तुर्की की ओर बढ़ रहा था ईरान का मिसाइल, नाटो ने समंदर में कर दिया दफन

अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है. सोमवार को ईरान ने तुर्की की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिसे नाटो की वायु रक्षा प्रणाली ने तुर्की के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही इंटरसेप्ट कर दिया. मिसाइल को समुद्र के ऊपर नष्ट कर दिया गया.

Iran Attack: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव है. तेहरान की ओर से यूएई, सउदी अरब, तुर्की समेत कई देशों पर हमला हो रहा है. सोमवार (9 मार्च) को भी ईरान की ओर से तुर्की की तरफ एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई. तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि नाटो की वायु रक्षा प्रणालियों ने देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर चुकी इस बैलिस्टिक मिसाइल को रास्ते में ही गिरा दिया है. मंत्रालय ने बताया कि ईरान-इजराइल युद्ध शुरू होने के बाद दूसरा ऐसा मामला है जब तुर्की की ओर मिसाइल दागी गई है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद से ईरान ने क्षेत्र के कई देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं, जिसके चलते क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.

समुद्र में गिरा मिसाइल का मलबा

तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरान से दागी गई मिसाइल तुर्की की ओर तेजी बढ़ रही थी, लेकिन नाटो की वायु रक्षा प्रणाली ने बीच रास्ते में ही रोक दिया. नाटो के लड़ाकू विमानों और मिसाइल रक्षा तंत्र ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मिसाइल को समुद्र के ऊपर ही इंटरसेप्ट कर उसका मलबा समुद्र में दफन कर दिया.

ईरान ने दी हमले तेज करने की धमकी

ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल का युद्ध समय के साथ तेज होता जा रहा है. युद्ध 10 दिनों से जारी है. इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों पर हमले तेज करने की धमकी दी है. इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत करते हुए कहा था कि उन्होंने ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों को निशाना बनाने और सरकार को गिराने की कोशिश करने के लिए हमले किए हैं. इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए. इस युद्ध का व्यापक पैमाने पर असर दिख रहा है, वैश्विक बाजार हिल गए हैं, हवाई यात्रा बाधित हुई है और इजराइली और अमेरिकी हवाई हमलों से ईरान का नेतृत्व कमजोर हो गया है.

जल रहा है ईरान! कई ठिकानों पर बमबारी

पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिका और इजराइल की भयंकर बमबारी जारी है. इजराइल के हमले में ईरान का एक तेल भंडारण में आग लग गई. इजराइल की सेना ने पुष्टि की कि उसने तेहरान में ईंधन भंडारण केंद्रों पर हमला किया है. बीते 10 दिनों की लड़ाई में पहली बार किसी असैन्य औद्योगिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाया गया है. ईरान की सरकारी मीडिया ने तेहरान और उत्तर में प्रांतों को आपूर्ति करने वाले इस केंद्र पर हमलों के लिए ‘अमेरिका और यहूदी शासन’ को जिम्मेदार ठहराया है.

कब्र में जाएंगे समर्पण की बात कहने वाले- ईरान

अमेरिका और इजराइल से जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा सपना है, जिसे मांग करने वालों को अपने साथ कब्र में ले जाना चाहिए. ईरान की नेतृत्व परिषद के सदस्य और कट्टरपंथी न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसिनी-एजेई ने भी साफ कर दिया है कि क्षेत्र के कुछ देशों के ठिकानों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किया जा रहा है और इन लक्ष्यों पर हमले जारी रहेंगे. पेजेश्कियान के इस बयान के तुरंत बाद ट्रंप ने भी ईरान को धमकी देते हुए कहा कि युद्ध के दौरान और भी ईरानी अधिकारी निशाने पर आ सकते हैं.

कब खत्म होगी जंग?

पश्चिम एशिया में ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के हमले लगातार जारी हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि युद्ध के अगले चरण में कई चौंकाने वाले कदम उठाए जा सकते हैं. दूसरी ओर, ईरान ने भी हमले तेज करने की धमकी दी है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस 10 दिन पुराने सैन्य अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प जताया है, जिसका असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिल रहा है. मौजूदा हालात को देखते हुए फिलहाल इस युद्ध के जल्द खत्म होने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं. (भाषा इनपुट)

Also Read: क्या है क्लस्टर बम? ईरान के इस हथियार से कांप उठा है इजरायल, आयरन डोम भी कन्फ्यूज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >