ईरानी हमलों से लाल हुई खाड़ी, IRGC का दावा- 21 ठिकानों पर दागीं मिसाइलें; जॉर्डन, कुवैत, बहरीन में US बेस बने निशाना

Iran US Conflict: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच आईआरजीसी ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा किया है. अमेरिका के अपाचे हेलिकॉप्टर गिराए जाने की घटना के बाद यह संघर्ष तेजी से बढ़ रहा है.

Iran US Conflict: पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अब खुले सैन्य टकराव में बदलता नजर आ रहा है. अपाचे हेलिकॉप्टर गिराए जाने की घटना के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इस बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत समेत खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है.

तनाव उस समय और बढ़ गया जब होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी एएच-64 अपाचे हेलिकॉप्टर मार गिराया गया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ‘हमारे एक अत्याधुनिक अपाचे हेलिकॉप्टर को ईरान ने निशाना बनाया. दोनों पायलट सुरक्षित हैं, लेकिन अमेरिका को इस हमले का जवाब देना होगा.’

इसके बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने घोषणा की कि राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ ‘आत्मरक्षा में जवाबी हमले’ शुरू किए. सेंटकॉम के अनुसार अमेरिकी वायुसेना और नौसेना के लड़ाकू विमानों ने होर्मुज के पास ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशनों और रडार ठिकानों पर सटीक हमले किए.

ईरान का पलटवार, 21 अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा

अमेरिकी कार्रवाई के कुछ घंटे बाद आईआरजीसी ने जवाबी हमलों की घोषणा की. ईरानी समाचार एजेंसी आईएसएनए के मुताबिक, आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने क्षेत्र में 21 अमेरिकी वायु और नौसैनिक ठिकानों को निशाना बनाया.

आईआरजीसी का कहना है कि जॉर्डन के अल-अजराक स्थित अमेरिकी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा मुवाफ्फाक साल्ती एयरबेस पर भी मिसाइल हमला किया गया. ईरान ने यह भी दावा किया कि एफ-35 लड़ाकू विमानों के हैंगरों को निशाना बनाकर नष्ट किया गया.

इसके साथ ही कुवैत में अली अल सलेम एयरबेस पर भी ईरानी हमले का दावा किया जा रहा है. बहरीन में भी ईरानी मिसाइल या ड्रोन हमले का अंदेशा जताया गया, वहां पर सायरन की आवाज सुनाई दी. वहीं ईरान ने अपने जाम शहर में अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को भी मार गिराने का दावा किया है.

बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय पर ड्रोन हमला

ईरानी मीडिया के अनुसार आईआरजीसी नौसेना ने स्थानीय समयानुसार रात करीब 2:30 बजे बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के मुख्यालय पर ड्रोन हमला किया. प्रेस टीवी ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बहरीन और कुवैत में नए धमाकों की भी जानकारी दी और कहा कि अमेरिकी ठिकाने फिर निशाने पर आए.

आईआरजीसी ने दावा किया कि यह कार्रवाई दक्षिणी ईरान के जास्क, सिरिक और केशम क्षेत्रों पर हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में की गई. संगठन के मुताबिक इन हमलों में एक दूरसंचार टावर क्षतिग्रस्त हुआ और दो पानी की टंकियां नष्ट हो गईं.

जॉर्डन ने ईरानी मिसाइलें मार गिराने का दावा किया

दूसरी ओर जॉर्डन की सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई पांच मिसाइलों को अल-अजराक क्षेत्र तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया. सैन्य अधिकारियों के अनुसार मलबा गिरा, लेकिन किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.

जॉर्डन ने कहा कि इंजीनियरिंग और सुरक्षा टीमें घटनास्थलों पर भेजी गई हैं तथा देश की हवाई सीमा की सुरक्षा के लिए सेना पूरी तरह सतर्क है.

बहरीन में बजा एयर रेड सायरन

क्षेत्रीय तनाव के बीच बहरीन में एक घंटे के भीतर दूसरी बार एयर रेड सायरन बजाए गए. बहरीन के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में लोगों से शांत रहने और नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की.

ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक, मुनीर की फौज ने ली 11 मासूम बच्चों सहित 13 अफगानों की जान

ये भी पढ़ें:- इंडियन आर्मी का बड़ा प्लान, ₹23000 करोड़ से 300 K-9 वज्र तोप खरीदने की तैयारी; चीन-पाकिस्तान सीमा पर होंगे तैनात

अमेरिका को ईरान की चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को खाड़ी क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी पर चेतावनी देते हुए कहा, ‘हमारी सशस्त्र सेनाएं किसी भी हमले या खतरे का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ेंगी. यदि सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हमारे क्षेत्र से निकल जाएं.’

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने ‘युद्धक्षेत्र में मिली हार के बावजूद ईरान के संकल्प को परखने की कोशिश की है.’

क्षेत्रीय संकट और गहराया

यह टकराव ऐसे समय में बढ़ा है जब ईरान और इजरायल के बीच भी संघर्ष तेज है. हाल के दिनों में ईरानी बुनियादी ढांचे और इजरायली सैन्य ठिकानों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं. वहीं 8 अप्रैल को लागू हुए सीजफायर के बाद पहली बार, अमेरिका और ईरान के बीच इतनी बड़ी झड़प हुई है. ऐसे में खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >