US Ban TikTok, WeChat : ट्रम्प ने टिकटॉक, वीचैट पर प्रतिबंध लगाने के कार्यकारी आदेश पर किये हस्ताक्षर

US Ban TikTok, WeChat, TikTok, Donald Trump, US, China, Bytedance: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने टिकटॉक और वीचैट जैसी लोकप्रिय चीनी ऐप्लीकेशन पर प्रतिबंध लगाने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किये और उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा एवं देश की अर्थव्यवस्था के लिए खतरा बताया. ट्रम्प ने दो अलग-अलग कार्यकारी आदेशों में कहा कि प्रतिबंध 45 दिन में लागू होगा.

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने टिकटॉक और वीचैट जैसी लोकप्रिय चीनी ऐप्लीकेशन पर प्रतिबंध लगाने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किये और उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा एवं देश की अर्थव्यवस्था के लिए खतरा बताया. ट्रम्प ने दो अलग-अलग कार्यकारी आदेशों में कहा कि प्रतिबंध 45 दिन में लागू होगा.

उल्लेखनीय है कि भारत टिकटॉक और वीचैट पर प्रतिबंध लगाने वाला पहला देश है. भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए यह प्रतिबंध लगाया था. भारत ने 106 चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया है. भारत के इस कदम का ट्रम्प प्रशासन और अमेरिकी सांसदों ने स्वागत किया था.

ट्रम्प ने कांग्रेस को भेजी शासकीय सूचना में कहा कि चीन की कंपनियों द्वारा विकसित एवं उनके मालिकाना हक वाली मोबाइल ऐप का अमेरिका में प्रसार राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति एवं देश की अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है. उन्होंने कहा, इस समय खासकर एक मोबाइल ऐप टिकटॉक से निपटने के लिए आदेश दिया गया है.

Also Read: Tiktok, Helo, SHAREit के लाइट वर्जन सहित 47 और ऐप को मोदी सरकार ने किया बैन

ट्रम्प ने कहा कि चीन की कंपनी बाइटडांस लिमिटेड के मालिकाना हक वाली वीडियो साझा करने वाली मोबाइल ऐप्लीकेशन टिकटॉक अपने उपयोगकर्ताओं की काफी जानकारी हासिल कर लेती है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस डेटा संग्रह से ‘चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी’ की अमेरिकियों की निजी जानकारी तक पहुंच होने का खतरा पैदा होता है, जिससे संघीय कर्मियों एवं ठेकेदारों पर नजर रखने में चीन सक्षम हो सकता है, उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए निजी सूचना एकत्र कर सकता है और कॉरपोरेट जासूसी कर सकता है.

राष्ट्रपति ने कहा कि टिकटॉक उस सामग्री को भी कथित रूप से सेंसर करता है, जिसे चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी राजनीतिक रूप से संवेदनशील समझती है, जैसे कि हांगकांग में प्रदर्शनों संबंधी सामग्री और उइगर एवं अन्य मुस्लिम अल्पसंख्यकों के साथ चीन के व्यवहार से जुड़ी सामग्री को हटा दिया जाता है.

उन्होंने कहा कि टिकटॉक का इस्तेमाल चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी को लाभ पहुंचाने वाली दुष्प्रचार मुहिमों के लिए भी किया जा सकता है. ट्रम्प ने कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए इस आदेश के तहत आज से 45 दिन बाद इस ऐप्लीकेशन पर प्रतिबंध लागू हो जाएगा.

Also Read: TikTok Returns: भारत में इसी हफ्ते होगी टिकटॉक की वापसी?

ट्रम्प ने एक अन्य कार्यकारी आदेश में कहा कि ऐसा बताया जाता है कि चीनी कंपनी टेंसेंट होल्डिंग्स लिमिटेड के मालिकाना हक वाली संदेश भेजने वाली, सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक भुगतान संबंधी ऐप ‘वीचैट’ के अमेरिका समेत दुनियाभर में एक अरब से अधिक उपयोगकर्ता हैं.

उन्होंने कहा, टिकटॉक की तरह वीचैट ऐप भी अपने उपयोगकर्ताओं की बड़ी जानकारी हासिल कर लेती है, जिससे चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी के अमेरिकियों की निजी जानकारी तक पहुंच होने का खतरा पैदा होता है. ट्रम्प ने कहा कि वीचैट ऐप अमेरिका आने वाले चीनी नागरिकों पर नजर रख सकती है, जिससे चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी को उन चीनी नागरिकों पर नजर रखने की अनुमति मिलती है, जो अपने जीवन में पहली बार स्वतंत्र समाज के लाभ का आनंद ले रहे होते हैं.

अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, टिकटॉक की तरह वीचैट ऐप भी कथित रूप से उस जानकारी को हटा देती है, जो चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी को राजनीतिक रूप से संवेदनशील लगती है और इसका इस्तेमाल पार्टी को लाभ पहुंचाने वाली दुष्प्रचार मुहिमों के लिए किया जा सकता है. अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने हाल में टिकटॉक पर आरोप लगाया था कि वह अमेरिकियों की निजी जानकारी को एकत्र कर रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Published by: Prabhat Khabar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >