PoK चुनाव में बवाल: हवेली में झड़प, बाग में तनाव; 7 सीटों पर मतदान टला

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के दौरान पुंछ इलाके में तनावपूर्ण माहौल रहा. हवेली और बाग में झड़प की खबरें आईं, जिससे 7 सीटों पर मतदान अनिश्चितकाल के लिए टल गया.

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के दौरान सोमवार (10 अगस्त ) को पुंछ इलाके में माहौल तनावपूर्ण रहा. पाक मीडिया के मुताबिक हवेली में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर सामने आई, जबकि बाग में भी अलग-अलग राजनीतिक गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति बनी रही.

PoK विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में पुंछ और पलांदरी जिलों की 11 सीटों में से 7 सीटों पर मतदान को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया. यह फैसला व्यापक नागरिक अशांति, हिंसा और चुनाव में कथित धांधली के आरोपों के बीच लिया गया. इससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर बहस और तेज हो गई है.

हवेली और बाग में सुरक्षा को लेकर चिंता

पुंछ की विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू होते ही तनाव की स्थिति बनी रही. खास तौर पर हवेली में कथित झड़प के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे. वहीं बाग में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की खबरों ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया. हालांकि, घटनाओं की पूरी स्थिति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

कई इलाकों में बेहद कम मतदान की खबर

चुनाव के दौरान पुंछ की कई विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की भागीदारी बेहद कम रहने की खबर है. सूत्रों के मुताबिक कुछ इलाकों में मतदान लगभग नगण्य रहा. हालांकि, इन शुरुआती आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मतदान जारी रहने के कारण अंतिम तस्वीर बाद में साफ होने की उम्मीद है.

JAAC ने चुनाव को बताया फर्जी

जम्मू कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने PoK में चल रहे चुनाव को सीधे तौर पर खारिज कर दिया है. संगठन ने चुनावी प्रक्रिया को 'फर्जी' बताते हुए आरोप लगाया कि इसके नतीजे पहले से तय हैं और पूरी प्रक्रिया कुछ पसंदीदा राजनीतिक लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए तैयार की गई है.

अब सबकी नजर अंतिम नतीजों पर

मतदान जारी रहने के बीच फिलहाल सुरक्षा स्थिति, वास्तविक मतदान प्रतिशत और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया पर नजर बनी हुई है. अगर कम मतदान के शुरुआती दावे सही साबित होते हैं, तो इसे PoK में चुनावी प्रक्रिया के प्रति जनता के रुख से जोड़कर देखा जा सकता है. वहीं, हिंसा और कथित धांधली के आरोप चुनाव के बाद भी राजनीतिक विवाद को बनाए रख सकते हैं.

ये भी पढ़ें: शेख हसीना विवाद पर बांग्लादेशी PM की पहली प्रतिक्रिया, बोले- रिश्ते सुधारने के लिए अनुकूल माहौल की जरूरत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सत्येन्द्र गिरि

सत्येन्द्र गिरि प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करते हैं. सरल, तथ्यात्मक और पाठक-केंद्रित लेखन उनकी प्रमुख पहचान है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन (बैच 2023–25) की डिग्री प्राप्त की है.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित की. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास एक वर्ष का पेशेवर अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला के गोरखपुर एडिशन से की, जहां समाचार लेखन और रिपोर्टिंग की बारीकियों को नजदीक से सीखने और समझने का अवसर मिला. इसके बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में कदम रखते हुए प्रभात खबर डिजिटल से जुड़कर देश-विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया.

सत्येन्द्र की विशेष रुचि इतिहास, अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति, कूटनीति और समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े विषयों में है. वे जटिल और गंभीर मुद्दों को भी सरल, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं. राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाओं पर उनकी गहरी नजर रहती है तथा वे तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निवासी हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >