बांग्लादेश के चटगांव में सैन्य अभ्यास के दौरान एक टैंक से फायरिंग करते समय बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में बांग्लादेश सेना के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा बुधवार, 9 सितंबर को हाटहजारी फील्ड फायरिंग रेंज में हुआ.
बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टरेट (ISPR) के मुताबिक, फील्ड फायरिंग अभ्यास के दौरान एक टैंक से गोलाबारी की जा रही थी. इसी दौरान अचानक दुर्घटना हो गई. घायल अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाया जा रहा है. ISPR ने कहा है कि हादसे की वजह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान की जंग में फंसा पाकिस्तान, ईरान का साथ छोड़े तो पड़ोसी नाराज, अमेरिका से दूरी बनाए तो बढ़ेगी मुश्किल
China-made Type 59 टैंक में हुआ हादसा?
India Today और कुछ अन्य रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में शामिल टैंक चीन मूल का Type 59 था. यह टैंक बांग्लादेश सेना के इस्तेमाल में रहा है. हालांकि, बांग्लादेश के आधिकारिक बयान में टैंक के मॉडल या उसके चीन निर्मित होने की जानकारी नहीं दी गई है.
हादसे की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं है. ISPR ने सिर्फ इतना कहा है कि घटना के कारण का पता लगाने के लिए जरूरी कार्रवाई चल रही है. इसलिए टैंक की तकनीकी खराबी, गोला-बारूद या किसी अन्य वजह को फिलहाल हादसे का कारण बताना जल्दबाजी होगी.
