमांड ‘खातम अल-अंबिया’ ने भी कड़ा जवाब दिया है. ईरानी सेना ने कहा कि अगर उनके पावर प्लांट्स पर हमला हुआ, तो वे इस पूरे क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों, उनकी आईटी (IT) व्यवस्था और पानी साफ करने वाले सेंटर्स (desalination plants) को निशाना बनाएंगे. शनिवार को ट्रंप ने यह भी दावा किया था कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अब वे किसी भी बातचीत के मूड में नहीं हैं क्योंकि ईरान की नौसेना और वायुसेना को भारी नुकसान पहुंचा है.
पहली बार 4000 किमी दूर तक मार करने वाली मिसाइल का इस्तेमाल
पिछले कई दिनों से चल रहे यह युद्ध अब एक बहुत खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. इजरायली सेना के चीफ ईयाल जमीर के मुताबिक, ईरान ने पहली बार 4,000 किलोमीटर तक मार करने वाली लंबी दूरी की बैलेस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है. इन मिसाइलों से हिंद महासागर में स्थित अमेरिका और ब्रिटेन के सैन्य बेस ‘ डिएगो गार्सिया’ को निशाना बनाया गया है. इजरायल का कहना है कि ये मिसाइलें अब बर्लिन, पेरिस और रोम जैसे यूरोपीय शहरों तक भी पहुंच सकती हैं, जो पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा खतरा है.
ये भी पढ़ें: ईरान-इजराइल युद्ध: नतांज पर फिर से हमला, डिएगो गार्सिया तक पहुंची मिसाइल
इजरायल में एयर डिफेंस फेल
28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक ईरान में 2,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, वहीं इजरायल में भी 15 लोगों की जान गई है. शनिवार रात ईरान की मिसाइलों ने इजरायल के डिमोना और अराद शहरों पर हमला किया, जिसमें कई बच्चे और नागरिक घायल हुए हैं. इजरायली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने माना कि उनका एयर डिफेंस सिस्टम (Air Defence System) इन मिसाइलों को रोकने में नाकाम रहा, जिसकी जांच की जा रही है. प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इसे भविष्य की लड़ाई का सबसे कठिन समय बताया है.
ये भी पढ़ें:- दुनिया के 22 देशों ने ईरान से हमले रोकने और होर्मुज स्ट्रेट खोलने की अपील की
