Iran Denies Pakistan Visit: ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में होने वाली कथित गुप्त बातचीत को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. ईरान की सरकारी मीडिया ने उन अंतरराष्ट्रीय खबरों को पूरी तरह गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि ईरानी अधिकारी बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचे हैं.
ईरान की न्यूज एजेंसी ‘तसनीम’ और सरकारी ब्रॉडकास्टर ‘प्रेस टीवी’ ने शुक्रवार को साफ किया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालीबाफ ईरान में ही हैं. उन्होंने देश छोड़कर पाकिस्तान जाने की खबरों को झूठा बताया है. ईरान की ‘फार्स न्यूज एजेंसी’ ने भी ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया. ईरान का कहना है कि जब तक लेबनान में इजरायली हमले नहीं रुकते और अमेरिका युद्धविराम का वादा पूरा नहीं करता, तब तक कोई बातचीत नहीं होगी.
पाकिस्तान में हाई अलर्ट और तैयारी
ईरान के इनकार के बावजूद पाकिस्तान इस बैठक की तैयारी में जुटा है. पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस्लामाबाद आने वाले डेलिगेट्स और पत्रकारों के लिए वीजा नियमों में ढील दी गई है. ‘डॉन’ अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी इस्लामाबाद को रेड-अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा के लिए 10,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि ये बातचीत कब शुरू होगी.
इजरायल और पाकिस्तान के बीच जुबानी जंग
इस बीच, इजरायल ने पाकिस्तान के मध्यस्थ (मीडिएटर) बनने की कोशिशों पर नाराजगी जताई है. अमेरिका में इजरायली दूत येचिएल लेइटर ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयानों की आलोचना की. इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी सख्त लहजे में कहा कि पाकिस्तान एक तरफ शांति की बात कर रहा है और दूसरी तरफ इजरायल के खत्म होने की दुआ कर रहा है.
विवाद की वजह बना ख्वाजा आसिफ का पोस्ट
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक्स पर एक विवादित पोस्ट किया था. उन्होंने इजरायल को ‘मानवता के लिए अभिशाप’ बताया और आरोप लगाया कि जब इस्लामाबाद में शांति की बात हो रही है, तब इजरायल लेबनान में नरसंहार कर रहा है. उन्होंने इजरायल को ‘कैंसर’ जैसा राज्य भी कहा.
ये भी पढ़ें: शांति वार्ता के लिए जेडी वेंस पाकिस्तान रवाना, 11 अप्रैल को हो सकती है ईरान के साथ बातचीत
इस बयान के बाद शांति वार्ताओं पर संकट गहरा गया है. इससे पहले पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने दावा किया था कि लेबनान भी शांति समझौते का हिस्सा है, जिसे डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू ने खारिज कर दिया था.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी रक्षामंत्री के ‘कैंसर’ वाले बयान से भड़का इजराइल, पीएम नेतन्याहू ने दिया जवाब
