नेतन्याहू का बड़ा बयान: लेबनान में हिजबुल्ला पर हमले रहेंगे जारी, ईरान ने फिर बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

Netanyahu Lebanon Strike: इजरायल और हिजबुल्ला के बीच संघर्ष अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. बेरूत में हुए भीषण हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है. जहां एक तरफ नेतन्याहू ने लेबनान में सैन्य ऑपरेशन जारी रखने की कसम खाई है, वहीं ईरान ने दुनिया की महत्वपूर्ण समुद्री सप्लाई लाइन रोक दी है.

Netanyahu Lebanon Strike: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को साफ कर दिया है कि लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ हमले नहीं रुकेंगे. उन्होंने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां इजरायल स्ट्राइक करेगा. यह बयान तब आया जब इजरायल ने सेंट्रल बेरूत के रिहायशी और कमर्शियल इलाकों में बड़े हमले किए. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इन हमलों में 250 लोगों की मौत हुई है, जबकि एपी ने मरने वालों की संख्या 182 बताई है. यह पिछले महीने शुरू हुए संघर्ष के बाद का सबसे भीषण हमला माना जा रहा है.

ईरान का पलटवार: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर बंद

लेबनान पर हुए इन हमलों के जवाब में ईरान ने बड़ा कदम उठाया है. न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, तेहरान ने गुरुवार को ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को एक बार फिर से बंद कर दिया है. खास बात यह है कि बुधवार को ही ईरान इस रास्ते को दो हफ्ते के लिए खोलने पर राजी हुआ था, क्योंकि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्धविराम (सीजफायर) का ऐलान किया था. अब इस पूरे मामले पर शुक्रवार को इस्लामाबाद में बातचीत होनी है.

सीजफायर में लेबनान शामिल है या नहीं?

इस युद्धविराम को लेकर भारी कन्फ्यूजन बना हुआ है. नेतन्याहू ने बुधवार को एक टीवी एड्रेस में कहा कि लेबनान इस दो हफ्ते के सीजफायर का हिस्सा नहीं है. उन्होंने कहा कि इजरायल ने हिजबुल्ला को अब तक का सबसे बड़ा झटका दिया है और 10 मिनट में 100 ठिकानों को निशाना बनाया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस बात का समर्थन किया कि लेबनान इस डील में शामिल नहीं था. जेडी वेंस ने सीधा कहा, ‘हमने ऐसा कोई वादा कभी नहीं किया.’

पाकिस्तान और ईरान का अलग दावा

दूसरी तरफ, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जो ‘इस्लामाबाद टॉक्स’ की मेजबानी कर रहे हैं, उन्होंने कहा था कि लेबनान इस युद्धविराम का हिस्सा है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बात करते हुए साफ किया कि लेबनान में सीजफायर होना उनके 10-पॉइंट शांति प्लान की मुख्य शर्त है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर लिखा कि अब फैसला अमेरिका को करना है कि उसे शांति चाहिए या इजरायल के जरिए युद्ध.

ये भी पढ़ें: सीजफायर के बीच इजराइल का दावा- एयरस्ट्राइक में मारा गया हिजबुल्लाह चीफ का भतीजा

हिजबुल्ला को लगा बड़ा झटका

इजरायली सेना (IDF) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी दी कि उन्होंने बेरूत में हिजबुल्ला चीफ नईम कासिम के पर्सनल सेक्रेटरी और भतीज अली यूसुफ हरशी को मार गिराया है. हरशी, कासिम का करीबी सलाहकार था और उसका ऑफिस संभालता था.

इसके अलावा इजरायल ने उन दो रास्तों को भी तबाह कर दिया है जिनका इस्तेमाल हथियार ले जाने के लिए होता था. साथ ही 10 हथियार डिपो और कमांड सेंटर्स पर भी बमबारी की गई है. नेतन्याहू ने कहा कि ईरान अब पहले से कहीं ज्यादा कमजोर हो चुका है और इजरायल अपने मकसद समझौते या लड़ाई, किसी भी तरह से पूरे करेगा. 

ये भी पढ़ें: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का दावा: ईरान ने चैटजीपीटी से लिखकर भेजा था सीजफायर प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >