रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब और खतरनाक मोड़ लेता नजर आ रहा है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्ध को और तेज करने की तैयारी में हैं. जेलेंस्की कहा कि रूस आने वाले हफ्तों में करीब 5 लाख नए लड़ाकों की लामबंदी कर सकता है. यूक्रेनी खुफिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह कदम रूस में सितंबर 2026 के अंत में होने वाले संसदीय चुनाव के बाद उठाया जा सकता है.
चुनाव के बाद पुतिन कर सकते हैं नई लामबंदी
वोलोदिमिर जेलेंस्की ने स्काई न्यूज को दिए इंटरव्यू के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा था कि पुतिन युद्ध रोकने के लिए तैयार नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि यूक्रेनी खुफिया जानकारी के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति 21 सितंबर को ड्यूमा चुनाव के बाद नई लामबंदी की योजना बना रहे हैं. जेलेंस्की के मुताबिक, रूस इस बार बड़ी संख्या में नए लोगों को सेना में शामिल करने की कोशिश कर सकता है.
पुतिन खुले तौर पर नहीं करेंगे लामबंदी
वोलोदिमिर जेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि पुतिन बड़े पैमाने पर लामबंदी की घोषणा खुले तौर पर करने से बच सकते हैं, क्योंकि उन्हें रूसी समाज की प्रतिक्रिया का डर है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को कम समय में प्रशिक्षित करना भी मुश्किल होगा. ऐसे में बड़ी संख्या में कम प्रशिक्षित सैनिकों को युद्ध के मैदान में भेजा जा सकता है, जिससे रूस को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.
तुर्की के विदेश मंत्री ने परमाणु हथियार को लेकर चेताया
तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने रूस के परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की आशंका को लेकर गंभीर चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर युद्ध का असर सिर्फ मोर्चे तक सीमित न रहकर रूस के अंदरूनी इलाकों तक पहुंचता है, तो स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है. फिदान ने संकेत दिया कि ऐसी स्थिति में रूस अपने 'आखिरी विकल्प' यानी परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की ओर बढ़ सकता है.
रूस और यूक्रेन के हमले हुए और घातक
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इस साल रूस और यूक्रेन दोनों ने लंबी दूरी के हमलों को काफी बढ़ाया है, जिसके चलते आम नागरिकों की मौत में भी वृद्धि हुई है. सोमवार को यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के तातारस्तान क्षेत्र में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई. इसे युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन के सबसे घातक हमलों में से एक बताया गया.
रूस ने भी यूक्रेन पर किया जोरदार हमला
रूस ने भी यूक्रेन पर घातक हमले किए. यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, खार्किव क्षेत्र के एक गांव में रूसी तोपखाने की गोलाबारी में 5 लोगों की मौत हुई. रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने रातभर में यूक्रेन के 456 ड्रोन मार गिराए. वहीं, यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात में 126 ड्रोन से हमला किया. दोनों देशों के बीच बढ़ते लंबी दूरी के हमलों ने युद्ध के और गंभीर होने की आशंका बढ़ा दी है.
